फरीदाबाद में सड़क पर रास्ता देने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया. आरोप है कि दिल्ली पुलिस के एक ASI के 26 वर्षीय बेटे ने मामूली कहासुनी के बाद दो सगे भाइयों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. इस हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी मौके पर काफी देर तक हथियार लेकर खड़ा रहा और परिवार के लोगों के पहुंचने के बाद वहां से फरार हो गया.

यह घटना गुरुवार रात करीब 9:30 बजे फरीदाबाद की भारत कॉलोनी में हुई. घायल भाइयों की पहचान 27 वर्षीय प्रशांत जांगड़ा और 23 वर्षीय प्रिंस के रूप में हुई है. दोनों को सीने और गर्दन में गोली लगी है. उन्हें सेक्टर-21A स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रशांत ICU में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं, जबकि प्रिंस को वेंटिलेटर पर रखा गया है.

किस बात पर हुआ विवाद?

जानकारी के मुताबिक, प्रशांत की पत्नी ने चार दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया था. इसी खुशी में परिवार में एक कार्यक्रम रखा गया था. गुरुवार रात प्रशांत अपने छोटे भाई प्रिंस, चचेरे भाई पीयूष और साले तुषार के साथ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे रिश्तेदारों को स्टेशन से लाना था. वे घर से महज 100 से 150 मीटर की दूरी पर ही पहुंचे थे कि सामने से एक मारुति सुजुकी ब्रेजा कार आ गई. इस कार को 26 वर्षीय जसवंत चला रहा था. पतली गली होने की वजह से दोनों गाड़ियां आमने-सामने आ गईं और निकलने के लिए ज्यादा जगह नहीं बची.

पीयूष के मुताबिक, प्रशांत अपनी कार चला रहा था. उसने सामने से आ रही गाड़ी के ड्राइवर को हेडलाइट जलाकर संकेत दिया कि गली में दोनों गाड़ियों के एक साथ निकलने की जगह नहीं है. इसके बावजूद जसवंत अपनी कार आगे बढ़ाता रहा और दोनों वाहन आमने-सामने रुक गए. आरोप है कि इसके बाद जसवंत अपनी कार से रिवॉल्वर लेकर बाहर निकला और गाली-गलौज करने लगा. इस दौरान दोनों भाई और उनके साथ मौजूद लोग भी अपनी गाड़ी से बाहर आ गए. प्रशांत ने अपने पिता को फोन करके बताया कि सामने वाला व्यक्ति हथियार दिखाकर उन्हें धमका रहा है.

किस बात से नाराज था आरोपी?

पीयूष ने बताया कि आरोपी इस बात से नाराज था कि उसे पहले निकलने का रास्ता नहीं दिया गया. उसने अपनी शिकायत में पूरी घटना का जिक्र करते हुए कहा "फिर वह बिना किसी उकसावे के अपनी रिवॉल्वर लेकर अपनी कार से बाहर आया. प्रशांत ने उससे पास देने के लिए कहा था, लेकिन वह इस बात से नाराज था कि हम उसे पहले जाने नहीं दे सकते." पीयूष ने आगे आरोप लगाया "हालांकि, जैसे ही कॉल कटी, जसवंत ने पास से गोली चला दी और प्रशांत के सीने में गोली मार दी."

क्या गोली चलाकर भाग गया था आरोपी?

पीयूष ने आरोप लगाया कि गोलीबारी के बाद भी जसवंत मौके से नहीं भागा. जब परिवार के अन्य सदस्य घटनास्थल पर पहुंचने लगे, तब भी वह हाथ में हथियार लेकर वहीं मौजूद था. पीयूष के मुताबिक, आरोपी ने परिवार के लोगों को चुनौती देते हुए कहा "उसने हमें ताना मारा कि हम अपनी पूरी कोशिश कर लें, लेकिन उसे कुछ नहीं होगा."

क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी के मुताबिक, दोनों घायलों को सबसे पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया था. हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों को किसी दूसरे अस्पताल में ले जाने की सलाह दी. इसके बाद दोनों भाइयों को एम्बुलेंस से सेक्टर-21A स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया.

कौन है आरोपी जसवंत?

फरीदाबाद पुलिस ने आरोपी की पहचान भारत कॉलोनी निवासी जसवंत के रूप में की है. वह दिल्ली पुलिस में तैनात एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर का बेटा है. पुलिस के अनुसार, जसवंत फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर काम करता है. उसके पास हथियार रखने का लाइसेंस भी है. पुलिस ने शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया. पीयूष की शिकायत के आधार पर शुक्रवार को खेड़ी पुल पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.