सूरजकुंड मेले में जान गंवाने वाले SHO जगदीश प्रसाद कौन? खुद की प्रवाह किए बिना ऐसे बचा गए कई जिंदगियां
फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले में इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की जान चली गई. झूला गिरने के बाद जगदीश प्रसाद ने लोगों की जान बचाने की कोशिश की थी.;
हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक झूला अचानक गिर पड़ा. मेले में मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हादसा हो गया और खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया. इस दर्दनाक दुर्घटना में एक पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से ज्यादा लोग घायल हो गए.
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि ‘सुनामी झूला’ ऊपर से नीचे आते वक्त संतुलन खो बैठता है और जोर से गिर जाता है. हादसे के बाद मेला ग्राउंड में भगदड़ मच गई और सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को खाली करा लिया गया.
कौन थे जगदीश प्रसाद?
इस हादसे में जान गंवाने वाले पुलिस इंस्पेक्टर की पहचान जगदीश प्रसाद के रूप में हुई है. वे पलवल जिले के चांदहट थाना के SHO के पद पर तैनात थे. दुखद बात यह है कि उनके रिटायरमेंट में महज कुछ ही सप्ताह बाकी थे. इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद 31 मार्च 2026 को रिटायर होने वाले थे.
इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा के रहने वाले थे. 31 जनवरी 2026 को उन्हें सूरजकुंड मेले में सुरक्षा ड्यूटी के लिए तैनात किया गया था. ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे में उनकी जान चली गई, जिससे पुलिस विभाग और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई.
झूले पर कितने लोग थे सवार?
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय सुनामी झूले पर कुल 18 लोग सवार थे. झूला अचानक टूटकर नीचे गिर गया और रेलिंग में अटक गया. इसके चलते कई लोग झूले में फंसे रह गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे. हादसे के वक्त मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने पूरी घटना का आंखों देखा हाल बताया.
उन्होंने कहा "जब वे कस्टमर अटेंड कर रहे थे. तभी शाम सवा 6 बजे अचानक झूला गिर गया और रेलिंग में अटक गया. अटके हुए झूले पर लोग चिल्लाने लग गए. वे लोगों को बचाने के लिए झूले पर चढ़ गए और धीरे-धीरे 7 से 8 लोगों को नीचे उतार लिया. इसके बाद वे भी नीचे आ गए."
हादसे में घायल हुए 12 लोगों को तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पतालों और बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने पूरे मेला ग्राउंड को खाली करा दिया. हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
DGP अजय सिंघल ने क्या की घोषणा?
इस हादसे को लेकर हरियाणा के DGP अजय सिंघल ने बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने शहीद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. इसके साथ ही विभागीय नियमों के तहत मिलने वाले सभी लाभ परिवार को देने की भी बात कही गई है.