BPSC AEDO Recruitment Updates: परीक्षा की तिथियां जारी, 3 चरणों में होगा एग्जाम, कब होगा कौन सा पेपर?
बिहार लोक सेवा आयोग ने AEDO 2026 परीक्षा का डिटेल शेड्यूल जारी कर दिया है. 935 पदों के लिए 14 अप्रैल से तीन चरणों में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी.
बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सहायक शिक्षा विकास अधिकारी (AEDO) भर्ती परीक्षा 2026 की तिथियों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. 935 पदों को भरने के लिए यह परीक्षा अब अप्रैल 2026 में तीन चरणों में आयोजित की जाएगी. ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए यह समय अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने और परीक्षा रणनीति मजबूत करने का है.
BPSC की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार लिखित परीक्षा अप्रैल 2026 में राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा तीन चरणों में होगी और प्रत्येक चरण में अभ्यर्थियों की योग्यता का मूल्यांकन वस्तुनिष्ठ (Objective) प्रश्नपत्रों के माध्यम से किया जाएगा.
सहायक शिक्षा विकास अधिकारी (AEDO) भर्ती परीक्षा 2026 का मकसद बिहार में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के कुल 935 रिक्त पदों को भरना है. पहले इस परीक्षा का आयोजन जनवरी में किया जाना था, जिसका संशोधन कर अप्रैल 2026 में किया जाएगा.
BPSC AEDO परीक्षा कब से शुरू होगी?
BPSC AEDO लिखित परीक्षा का पहला चरण 14 अप्रैल 2026 से शुरू होगा. एडमिट कार्ड परीक्षा शुरू होने के 7 से 10 दिन पहले आयोग की ओर से जारी होगा.
परीक्षा का तरीका?
AEDO परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी के पास मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से बैचलर होना अनिवार्य है. लिखित परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित किया जाएगा. सामान्य भाषा, सामान्य योग्यता, सामान्य अध्ययन (General Language, General Studies, General Aptitude) के प्रश्न पूछे जाएंगे. सभी पेपर में प्रश्न वस्तुनिष्ठ (Objective Type) होंगे. सामान्य भाषा विषय में उत्तीर्ण होना सभी के लिए अनिवार्य होगा. अन्य विषयों में न्यूनतम निर्धारित अंक प्राप्त करना जरूरी है.
परीक्षा कितने चरणों में होगी?
यह परीक्षा कुल तीन चरणों में आयोजित की जाएगी. पहला चरण 14 और 15 अप्रैल 2026, दूसरा चरण 17 और 18 अप्रैल 2026 और तीसरा चरण 20 और 21 अप्रैल 2026 को. हर चरण में निर्धारित विषयों की परीक्षा दो-दो दिनों में आयोजित होगी. हर चरण में परीक्षा हर दिन दो सत्रों में आयोजित की जाएगी. पहले सत्र में का समय सुबह 10 बजे से 12 बजे और दूसरे सत्र का समय 2.30 बजे से 4.30 तय किया गया है.
BPSC AEDO Exam क्या है?
बीपीएससी सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) परीक्षा बिहार राज्य में शैक्षिक प्रशासकों की भर्ती के लिए आयोजित एक राज्य स्तरीय परीक्षा है. जिसका आयोजन बिहार संघ लोक सेवा आयोग द्वारा किया जाता है. AEDO का कार्य बिहार भर में शैक्षिक विकास कार्यक्रमों की योजना बनाना, उन्हें लागू करना और उनकी निगरानी करना होता है.
किस आधार पर होगा चयन?
BPSC AEDO 2026 भर्ती प्रक्रिया मुख्य रूप से लिखित परीक्षा पर आधारित है. लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तैयार की जाएगी. चयनित उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के लिए बुलाया जाएगा. अभ्यर्थियों को सत्यापण के दौरान शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, जाति प्रमाण पत्र आदि मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे. आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सा परीक्षण (Medical Test) भी कराया जा सकता है. वर्तमान भर्ती पैटर्न के अनुसार साक्षात्कार (Interview) का प्रावधान नहीं है.
अभ्यर्थियों के लिए किन बातों का ध्यान रखना जरूरी?
सभी अभ्यर्थी एडमिट कार्ड समय पर डाउनलोड करें. परीक्षा केंद्र और तिथि की पुष्टि करें. पहचान पत्र साथ रखें. परीक्षा से जुड़ी आधिकारिक सूचना केवल BPSC की वेबसाइट से ही लें. BPSC AEDO 2026 परीक्षा की तिथियों की घोषणा के साथ ही अभ्यर्थियों के लिए तैयारी को अंतिम रूप देने का समय आ गया है. ऐसे में उम्मीदवारों को विषयवार रणनीति बनाकर तैयारी तेज करनी चाहिए, ताकि अंतिम चयन सूची में जगह सुनिश्चित की जा सके.