बिहार में युवाओं के लिए रोजगार की सौगात: 45000 अटेंडेंट पदों पर भर्ती, चयन का क्या है तरीका?
बिहार शिक्षा विभाग में 45,000 परिचारी (अटेंडेंट) के पदों पर भर्ती की घोषणा की गई है. 10वीं पास उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर होगा.;
बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. शिक्षा विभाग में 45,000 परिचारी (अटेंडेंट) पदों पर भर्ती का ऐलान किया गया है, जिससे राज्यभर के 10वीं पास अभ्यर्थियों को बड़ा अवसर मिलेगा. बजट सत्र के दौरान की गई इस घोषणा ने रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं में नई उम्मीद जगा दी है. अब सभी की नजर आधिकारिक नोटिफिकेशन और चयन प्रक्रिया की डिटेल्स पर टिकी है, क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में वैकेंसी लंबे समय बाद सामने आई है.
बिहार शिक्षा विभाग में 45,000 पदों पर भर्ती का ऐलान
बिहार के शिक्षा मंत्री Sunil Kumar ने बजट सत्र के दौरान शिक्षा विभाग में 45,000 परिचारी (अटेंडेंट) पदों पर भर्ती की घोषणा की है. सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह बड़ी खबर मानी जा रही है. यह भर्ती प्रक्रिया बिहार स्टाफ सलेक्शन कमीशन (BSSC) के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी.
किन पदों पर होगी भर्ती?
शिक्षा विभाग में परिचारी (Attendant) के कुल 45,000 रिक्त पदों को भरा जाएगा. ये नियुक्तियां राज्य के विभिन्न स्कूलों और संस्थानों में की जाएंगी.
अटेंडेंट पद के लिए शैक्षणिक योग्यता क्या है?
अटेंडेंट यानी परिचारी पदों पर आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिक (10वीं) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. विस्तृत पात्रता शर्तें आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट की जाएंगी.
आयु सीमा क्या निर्धारित की गई है?
अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 37 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
अटेंडेंट की भर्ती कैसे?
चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी. पहले लिखित परीक्षा और उसके बाद दस्तावेज सत्यापन होगा. लिखित परीक्षा में निर्धारित कटऑफ अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को अगले चरण में बुलाया जाएगा. अंतिम मेरिट सूची के आधार पर नियुक्ति दी जाएगी.
क्या पदाधिकारी स्तर पर भी भर्ती होगी?
शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक मजबूती के लिए 935 पदाधिकारी पदों पर भी भर्ती की घोषणा की है. इन पदों से संबंधित योग्यता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी अलग से जारी की जाएगी.
युवाओं के लिए क्या है खास?
45,000 पदों पर भर्ती बिहार में सरकारी नौकरी के क्षेत्र में बड़ी पहल मानी जा रही है. 10वीं पास युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर साबित हो सकता है. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद आवेदन से जुड़ी पूरी जानकारी ध्यानपूर्वक पढ़ें और समय पर आवेदन करें.