बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा के परिवार के साथ बड़ा हादसा, पिता से मारपीट-कार से तोड़फोड़, भयावह है Video

दिल्ली में बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा के परिवार पर रोडरेज के दौरान हमला हुआ, जिसमें उनके पिता घायल हो गए. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और जांच जारी है.

कथावाचक अभिनव अरोड़ा पर जानलेवा हमला
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 10 April 2026 10:00 AM IST

उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन में बाल कथावाचक के रूप में जाने जाते वाले अभिनव अरोड़ा पर जानलेवा हमला कर दिया गया. यह घटना 7 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे दिल्ली के तिलक नगर इलाके में घटी.  अभिनव अरोड़ा अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर जा रहे थे. अचानक कुछ लोगों की भीड़ ने उनकी कार को घेर लिया. भीड़ वाले लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर डंडों से कार पर जमकर हमला बोल दिया. उन्होंने कार के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए. इस दौरान कार के अंदर बैठे परिवार के सदस्य डर के मारे जोर-जोर से चीख रहे थे.

वीडियो में साफ दिख रहा है कि जैसे ही कार का आगे का शीशा तोड़ा गया, अंदर बैठी एक महिला की भयानक चीख सुनाई दी, जो पूरे माहौल की भयावहता को और बढ़ा रही थी. अभिनव अरोड़ा के पिता तरुण राज अरोड़ा ने बताया कि हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला किया, जिसकी वजह से उन्हें चोटें आईं. हमलावरों का कहना था कि उनकी कार से एक छोटे बच्चे के पैर में चोट लग गई है. इसी छोटी सी बात पर विवाद शुरू हुआ और कुछ ही देर में यह विवाद इतना बढ़ गया कि लोग हिंसक हो गए और मारपीट शुरू हो गई.

तीन आरोपी गिरफ्तार 

घटना की खबर मिलते ही दिल्ली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने इस मामले को रोडरेज का केस दर्ज किया. शुरुआती जांच में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया. बाद में दो आरोपियों को तिहाड़ जेल भी भेज दिया गया है. पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को ध्यान से देख रही है ताकि सभी हमलावरों की सही पहचान हो सके और पूरी घटना की सच्चाई सामने आ सके. बड़ी बात यह है कि अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने जांच करके पुष्टि कर दी कि उस बच्चे को किसी भी तरह की गंभीर चोट नहीं लगी थी.

घायल हुए अभिनव के पिता 

सिर्फ मारपीट में अभिनव के पिता तरुण राज अरोड़ा घायल हुए थे, जिनका इलाज भी किया गया. इस घटना के बाद अभिनव अरोड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हमले का वीडियो शेयर किया और एक बहुत इमोशनल पोस्ट लिखा. उन्होंने लिखा, 'जलते घर को देखने वालो, फूस का छप्पर आपका है… उसके कत्ल पे मैं भी चुप था, अब मेरा नंबर आया… मेरे कत्ल पे आप भी चुप हैं, अगला नंबर आपका है.' यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो गया और लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं.

क्या लिखा अभिनव ने पोस्ट में?

अभिनव अरोड़ा ने अपने पोस्ट में यह भी साफ-साफ कहा कि इस घटना को किसी भी धर्म या समुदाय से जोड़ना बिल्कुल गलत होगा. उन्होंने लिखा कि वे सिख धर्म का पूरा सम्मान करते हैं. यह हमला कुछ व्यक्तियों की गलत हरकतों का नतीजा है, न कि किसी पूरे समुदाय की सोच का. दिल्ली पुलिस ने कहा है कि इस मामले की गंभीरता से जांच चल रही है. सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. 

Similar News