झारखंड चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की 21 नामों की पहली लिस्ट, इन दिग्गजों पर पार्टी ने खेला दाव
Jharkhand Assembly Election 2024: कांग्रेस ने सोमवार को झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की. इस सूची में प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य अजय कुमार और कुछ अन्य मंत्रियों के नाम शामिल हैं.;
Jharkhand Assembly Election 2024: कांग्रेस ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. इस सूची में 21 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है. जिसमें जमशेदपुर पूर्व अजय कुमार को टिकट दिया है वह राज्य के कांग्रेस अध्यक्ष भी रह चुके हैं. लोहरदगा से रामेश्वर उरांव को टिकट दिया है. झरिया से पूर्णिमा नीरज सिंह, जमशेदपुर वेस्ट से बन्ना गुप्ता और बेरमो से जयमंगल सिंह को टिकट दिया गया है. कांग्रेस ने जामताड़ा से इरफान अंसारी को टिकट दिया है. वहीं, महगामा से दीपिका पांडे सिंह प्रत्याशी बनाया है.
झारखंड में मतदान दो चरणों में होगा पहला चरण 13 को दूसरा 20 नवंबर को है और वोटों की गिनती 23 नवंबर को होनी है. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को घोषणा की कि इंडिया गठबंधन झारखंड विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ेगा और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस राज्य विधानसभा की 81 में से 70 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे.
साल 2019 के विधानसभा चुनाव में UPA (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) के हिस्से के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 81 सदस्यीय विधानसभा में 43 सीटों, कांग्रेस 31 सीटों और राष्ट्रीय जनता दल ने 7 सीटों पर चुनाव लड़ा था. UPA ने भाजपा की 25 सीटों के मुकाबले 47 सीटें जीतकर हासिल की.
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस घोषणा पर नाराजगी जताते हुए रविवार को कहा कि उसे 12 से कम सीटें स्वीकार्य नहीं होंगी. आरजेडी ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर उसे अकेले चुनावी मैदान में उतरना पड़ा, तो वह इंडिया गठबंधन की संभावनाओं को नुकसान नहीं पहुंचाएगी. झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम), कांग्रेस और आरजेडी विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) का हिस्सा हैं.