'हताशा या बेचैनी', बंगाल रिजल्ट की चिंताओं को ट्रंप के सामने क्यों उठा रहा विपक्ष, संजय राउत के लेटर का क्या मतलब?

बंगाल में BJP की जीत पर ट्रंप की बधाई से विपक्ष क्यों परेशान है? जानिए संजय राउत के पत्र, ममता की रणनीति और सोशल मीडिया रिएक्शन का पूरा मामला.

By :  धीरेंद्र कुमार मिश्रा
Updated On : 8 May 2026 12:51 PM IST

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी और TMC की करारी हार के बाद विपक्षी खेमे में बेचैनी साफ दिखाई दे रही है. BJP की इस ऐतिहासिक जीत की गूंज सिर्फ देश तक सीमित नहीं रही, बल्कि अमेरिका तक सुनाई दी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Trump) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए इसे जनता के विश्वास और मजबूत नेतृत्व की जीत बताया. ट्रंप के इस बयान के बाद शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत भड़क गए और उन्होंने इसे भारत के आंतरिक मामले में बाहरी दखल जैसा बताया. संजय राउत के बयान से साफ है कि विपक्ष को सिर्फ हार का दर्द नहीं, बल्कि BJP की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता भी परेशान कर रही है. यही वजह है कि अब चुनावी लड़ाई देश की सीमाओं से निकलकर वैश्विक राजनीतिक विमर्श तक पहुंचती दिख रही है.

ट्रंप को संजय राउत की चिट्ठी कितनी जायज?

संजय राउत ने अपने एक्स पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव भारत का आंतरिक मामला है और किसी विदेशी नेता द्वारा इस पर प्रतिक्रिया देना जल्दबाजी और अनुचित है. उन्होंने पत्र में आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान डर, दबाव और संस्थागत पक्षपात जैसी शिकायतें सामने आईं. राउत ने दावा किया कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठे और केंद्रीय बलों की भारी तैनाती से लोगों में भय का माहौल बना.

उन्होंने लिखा कि लोकतंत्र सिर्फ चुनाव कराने का नाम नहीं, बल्कि स्वतंत्र और निष्पक्ष प्रक्रिया सुनिश्चित करने का भी नाम है. राउत ने ट्रंप से पूछा कि क्या उन्होंने इन आरोपों और चिंताओं पर विचार करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी थी. राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह पत्र सिर्फ ट्रंप के लिए नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर विपक्ष का नैरेटिव स्थापित करने की कोशिश भी माना जा रहा है.

शिवसेना सांसद ने और क्या कहा?

एएनआई से बातचीत में संजय राउत ने कहा कि उन्हें लगता है कि ट्रंप तक जो खबर पहुंची, वह अधूरी या गलत हो सकती है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर कल मोदी ग्राम पंचायत चुनाव भी जीत जाएं, तो क्या ट्रंप, मैक्रों और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर भी उन्हें बधाई देंगे? राउत ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों लोकतांत्रिक देश हैं, लेकिन भारत में लोकतंत्र के नाम पर क्या हो रहा है, यह पूरी दुनिया जानती है.

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, उद्धव ठाकरे और ममता बनर्जी पहले भी चुनावी प्रक्रिया और संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठा चुके हैं. राउत के मुताबिक ट्रंप को “सही जानकारी” देना उनका कर्तव्य था. उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया को यह जानना चाहिए कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में लोकतंत्र के नाम पर क्या चल रहा है. हालांकि उन्होंने यह भी माना कि शायद ट्रंप उनका ट्वीट पढ़ें या न पढ़ें, लेकिन उन्होंने अपना राजनीतिक कर्तव्य निभाया है.

विपक्ष अब कौन सी लड़ाई लड़ने की तैयारी?

संजय राउत ने साफ कहा कि ममता बनर्जी अब राजनीतिक और लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ेंगी और विपक्ष उनके साथ खड़ा रहेगा. उन्होंने दावा किया कि उद्धव ठाकरे की ममता बनर्जी से बातचीत हुई है और देशभर में “लोकतंत्र बचाने” की लड़ाई जारी रहेगी. राउत ने BJP पर आरोप लगाया कि जहां भी उसकी सरकार बनती है, वहां कानून-व्यवस्था अपने आप बिगड़ने लगती है.

तमिलनाडु की राजनीति का जिक्र करते हुए उन्होंने राजभवन को “लोकभवन” बताते हुए आरोप लगाया कि वहां जनता की भावनाओं और वोटों की हत्या होती है. उनका कहना था कि जिस पार्टी के पास बहुमत हो, सरकार बनाने के लिए पहले उसी को बुलाया जाना चाहिए, लेकिन कई राज्यों में संवैधानिक परंपराओं को नजरअंदाज किया जा रहा है. राजनीतिक तौर पर देखा जाए तो विपक्ष अब बंगाल की हार को सिर्फ एक चुनावी हार नहीं, बल्कि लोकतंत्र बनाम सत्ता की लड़ाई के तौर पर पेश करने की रणनीति पर काम करता दिख रहा है.

सोशल मीडिया पर संजय राउत का मजाक क्यों उड़ रहा?

संजय राउत के बयान और ट्रंप को लिखे पत्र के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना और मजाक उड़ाया जा रहा है. कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि एक क्षेत्रीय दल के नेता द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति को “नसीहत” देना कितना व्यावहारिक है. एक यूजर ने लिखा, “अब संजय राउत जैसे नेता ट्रंप को लोकतंत्र समझाएंगे?” वहीं दूसरे यूजर अजय अनुगु ने लिखा, “एक जन्मजात हारा हुआ इंसान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाषण दे रहा है. पहले गली का चुनाव जीतना सीखो.”

सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे विपक्ष की “हताशा” और “खिसियाहट” बताया. BJP समर्थकों का कहना है कि बंगाल में मिली बड़ी जीत को विपक्ष पचा नहीं पा रहा, इसलिए अब विदेशी नेताओं की प्रतिक्रियाओं पर भी आपत्ति जताई जा रही है. वहीं विपक्ष समर्थक इसे लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने का अधिकार बता रहे हैं. कुल मिलाकर, ट्रंप की बधाई और राउत की प्रतिक्रिया ने बंगाल चुनाव को अंतरराष्ट्रीय बहस का हिस्सा बना दिया है.

Similar News