भारत से मैच खेलने पर फिर पलटी मारेंगे मोहसिन नकवी? पीसीबी को झेलना पड़े सकता है मुकदमा

अगर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ICC टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेला तो उस पर ब्रॉडकास्टर मुकदमा कर सकता है. क्रिकेट एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि मोहसिन नकवी आखिरी वक्त में फिर फैसला बदल सकते हैं.;

( Image Source:  X/@imimraan )
Edited By :  प्रवीण सिंह
Updated On :

भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) मुश्किल में फंसता नजर आ रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ICC T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार किया, तो उसे आधिकारिक ब्रॉडकास्टर की ओर से मुकदमे का सामना करना पड़ सकता है.

पीसीबी के पिछले रुख को देखते हुए कई क्रिकेट एक्‍सपर्ट यह मान रहे हैं कि जैसा एशिया कप विवाद के दौरान हुआ था, वैसा ही नजारा फिर देखने को मिल सकता है और आखिरी वक्‍त में मोहसिन नकवी फिर पलटी मार सकते हैं और‍ क्रिकेट फैंस को भारत-पाक मुकाबला देखने को मिल सकता है.

क्‍या क्रिकेट में सियासत की कीमत चुकाएगा पाकिस्‍तान?

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि पाकिस्तान सरकार के निर्देश पर टीम इंडिया के खिलाफ मैच नहीं खेलने का फैसला किया गया है. यह फैसला ऐसे समय में आया है जब टूर्नामेंट शुरू होने ही वाला है और भारत-पाक मैच को टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला माना जाता है. ब्रॉडकास्टर्स इस मैच के लिए भारी रकम चुकाते हैं, ऐसे में इस फैसले से क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है. ICC ने PCB से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने और इसके दीर्घकालिक असर को समझने को कहा है. हालांकि, अब तक न तो PCB और न ही पाकिस्तान सरकार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है.

क्‍या मोहसिन नकवी फिर मारेंगे पलटी?

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, “मोहसिन नकवी क्रिकेट प्रशासक से ज्यादा एक राजनेता हैं. उन्हें राष्ट्रीय टीम के भविष्य की ज्यादा चिंता नहीं है. वह अपनी छवि चमकाने की कोशिश कर रहे हैं और 12 फरवरी को होने वाले चुनाव के बाद पलटी मार सकते हैं. भारत के खिलाफ मैच में अभी दो दिन का समय रहेगा और चीजें बदल सकती हैं. नहीं तो पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग किया जा सकता है.”

ब्रॉडकास्टर कर सकता है मुकदमा

रिपोर्ट में बताया गया है कि ICC के हर सदस्य बोर्ड को Members Participation Agreement पर साइन करना होता है, जिसके तहत वे टूर्नामेंट के सभी मैच खेलने के लिए बाध्य होते हैं. इसके अलावा, ICC और आधिकारिक ब्रॉडकास्टर के बीच हुए करार में भी भारत-पाकिस्तान मुकाबला शामिल होता है, जिसके आधार पर ब्रॉडकास्टर बड़ी रकम चुकाता है. ICC और ब्रॉडकास्टर के बीच चार साल का जो करार हुआ है, उसमें भारत-पाक मैच शामिल है. इसी आधार पर भुगतान किया गया है. अगर PCB इस समझौते का उल्लंघन करता है, तो ब्रॉडकास्टर को ICC और PCB दोनों के खिलाफ कोर्ट जाने का पूरा अधिकार होगा.”

आर्थिक नुकसान और अलग-थलग पड़ने का खतरा

अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलता है, तो उसे ICC की ओर से आर्थिक जुर्माना, ब्रॉडकास्टर की ओर से कानूनी कार्रवाई और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अलग-थलग पड़ने जैसे खतरों का सामना करना पड़ सकता है. क्रिकेट एक्‍सपर्ट्स का मानना है कि अंत में PCB को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना पड़ सकता है, क्योंकि भारत-पाक मैच टूर्नामेंट की सबसे बड़ी कमाई का स्रोत होता है.

Similar News