दुबई से दबोचा गया ‘कमल कौर भाभी’ हत्याकांड का मास्टरमाइंड अमृतपाल मेहरों, हत्या कर कार में लाश फेंक हुआ था फरार

पंजाब की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ 'कमल कौर भाभी' हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को दुबई से गिरफ्तार कर भारत लाया गया है. वह हत्या के बाद देश छोड़कर फरार हो गया था.

कमल कौर भाभी हत्याकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

(Image Source:  X-@Gagan4344 )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 10 April 2026 5:41 PM IST

पंजाब की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ ‘कमल कौर भाभी’ हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है. इस मामले के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को दुबई से गिरफ्तार कर भारत लाया गया है. हत्या के बाद वह देश छोड़कर फरार हो गया था और लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.

जांच के मुताबिक, कंचन कुमारी की गला घोंटकर हत्या की गई थी और उनकी लाश बठिंडा में एक कार में छोड़ दी गई थी. अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि इस सनसनीखेज मामले में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं.

दुबई से गिरफ्तार अमृतपाल सिंह

जानकारी के मुताबिक, अमृतपाल सिंह मेहरों को मिडिल ईस्ट (यूएई) से पकड़कर पंजाब लाया गया है. यूएई की एजेंसियों ने उसे डिपोर्ट करने के बाद पंजाब पुलिस की टीम को सौंप दिया. इस कार्रवाई में काउंटर इंटेलिजेंस की टीम भी शामिल रही.

हत्या के बाद फरार हुआ था आरोपी

मेहरों जून 2025 में हुई हत्या के बाद दुबई भाग गया था. पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था और 7 फरवरी को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया. इसके अलावा, इंटरपोल के जरिए उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था.

क्या है पूरा मामला?

30 साल की कंचन कुमारी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर थी, जो इंटरनेट पर कमल कौर भाभी के नाम से फेमस थीं. 9 जून 2025 को मृत पाई गई थीं. उनका शव बठिंडा के एक पार्किंग एरिया में खड़ी लावारिस कार से मिला था. जांच में सामने आया कि उनकी गला घोंटकर हत्या की गई थी.

पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों जसप्रीत सिंह (मोगा) और निमरतजीत सिंह (तरनतारन) को गिरफ्तार कर चुकी है. इन दोनों ने पूछताछ में बताया था कि उन्होंने कंचन की हत्या इसलिए की क्योंकि उनके कंटेंट से समुदाय की भावनाएं आहत हो रही थीं.

आरोपी का वीडियो भी आया था सामने

हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मेहरों कथित तौर पर यह कहता नजर आया कि कंचन की हत्या उसके साथियों ने की है. उसने अन्य सोशल मीडिया क्रिएटर्स को भी “आपत्तिजनक कंटेंट” न बनाने की चेतावनी दी थी. पुलिस के अनुसार, अमृतपाल सिंह मेहरों खुद को एक कट्टरपंथी नेता के रूप में पेश करता था. वह पंजाब की दो अन्य महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी धमकी देने के आरोप में शामिल रहा है.


Similar News