'पीछे हटे तो छोड़ूंगा नहीं...', SP संकेत कुमार ने पुलिसकर्मियों को दी धमकी! फिर पटना में छात्रों को दौड़ाया- VIDEO VIRAL
पटना में 22 जुलाई को नीट पेपर लीक और दिल्ली में छात्रों की पिटाई को लेकर प्रदर्शन देखने को मिला. देखते ही देखते प्रदर्शन में बवाल मच गया और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. इस दौरान SP संकेत कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
SP Sanket Kumar Viral Video
(Image Source: X/ @PriyanshuVoice )देश के अलग-अलग राज्यों में अब नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठने लगी है. जहां दिल्ली में पिछले कई दिनों से छात्र जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट कर रहे हैं तो वहीं बुधवार को बिहार की राजधानी पटना में छात्रों का विरोध प्रदर्शन देखने मिला. इतना ही नहीं पुलिस ने बवाल को रोकने के लिए पटना में भी लाठियां बरसाई.
प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधीक्षक (SP) संकेत कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. वीडियो में वह अपने पुलिसकर्मियों धमकाते हुए निर्देश देते दिखाई देते हैं. उनके बयान और उसके बाद की कार्रवाई ने पूरे घटनाक्रम को चर्चा का विषय बना दिया है.
क्यों वायरल हो रहा SP का वीडियो?
पटना में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो पूरे दिन सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा. वीडियो में माहौल बेहद तनावपूर्ण दिखाई देता है. प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं, जबकि पुलिस उन्हें रोकने के लिए मोर्चा संभाले रहती है.
इसी दौरान SP संकेत कुमार पुलिसकर्मियों के बीच पहुंचते हैं और ऊंची आवाज में कहते हैं "पीछे हटे तो नौकरी करने के लायक नहीं छोड़ूंगा." इसके तुरंत बाद वे सबसे आगे बढ़ते हैं और पुलिस टीम के साथ प्रदर्शनकारियों की ओर दौड़ पड़ते हैं. वीडियो का यही हिस्सा सबसे अधिक साझा किया जा रहा है.
क्यों हुआ पटना में बवाल?
पटना के जेपी गोलंबर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) समेत कई छात्र संगठनों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन की शुरुआत शांतिपूर्ण तरीके से हुई, लेकिन कुछ समय बाद हालात बदलने लगे. प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने लगे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी.
जब प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने लगे, तब पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया.