Abhinav Arora के परिवार पर हमला, कार के साथ जमकर तोड़-फोड़, पिता ने बताई पूरी घटना, क्या बाल कथावाचक भी थे साथ?

तिलक नगर में बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा के परिवार की कार पर हमला कर दिया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पिता तरुण अरोड़ा ने बताया कि बच्चे को कोई चोट नहीं लगी थी, फिर भी परिवार पर हिंसक हमला किया गया.

तरुण अरोड़ा ने बताया कैसे हुआ था हमला!(Image Source:  Instagram: abhinavaroraofficial )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 10 April 2026 10:04 AM IST

बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा (Abhinav Arora) और उनके पूरे परिवार पर एक परिवार के सदस्यों ने हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार को घेर लिया और नुकीले हथियारों तथा पत्थरों से कार पर जमकर हमला किया. उस समय परिवार के लोगों के लिए अपनी जान बचाना बहुत मुश्किल हो गया था.

इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है. वीडियो में अभिनव अरोड़ा अपने पिता के साथ कार के अंदर बैठे दिख रहे हैं. अब इस मामले पर अभिनव अरोड़ा के पिता तरुण राज अरोड़ा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बताया कि उस वक्त असल में क्या हुआ था. 

पिता तरुण अरोड़ा ने बताया क्या हुआ था?

तरुण राज अरोड़ा ने कहा, 'गुरुवार रात करीब 10 बजे मैं अपनी भतीजी को हॉस्टल छोड़कर घर की ओर वापस आ रहे थे. तिलक नगर में मेरी कार एक खड़ी बुलेट बाइक को हल्का-सा टच कर गई. उस बाइक के पास एक छोटा बच्चा खड़ा था. बच्चे की मां को लगा कि हमारी गाड़ी से बच्चे को चोट लग गई है. लेकिन बाद में जब सीसीटीवी फुटेज देखी गई तो साफ पता चला कि गाड़ी और बच्चे के बीच करीब एक मीटर की दूरी थी. बच्चे को बिल्कुल भी चोट नहीं लगी थी.'

एक-एक कर के करने लगे हमला 

उन्होंने आगे बताया, 'वहां कुल छह लोगों का परिवार था. वे लोग एक-एक करके आते गए और हमारी गाड़ी पर हमला करने लगे. मैंने गाड़ी को पीछे ले जाने की कोशिश की, तभी एक महिला बहुत गाली-गलौज और अभद्र भाषा बोलने लगी. उसके बाद पूरे परिवार ने नुकीले हथियारों और पत्थरों से हमारी कार पर हमला शुरू कर दिया. उस पल हमें अपनी और परिवार की जान बचाना बहुत मुश्किल लग रहा था. हमने तुरंत गाड़ी के सभी दरवाजे लॉक कर लिए और 112 पर पुलिस को फोन कर दिया.' 

पुलिस की मदद से परिवार सुरक्षित निकला

तरुण अरोड़ा ने कहा, 'कुछ ही मिनटों में एक पीसीआर वैन आ गई जिसमें सिर्फ दो पुलिस वाले थे. उन लोगों के लिए इतने उग्र हो चुके हमलावरों को संभालना मुश्किल हो रहा था. इसलिए उन्होंने और पुलिस फोर्स बुलाई. उसके बाद चार-पांच और पुलिस वाले वहां पहुंच गए.  दिल्ली पुलिस का हम बहुत आभारी हैं. उन्होंने हमें वहां से सुरक्षित बाहर निकाला और पूरा परिवार का मेडिकल चेकअप भी कराया.'

मेडिकल रिपोर्ट में क्या निकला?

मेडिकल जांच में तरुण अरोड़ा का अल्कोहल लेवल जीरो प्रतिशत पाया गया. जिस बच्चे के पैर टूटने की अफवाह फैलाई जा रही थी, उसकी भी पूरी जांच हुई. रिपोर्ट में बच्चा पूरी तरह ठीक निकला. उसके शरीर पर एक भी खरोंच या चोट का निशान नहीं था. 

क्या किसी ने की साजिश 

तरुण अरोड़ा ने कहा, 'मेरा मानना है कि इसके पीछे कोई साजिश भी हो सकती है. अगर साजिश नहीं भी है, तो भी हमें यह सोचना चाहिए कि हमारा समाज कहां जा रहा है. एक सभ्य समाज हमेशा धैर्य और समझदारी से चलता है। बिना सोचे-समझे इतना गुस्सा और हिंसा करना ठीक नहीं है.' 

Similar News