इंदौर में शादी के नाम पर बड़ा धोखा! जिसे 'साला' समझकर घर में दी पनाह, वह निकला पत्नी का पहला पति; 25 तोला जेवर लेकर फरार
इंदौर में एक वकील को शादी के नाम पर बड़ा धोखा मिला. मैट्रिमोनियल साइट से शादी करने वाली महिला अपने पहले पति के साथ मिलकर 25 तोला सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई. पुलिस ने महिला और उसके पहले पति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.
इंदौर में वकील के साथ बड़ा फ्रॉड
(Image Source: Sora_ AI )Indore Matrimonial Fraud Case: मध्य प्रदेश के इंदौर में सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक वकील को शादी के नाम पर ऐसा धोखा मिला कि वह जिंदगी भर नहीं भूल पाएगा. मामला खुड़ैल थाना क्षेत्र का है. वकील ने मैट्रिमोनियल साइट के जरिए निर्मला सेंगर नाम की महिला से शादी की और उसे अपने घर में रहने की जगह दी. शुरुआत में सब सामान्य लगा, लेकिन कुछ समय बाद महिला ने घर में आने वाले एक युवक को अपना 'भाई' बताया.
वकील ने उस युवक पर भरोसा किया और उसे परिवार का सदस्य मान लिया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद महिला अचानक गायब हो गई. अलमारी की जांच करने पर करीब 25 तोला सोने-चांदी के जेवर भी गायब पाए गए.
जांच में क्या सामने आया?
जब वकील ने मामले की तहकीकात की, तो सच सामने आया. वह युवक, जिसे रिश्तेदार बताया गया, असल में शुभम सेंगर था. उसकी 2024 में ही निर्मला से शादी हो चुकी है. पुलिस ने महिला और उसके पहले पति के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है.
डीएसपी नितिन सिंह ने क्या कहा?
डीएसपी नितिन सिंह के अनुसार, महिला कानपुर की रहने वाली है, जबकि शुभम सेंगर इंदौर का निवासी है. पुलिस का मानना है कि दोनों ने पहले से ही शादी का झांसा देकर ठगी करने की योजना बनाई थी. यह घटना शादी और मैट्रिमोनियल साइट्स में ठगी की गंभीर चेतावनी के रूप में देखी जा रही है.