इंदौर में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 7 जिंदा जले- आख़िर Charging के समय किन बातों का रखें ख्याल?

इंदौर में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे शहर को शोक में डुबो दिया है. बंगाली चौराहे के पास स्थित एक रिहायशी इलाके में भीषण आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई है.

Indore Fire

(Image Source:  X/ @Sachingupta )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 18 March 2026 9:02 AM IST

इंदौर में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे शहर को शोक में डुबो दिया है. बंगाली चौराहे के पास स्थित एक रिहायशी इलाके में भीषण आग लगने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है, जबकि 3 लोग गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं. इस हादसे ने स्थानीय प्रशासन को हाई अलर्ट पर ला दिया है और राहत-बचाव कार्य पूरी रात जारी रहे.

घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर पहुंचे अधिकारियों के मुताबिक, आग पर अब काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत की तलाशी अभियान अभी भी जारी है ताकि किसी के फंसे होने की संभावना को खत्म किया जा सके.

हादसे पर क्या बोले डीएम?

जिले के डीएम शिवम वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया "स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास युद्ध स्तर पर जारी हैं. आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है. इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में अब तक छह लोगों की जान चली गई है. हमने मकान की दो मंजिलों को पूरी तरह खाली करा लिया है, टीम अब तीसरी मंजिल की जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वहां कोई और फंसा न हो."

क्या बोले चश्मदीद?

चश्मदीदों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. धुएं और तेज लपटों ने पूरे मकान को कुछ ही समय में घेर लिया. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक हालात बेकाबू हो चुके थे. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं, लेकिन संकरी गलियों और तेज लपटों ने बचाव कार्य को बेहद मुश्किल बना दिया.

कैसे लगी घर में आग?

जांच में सामने आया है कि मकान के बाहर इलेक्ट्रॉनिक कार चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से आग लगी. बताया जा रहा है कि घर के अंदर करीब 15 गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिनमें से कम से कम चार में विस्फोट हुआ. इन धमाकों ने आग को और भी भयावह बना दिया, जिससे नुकसान कई गुना बढ़ गया. सूत्रों के अनुसार, जिस परिवार के घर में यह हादसा हुआ, वहां एक पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था. इसी वजह से कई रिश्तेदार भी घर में मौजूद थे.

चार्जिंग के समय किन बातों का रखें ध्यान?

1. कार को सूखी हवादार और ढकी हुई जगह पर चार्ज करें.

2. बारिश के दौरान या नमी वाली जगह पर बिल्कुल चार्ज न करें.

3. चार्जिंग के दौरान थर्ड-पार्टी चार्जर का उपयोग न करें.

4. चार्जिंग के लिए BIS प्रमाणित चार्जर और केबल का ही उपयोग करें.

5. बैटरी को रोज 100% तक चार्ज न करें.

Similar News