WPL 2027 Mini Auction: वुमेंस प्रीमियर लीग 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले सभी टीमों ने अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की तस्वीर साफ कर दी है. गुजरात जायंट्स ने सबसे बड़े नाम के तौर पर इंग्लैंड की स्टार बल्लेबाज डैनी वायट-हॉज को रिलीज किया है. उनके अलावा आयुषी सोनी, तितास साधु और शिवानी सिंह को भी टीम ने अगले सीजन के लिए रिटेन नहीं किया.  डैनी वायट-हॉज पिछले सीजन गुजरात जायंट्स की प्लेइंग इलेवन में सिर्फ एक मैच खेल पाई थीं. टीम में वह बेथ मूनी और सोफी डिवाइन के बैकअप ओपनर के तौर पर थीं.

गुजरात जायंट्स के हेड कोच माइकल क्लिंगर के मुताबिक, टीम अब ऑक्शन में किसी दूसरे विदेशी खिलाड़ी और अलग स्किल सेट वाले विकल्प की तलाश करेगी. वायट-हॉज के WPL के दौरान इंग्लैंड की सीरीज में भी व्यस्त रहने की संभावना थी और उनके लिए सिर्फ स्क्वॉड का हिस्सा बने रहने के बजाय नियमित क्रिकेट खेलना प्राथमिकता थी.

गुजरात के पास 3 स्लॉट, पर्स में 1.25 करोड़

रिलीज के बाद गुजरात जायंट्स के पास ऑक्शन में भरने के लिए 3 स्लॉट हैं, जिनमें एक विदेशी खिलाड़ी हो सकता है. टीम के पास 1.25 करोड़ रुपये का पर्स बाकी है. टीम ने एश्ले गार्डनर, बेथ मूनी, जॉर्जिया वेयरहैम, किम गर्थ, सोफी डिवाइन, यास्तिका भाटिया, रेणुका सिंह और राजेश्वरी गायकवाड़ समेत कई प्रमुख खिलाड़ियों को बरकरार रखा है. 

 

मुंबई इंडियंस ने 6 खिलाड़ियों को किया रिलीज

दो बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने 6 खिलाड़ियों को रिलीज किया है. इनमें मिल्ली इलिंगवर्थ, जी कमलिनी, क्रांति रेड्डी, पूनम खेमनार, सायका इशाक और त्रिवेणी वसिष्ठ शामिल हैं। मुंबई के पास ऑक्शन में 7 स्लॉट उपलब्ध हैं, जिनमें एक विदेशी खिलाड़ी का स्लॉट है. हालांकि उसके पर्स में सिर्फ 1 करोड़ रुपये बचे हैं. मुंबई ने अमीलिया केर, हेली मैथ्यूज, नैट साइवर-ब्रंट, निकोला कैरी और हरमनप्रीत कौर जैसे खिलाड़ियों को रिटेन किया है.

 

RCB ने ग्रेस हैरिस समेत 4 खिलाड़ियों को छोड़ा

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने ग्रेस हैरिस, लिंडसे स्मिथ, डी हेमलता और गौतमी नायक को रिलीज किया है. RCB के पास 5 स्लॉट खाली हैं, जिनमें 2 विदेशी खिलाड़ियों के लिए जगह है. टीम के पास 1.15 करोड़ रुपये का पर्स उपलब्ध है. एलिस पेरी, जॉर्जिया वोल, लॉरेन बेल, रिचा घोष और स्मृति मंधाना समेत कई प्रमुख खिलाड़ी टीम के साथ बने हुए हैं.

 

दिल्ली कैपिटल्स के पास 5 स्लॉट

दिल्ली कैपिटल्स ने अलाना किंग, लिजेल ली, स्नेह राणा, तानिया भाटिया, प्रगति सिंह और एडला सृजना को रिलीज किया है. टीम के पास 5 स्लॉट खाली हैं, जिनमें एक विदेशी खिलाड़ी के लिए जगह है. दिल्ली के पर्स में 1.10 करोड़ रुपये बचे हैं. एनाबेल सदरलैंड, लॉरा वोल्वार्ड्ट, मारिजाने कैप, जेमिमा रोड्रिग्स और शेफाली वर्मा जैसे खिलाड़ी रिटेन किए गए हैं. 

 

UP Warriorz के पास सबसे बड़ा पर्स

UP Warriorz ने सबसे ज्यादा 9 खिलाड़ियों को रिलीज किया है. इनमें एमी जोन्स, चार्ली नॉट, क्लो ट्रायोन, डीएंड्रा डॉटिन, आशा शोभना, जी त्रिशा, किरण नवगिरे, श्वेता सहरावत और सुमन मीणा शामिल हैं. UP Warriorz के पास 7 स्लॉट खाली हैं, जिनमें 2 विदेशी खिलाड़ियों के लिए जगह है. टीम के पास 3.65 करोड़ रुपये का सबसे बड़ा पर्स बचा हुआ है. मेग लैनिंग, फोएबे लिचफील्ड, सोफी एक्लेस्टोन, दीप्ति शर्मा और हरलीन देओल जैसे खिलाड़ी टीम में बरकरार हैं.

 

28 अक्टूबर को होगी मिनी ऑक्शन

WPL के पांचवें सीजन का आयोजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक होगा. इसके लिए मिनी ऑक्शन 28 अक्टूबर को कोच्चि में आयोजित किया जाएगा. सभी टीमों के स्क्वॉड में अधिकतम 18 खिलाड़ी हो सकते हैं, जिनमें अधिकतम 6 विदेशी खिलाड़ी शामिल किए जा सकते हैं.

इस बार ऑक्शन में कुल 27 स्लॉट भरे जाने हैं और इनमें अधिकतम 7 विदेशी खिलाड़ियों को जगह मिल सकती है.