महाशिवरात्रि 2026: चार अलग-अलग देशों से आए महाकालेश्वर मंदिर को सजाने के लिए विदेशी फूल, होंगे 44 घंटे के दर्शन
महाशिवरात्रि पर उज्जैन के महाकाल मंदिर में 44 घंटे लगातार दर्शन का विशेष प्रबंध किया गया है. करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना के बीच प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं.;
उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि का त्योहार बहुत ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. पूरा मंदिर भक्ति और श्रद्धा की खुशबू से महक रहा है. इस बार मंदिर की सजावट इतनी शानदार की गई है कि देखते ही बनती है. बेंगलुरु से खास तौर पर 200 कलाकार आए हैं, जिन्होंने मंदिर को बहुत सुंदर तरीके से सजाया है. उन्होंने दक्षिण भारत के प्रसिद्ध नटराज मंदिर की थीम पर सजावट की है.
इसके लिए वे 40 से ज्यादा तरह के विदेशी फूल इस्तेमाल कर रहे हैं. ये फूल सिंगापुर, हांगकांग, स्विट्जरलैंड और इंडोनेशिया जैसे देशों से मंगवाए गए हैं. कलाकारों ने पिछले तीन दिनों से लगातार मेहनत करके मंदिर के गर्भगृह, नंदी हॉल, द्वार और दूसरे हिस्सों को फूलों से सजाया है. टीम के लीडर कृष्णमूर्ति रेड्डी ने बताया कि यह सजावट बाबा महाकाल के दरबार को और भी दिव्य और आकर्षक बना रही है.
कितने घंटे मिलेंगे दर्शन?
इसके अलावा मंदिर के आंगन और परिसर में भव्य रंगोली भी बनाई गई है. उज्जैन के पंकज सेहरा और उनकी टीम, साथ ही इंदौर के केशव शर्मा ने अपनी कला से रंग-बिरंगी और मनमोहक रंगोली तैयार की है. ये रंगोलियां फूलों की सजावट के साथ मिलकर पूरा मंदिर परिसर रोशनी और रंगों से जगमगा उठा है. महाशिवरात्रि के मौके पर भक्तों को लगातार 44 घंटे तक बाबा महाकाल के दर्शन मिलेंगे. मंदिर के पट 15 फरवरी की रात 2:30 बजे खोल दिए गए हैं और ये 16 फरवरी की रात 11 बजे तक खुले रहेंगे.
दर्शन का पूरा कार्यक्रम कुछ इस तरह है:
रात 2:30 बजे से दर्शन शुरू
रविवार सुबह 4:30 बजे से फिर दर्शन का सिलसिला
सुबह में जलधारा अर्पित हुई
सुबह 7:30 बजे बाल भोग और 10:30 बजे भोग आरती
दोपहर 12 बजे तहसील की पूजा
शाम 4 बजे होलकर और सिंधिया स्टेट की ओर से विशेष पूजा
रात 11 बजे से महानिषाकाल महापूजा शुरू होगी, जो पूरी रात चलेगी
16 फरवरी सुबह 4 बजे भगवान के सिर पर फल, फूल और सप्तधान्य से बना मुकुट सजाया गया
दोपहर 12 बजे भस्म आरती होगी
10 लाख श्रद्धालु
प्रशासन का अनुमान है कि इस बार महाशिवरात्रि पर करीब 10 लाख श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करने आएंगे. इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है. सामान्य दर्शन के लिए लोगों को लगभग 40 मिनट में दर्शन हो जाएंगे. जो लोग जल्दी दर्शन चाहते हैं, वे 250 रुपये का टिकट लेकर 25 मिनट में दर्शन कर सकते हैं.