संजू सैमसन ने खोला टीम इंडिया की सफलता का राज, आखिर क्या है वो ड्रेसिंग रूम का मूल मंत्र? जिससे भारत जीत रहा लगातार ट्रॉफी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की जीत के हीरो रहे विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने ड्रेसिंग रूम के माहौल और टीम की सफलता का राज खोला है.

sanju samson

(Image Source:  X/ @BCCI )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

टीम इंडिया ने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब पर कब्जा किया. संजू सैमसन ने टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई. नॉकआउट मैचों में उनकी शानदार अर्धशतकीय पारी को सालों साल याद रखा जाएगा. वहीं अब संजू सैमसन ने टीम इंडिया की सफलता के पीछे की असली सोच को लेकर बड़ी बात कही है.

उनका मानना है कि टीम की जीत ही सबसे बड़ी उपलब्धि होती है और खिलाड़ी उसी लक्ष्य के साथ मैदान में उतरते हैं. सैमसन का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारतीय टीम ने हाल ही में टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रचा.

क्या बोले संजू सैमसन?

टी20 विश्व कप के हीरो रहे संजू सैमसन ने स्पष्ट कहा कि भारतीय टीम में व्यक्तिगत रिकॉर्ड या माइलस्टोन को लेकर ज्यादा चर्चा नहीं होती. टीम का पूरा ध्यान मैच जीतने और देश के लिए ट्रॉफी लाने पर होता है.

उन्होंने कहा कि टीम का माहौल ऐसा है जहां हर खिलाड़ी टीम के लिए खेलने को प्राथमिकता देता है. यही कारण है कि भारतीय टीम बड़े टूर्नामेंटों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है.

सैमसन ने कहा कि क्रिकेट में व्यक्तिगत उपलब्धियां महत्वपूर्ण जरूर होती हैं, लेकिन टीम की जीत के सामने उनका महत्व कम हो जाता है. उनका मानना है कि जब पूरी टीम एक लक्ष्य के साथ खेलती है तो नतीजे अपने आप बेहतर हो जाते हैं. टीम प्रबंधन और कोचिंग स्टाफ भी इसी सोच को आगे बढ़ा रहे हैं. भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर भी कई बार कह चुके हैं कि टीम के लिए ट्रॉफी जीतना सबसे महत्वपूर्ण है, न कि किसी खिलाड़ी के व्यक्तिगत रिकॉर्ड.

वर्ल्ड कप में कैसा रहा संजू का प्रदर्शन?

टी20 विश्व कप में संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए टीम इंडिया की जीत में अहम योगदान दिया. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतरीन पारियां खेलीं और कई अहम मैचों में टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. इस टूर्नामेंट में संजू को 5 मैचों में टीम इंडिया की तरफ से खेलने का मौका मिला था.

इन 5 मैचों में कमाल की बल्लेबाजी करते हुए संजू ने 166.33 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए थे. जिसमें 24 छक्के भी शामिल रहे. फाइनल में संजू ने 46 गेंदों पर 89 रनों की शानदार पारी खेली थी. जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल थे. उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए संजू को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया.

Similar News