नीतीश कुमार की फिसली ज़ुबान, मखाना को कह बैठे पखाना; वीडियो वायरल
नीतीश कुमार की बिहार असेंबली में ज़ुबान फिसल गई और वह मखाना को पखाना कह बैठे. इस दौरान उनकी पार्टी के नेता भी उन्हें टोकते नजर आए.;
Nitish Kumar Speech: बिहार के सीएम नीतीश कुमार का सदन में दिया गया भाषण काफी वायरल हो रहा है. वीडियो में वह मखाना को पखाना कहते दिख रहे हैं. दरअसल, नीतीश कुमार राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान स्पीच दे रहे थे, इसी दौरान उनसे ये गलती हुई.
नीतीश कुमार सरकार के जरिए आने वाले दिनों में किए जाने वाले कामों का जिक्र कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने मखाना को पखाना कह दिया. बिहार के सीएम ने कहा कि पखाना (मखाना), डेरी और मछली पालन के क्षेत्र में खास ज़ोर दिया जाएगा.
नीतीश की जुबान फिसलने पर मंत्रियों ने क्या कहा?
इस दौरान उनके मंत्री उसे रोकते हैं और उनके जरिए की गई गलती को सुधारने के लिए कहते हैं. नीतीश कुमार का ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है. नीतीश आगे कहते हैं राज्य में उज्ज्वल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज खोला जाएगा. इसके साथ ही एक नए एजुकेशन सिटी का निर्माण किया गया है.
तेजस्वी यादव को क्यों हड़काया?
अपने भाषण के दौरान नीतीश कुमार आरजेडी चीफ तेजस्वी यादव को हड़काते हुए भी दिखाई दिए. दरअसल नीतीश कुमार उनके भाषण के बीच में उठकर बोलने लगे, ये बात उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आई और उन्होंने कहा कि तुम्हारा बाप मेरे वक्त का ही है... नीचे बैठ जाओ. इस दौरान दोनों के बीच तीखी नोक-झोक देखने को मिली. हालांकि कुछ सेकेंड बाद तेजस्वी बैठ गए और नीतीश ने फिर से सरकार के काम गिनाने शुरू कर दिए.
चिकित्सा सेवाओं पर क्या बोले नीतीश कुमार?
नीतीश कुमार ने वादा किया कि आने वाले वक्त में चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर करने के लिए जिला और प्रखंड के अस्पतालों को विशिष्ट सेवा केंद्र बनाया जाएगा. राज्य में निजी अस्पतालों के स्थापना के लिए प्रोस्ताहित किया जाएगा. इसके साथ ही सरकार डॉक्टर निजी तौर पर काम न करें, इसके लिए नीति लाई जाएगी.
महिला सशक्तिकरण पर क्या बोले नीतीश कुमार?
अपने भाषण के दौरान सीएम ने बताया कि उनकी सरकार ने महिलाओं के लिए भी काम किया है. उन्होंने कहा कि दस-दस हजार की राशि महिलाओं को दी गई, ताकि वह अपने पैरों पर खड़े हो सकें. आगे भी दो लाख रुपया दिया जाएगा. नीतीश कुमार ने आगे कहा कि आगे कि आने वाले सालों में बिहार विकसित राज्यों में शामिल होगा और इस वीज़न को केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है.