Begin typing your search...
चाकू-डंडे से हमला, दांतों से काटा और फिर गला दबाने का किया प्रयास; बेटे के नाम जमीन न करने पर भड़की पत्नी ने कार से पति को मारी टक्कर: 10 Points
सोनीपत में बेटे के नाम जमीन कराने के विवाद में एक महिला ने अपनी पति पर चाकू और डंडे से हमला कर दिया. शिकायत के मुताबिक, पत्नी ने पति को दांतों से काटा, गला दबाने की कोशिश की और बच्चे को बचाने पर कार से टक्कर मार दी. मेडिकल रिपोर्ट में पांच चोटें दर्ज हुई हैं. ब
सोनीपत जिले में जमीन को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद हिंसक हो गया. आरोप है कि बेटे के नाम जमीन कराने से इनकार करने पर पत्नी ने पति पर चाकू और डंडे से हमला कर दिया. इतना ही नहीं, दांतों से काटा और गला दबाकर जान लेने की कोशिश भी की.
घटना 9 नवंबर की बताई जा रही है. पति नवीन कुमार अपने बच्चे के साथ मंदिर से घर लौटा था, तभी पत्नी ने उस पर हमला कर दिया. आरोप है कि बच्चे को बचाने की कोशिश करने पर पत्नी ने कार से भी उसे टक्कर मार दी. घायल नवीन को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पत्नी कनिका चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
अब 10 पॉइंट्स में समझिए पूरा मामला
- जमीन को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद: सोनीपत के एल्डिको काउंटी में रहने वाले नवीन कुमार और उनकी पत्नी कनिका राणा के बीच प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था. नवीन के मुताबिक, उसकी पत्नी बेटे के नाम जमीन करवाना चाहती थी. वह इसके लिए लगातार दबाव बना रही थी, लेकिन नवीन ने अपने पिता की जमीन बेटे के नाम करने से इनकार कर दिया था.
- 4 एकड़ जमीन बेचकर खरीदा था एल्डिको में फ्लैट: नवीन ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी कनिका मूल रूप से समालखा की रहने वाली है. दोनों एल्डिको काउंटी के एक फ्लैट में साथ रहते हैं. नवीन के मामा के गांव गढ़ी सिसाना में उनकी जमीन थी. उसने वहां की करीब 4 एकड़ जमीन बेचकर एल्डिको में फ्लैट खरीदा था और उसे पत्नी कनिका के नाम करवा दिया था.
- पत्नी के पैतृक घर को नीलामी से बचाने का भी दावा: नवीन के अनुसार, जनवरी में उसकी पत्नी कनिका का पैतृक घर नीलाम होने वाला था. उस समय उसने आर्थिक मदद करके घर को नीलामी से बचाया था. नवीन का दावा है कि पत्नी को उसकी संपत्ति और पिता की जमीन के बारे में जानकारी थी. इसी वजह से वह जमीन बेटे के नाम कराने का दबाव बना रही थी.
- जमीन के विवाद के बीच भेजा गया तलाक का नोटिस: नवीन ने बताया कि बेटे के नाम जमीन कराने को लेकर दोनों के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी. विवाद इतना बढ़ गया कि उसने कानूनी रास्ता अपनाने का फैसला किया. उसके मुताबिक, 8 नवंबर को उसे द्वारका कोर्ट से तलाक का नोटिस भेजा गया था. इसके अगले ही दिन यानी 9 नवंबर को उस पर हमले की घटना हुई.
- मंदिर से बच्चे के साथ घर लौटा था नवीन: नवीन ने अपनी शिकायत में बताया कि 9 नवंबर को वह अपने बच्चे तन्विक राणा के साथ अर्धनारीश्वर मंदिर गया था. वहां से लौटने के बाद वह बच्चे को लेकर फ्लैट में ऊपर जा रहा था. इसी दौरान पत्नी कनिका चौधरी ने दरवाजा खोला और कथित तौर पर अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया.
- चाकू से कंधे और पेट के पास किया हमला: नवीन के मुताबिक, पत्नी ने उस पर चाकू से कई वार किए. हमले में उसके कंधे और पेट के आसपास चोटें आईं और वह नीचे गिर गया. अचानक हुए इस हमले के बाद उसने खुद को बचाने और वहां से निकलने की कोशिश की. हालांकि, पत्नी ने उसे घर से बाहर जाने नहीं दिया.
- दांतों से काटा, डंडे से पीटा और गला दबाने की कोशिश: शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने वहां से भागने की कोशिश की तो पत्नी ने उसे रोक लिया. इस दौरान उसके हाथ पर दांतों से काटा और डंडे से भी हमला किया. नवीन ने पुलिस को बताया कि पत्नी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और गला दबाकर हत्या करने की कोशिश भी की. किसी तरह वह वहां से निकलकर नीचे की ओर भागा.
- बच्चे को ले जाने लगी पत्नी, बचाने पर कार से मारी टक्कर: नवीन ने आरोप लगाया कि हमले के बाद पत्नी बच्चे को अपने साथ ले जाने लगी. जब उसने बच्चे को बचाने के लिए आगे बढ़कर रोकने की कोशिश की तो पत्नी ने तेज रफ्तार से कार चलाकर उसे टक्कर मार दी. इस घटना में नवीन को और चोटें आईं. एक पारिवारिक विवाद के बीच बच्चे को लेकर भी तनाव की स्थिति बन गई.
- अस्पताल में हुआ इलाज, डॉक्टरों ने लगाए टांके: कार की टक्कर और पहले हुए हमले में घायल नवीन को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने उसका मेडिकल परीक्षण किया और MLR (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) तैयार की. नवीन के कंधे और पेट के आसपास लगी चोटों पर टांके लगाए गए. मेडिकल रिपोर्ट में डॉक्टरों ने कुल पांच चोटें दर्ज की हैं.
- पुलिस ने पत्नी के खिलाफ तीन धाराओं में दर्ज किया केस: बहालगढ़ थाना पुलिस ने नवीन की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कनिका चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, महिला पर चोट पहुंचाने, रास्ता रोकने और धमकी देने से संबंधित तीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. हमले से जुड़े सभी आरोप शिकायतकर्ता के बयान पर आधारित हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर होगी.




