IND vs PAK: BCB ने छोड़ा साथ तो PCB को आई अक्ल! यूं ही नहीं भारत के साथ T20 WC 2026 में खेलने के लिए माना पाकिस्तान
PCB ने अपना रुख बदल लिया है और भारत के खिलाफ मैच खेलने पर सहमति जता दी है. इसके पीछे सबसे बड़ी वजह BCB का अचानक बदला हुआ रुख माना जा रहा है.;
IND vs PAK Match
(Image Source: X/ @bbsrdotcom, @uzayrr4 )T20 World Cup 2026 IND vs PAK : टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर कई दिनों से चल रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा अब थमता नजर आ रहा है. पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में आकर टूर्नामेंट खेलने से इनकार किया, जिसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. इस फैसले से नाराज होकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भी भारत के खिलाफ मैच खेलने से मना कर दिया था, जिससे टूर्नामेंट पर संकट के बादल मंडराने लगे थे.
हालांकि अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपना रुख बदल लिया है और भारत के खिलाफ मैच खेलने पर सहमति जता दी है. इसके पीछे सबसे बड़ी वजह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का अचानक बदला हुआ रुख माना जा रहा है, जो आईसीसी के साथ अहम बैठक के बाद सामने आया.
कैसे बदले बांग्लादेश के सुर?
पाकिस्तान में आईसीसी अधिकारियों, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच एक अहम बैठक हुई. इस मीटिंग के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने न सिर्फ अपना स्टैंड बदला, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से दूरी भी बना ली. बैठक के बाद बीसीबी ने एक आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी कर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का धन्यवाद तो किया, लेकिन साफ संकेत दे दिया कि अब वह अपने पुराने फैसले पर कायम नहीं है.
प्रेस रिलीज में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कहा “बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड हाल की चुनौतियों से निपटने में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल और सभी शामिल लोगों की उनकी पॉजिटिव भूमिका के लिए दिल से तारीफ करता है. खास तौर पर BCB, PCB चेयरमैन मोहसिन रजा नकवी, उनके बोर्ड और पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता है. इस पूरे समय में, PCB ने बहुत अच्छी खेल भावना और एकजुटता दिखाई है.”
BCB प्रेसिडेंट क्या है अपील?
आईसीसी से मीटिंग के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहम्मद अमीनुल इस्लाम के सुर भी पूरी तरह बदलते नजर आए. उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तारीफ करते हुए सार्वजनिक तौर पर एक अहम अपील की. उन्होंने कहा “इस समय में बांग्लादेश को सपोर्ट करने के लिए पाकिस्तान की कोशिशों से हम बहुत खुश हैं. हमारा भाईचारा हमेशा बढ़ता रहे. कल पाकिस्तान के अपने छोटे से दौरे के बाद और हमारी बातचीत के आने वाले नतीजों को देखते हुए, मैं पाकिस्तान से रिक्वेस्ट करता हूं कि वह पूरे क्रिकेट इको सिस्टम के फायदे के लिए 15 फरवरी को भारत के खिलाफ ICC T20 वर्ल्ड कप का मैच खेले.”
कब होगा भारत-पाक मैच?
बीसीबी के इस बदले रुख के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर से दबाव कम हुआ और उसने भी अपना फैसला पलट दिया. सूत्रों के मुताबिक, आईसीसी के हस्तक्षेप और बांग्लादेश के पीछे हटने के बाद पाकिस्तान के पास भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार करने का कोई मजबूत आधार नहीं बचा. अब यह तय माना जा रहा है कि 15 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी होंगी.