कौन हैं IAS वंदना वैद्य? जिनके फार्महाउस से पकड़े गए जुआरी, 13 लाख कैश बरामद
इंदौर जिले में IAS वंदना वैद्य के फार्महाउस पर पुलिस की छापेमारी के बाद जुआरियों का पर्दाफाशा हुआ. जहां मौके से 18 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा और उनके पास से करीब 13 लाख रुपये से ज्यादा नकद बरामद किया.
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक फार्महाउस पर पुलिस की छापेमारी के बाद बड़ा जुआ कांड सामने आया है. पुलिस ने मौके से 18 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया, जबकि कुछ लोग मौके से फरार हो गए. कार्रवाई के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से करीब 13 लाख रुपये से ज्यादा नकद, मोबाइल फोन और ताश के पत्ते भी बरामद हुए.
यह मामला इसलिए भी चर्चा में आ गया क्योंकि जिस फार्महाउस पर यह कार्रवाई हुई, वह एक आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य के परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है. घटना के सामने आते ही मामला सुर्खियों में आ गया और हर कोई जानना चाहता है कि आखिर वंदना वैद्य कौन हैं.
क्या है मामला?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इंदौर जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर अवलीपुरा गांव स्थित एक फार्महाउस में जुआ खेलने की सूचना मिली थी. इस सूचना के आधार पर मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात पुलिस ने वहां छापा मारा. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 18 लोगों को हिरासत में लिया, जबकि छह लोग मौके से फरार हो गए. आरोपियों के पास से लगभग 13.68 लाख रुपये नकद, 30 मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद किए गए. पुलिस का कहना है कि फार्महाउस का मेन गेट बंद था और अंदर जुआ खेला जा रहा था.
कौन हैं आईएएस वंदना वैद्य?
वंदना वैद्य मध्य प्रदेश कैडर की एक सीनियर आईएएस अधिकारी हैं. इस समय वह राज्य सरकार की फाइनेंस डेवलपमेंट कॉरपोरेशन में मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर काम कर रही हैं. अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं और सरकारी योजनाओं को लागू कराने में भी सक्रिय भूमिका निभाई है. हाल ही में उनका नाम तब चर्चा में आया, जब इंदौर जिले में स्थित एक फार्महाउस से जुड़े जुआ मामले में उनके परिवार की संपत्ति का जिक्र सामने आया.
कौन-कौन हुआ सस्पेंड?
इस घटना के सामने आने के बाद प्रशासन ने भी कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि मनपुर थाने के प्रभारी, इलाके के बीट सब-इंस्पेक्टर और एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर को लापरवाही के कारण सस्पेंड कर दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि लोग फार्महाउस के अंदर कैसे पहुंचे और वहां जुआ खेलने की गतिविधि कब से चल रही थी.