टी20 क्रिकेट में आज दुनियाभर की टीमें, दिग्गज और फैंस भारतीय टीम का लोहा मान चुके है और माने भी क्यों ना. जिस तरह से आज के समय में भारतीय टीम टी20 क्रिकेट खेल रही है, उसको देखकर ऐसा लगता है अब उनके लिए कुछ संभव है. चाहे कोई टीम इंडिया के सामने 250 रनों का टारगेट रख दें, हम वो भी हासिल कर लेंगे, भारत से बाहर जाकर किसी को सीरीज में हराना हो तो हम वो भी कर लेंगे, पहली गेंद से चौके-छक्कों की बरसात करनी हो तो हमारे खिलाड़ी वो भी कर लेंगे.

ज्यादा नहीं अब से 4 या 5 साल पहले ये सब एक सपने जैसा लगता था, क्योंकि कोई टीम इंडिया से टी20 क्रिकेट में 250 रनों की उम्मीद, पावरप्ले में 100 रन या पहली ही गेंद पर तूफानी बल्लेबाजी की उम्मीद नहीं करता था लेकिन आज ये सब दुनियाभर के क्रिकेट फैंस को देखने के लिए मिल रहा है. आज हम आपको टीम इंडिया की ऐसी 10 चीजों के बारे में जानकारी देने वाले हैं जो कभी सपना लगती थी लेकिन आज सब हकीकत हो रहा है.

कौन सी है वे 10 चीजें?

1. बैक-टू-बैक 2 वर्ल्ड कप

टी20 क्रिकेट के इतिहास में टीम इंडिया इकलौती ऐसी टीम है जिसने लगातार 2 वर्ल्ड कप जीते हैं. जिसकी शुरुआत साल 2024 से हुई थी. रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब अपने नाम किया था. इसके बाद सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता था.

2. बार-बार 250 रन बनाना

आज के टी20 क्रिकेट में मानों टीम इंडिया को 250 रनों की आदत सी हो गई है. चाहे वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल या फाइनल हो, टीम इंडिया के लिए 250 रन बनाना आसान हो गया है. अब तक भारतीय टीम कुल 7 बार 250 का आंकड़ा पार कर चुकी है. जिसमें टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 253 और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 255 रन बनाए थे. अब से 2 साल पहले तक टीम इंडिया 200 रनों के बारे में सिर्फ सोचती थी. 

X/@BCCI

3. 14 ओवर में 200 का टारगेट

जिस 200 रनों के टारगेट को कभी टीम इंडिया के लिए हासिल करना बेहद कठिन माना जाता था, आज भारतीय टीम उसको महज 14 ओवरों में हासिल कर रही है. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के तीसरे मैच में भारत ने 13.2 ओवर में 199 रन बनाकर जीत हासिल कर ली थी और ये कारनामा टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड की धरती पर करके दिखाया है. क्योंकि भारतीय पिचों को तो सपाट कह दिया जाता है.

4. पावरप्ले में 118 रन

पहले अगर टीम इंडिया पावरप्ले में 50 या 60 रन बना लेती थी तो काफी अच्छा माना जाता था, लेकिन आज के दौर में युवा टीम इंडिया पावरप्ले में 100 का आंकड़ा पार कर रही है. अभी तक 2 बार भारतीय टीम ये कारनामा कर चुकी है. पहले सितंबर 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ बिना विकेट गंवाए पावरप्ले के 6 ओवर में 100 रन बनाए थे, वहीं अब न्यूजीलैंड के खिलाफ पावरप्ले में 118 रन बनाए.

5. टॉप-10 की रैंकिंग में 4-5 भारतीय प्लेयर्स

अब से 3 या 4 साल पहले तक आईसीसी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में टीम इंडिया का एक या दो ही खिलाड़ी मुश्किल से देखने के मिलता था, आज इसमें भारतीय बल्लेबाजों का जलवा है. आईसीसी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप-10 में भारत के 4 बल्लेबाज शामिल हैं. जिसमें पहले नंबर पर अभिषेक शर्मा, तीसरे पर ईशान किशन, नौवे पर श्रेयस अय्यर और 10वें पर तिलक वर्मा मौजूद हैं. 

X/@BCCI

6. वैभव जैसा प्लेयर Playing 11 में नहीं

आईपीएल में पिछले 2 सीजन में जिस तरह से 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने दुनियाभर के बड़े से बड़े गेंदबाजों को कूटा है, उसके बाद हर किसी को उम्मीद थी कि वैभव अब लगातार टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में रहने वाले हैं लेकिन ऐसा नहीं हो रहा. भारत ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज खेली थी, जिसके एक भी मैच में उनको मौका नहीं मिला था. अब टीम इंडिया न्यूजीलैंड के साथ खेल रही है, सीरीज के पहले मैच में जब ईशान किशन टीम का हिस्सा थे तो वैभव प्लेइंग इलेवन से बाहर थे. ईशान के न खेलने पर वैभव को मौका मिला. अब ये भी नहीं पता कि अगले मैच ईशान की वापसी पर वैभव टीम का हिस्सा होंगे या नहीं.

7. वर्ल्ड कप विनर कप्तान टीम से बाहर

जी हां ये हर क्रिकेट फैंस के लिए थोड़ा हैरान कर देने वाला रहा. जिस सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने साल 2026 का टी20 वर्ल्ड कप जीता, उनको अगली ही सीरीज में कप्तानी से तो हटाया ही गया बल्कि टीम से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. साल 2024 के वर्ल्ड कप फाइनल में भी सूर्या ने कमाल का कैच पकड़कर जीत में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन अब वे टीम से ही बाहर, जिस पर काफी सवाल भी उठे हैं. क्योंकि वर्ल्ड कप विनर कप्तान को अचानक टीम से ही बाहर कर देना थोड़ा सोचनो पर तो मजबूर करता है.

8. विराट-रोहित का रिटायरमेंट

टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था, हालांकि वे अभी भी आईपीएल में कमाल का प्रदर्शन करते हैं और ऐसा नहीं है कि वे इंटरनेशनल में नहीं खेल सकते थे लेकिन युवा खिलाड़ियों को मौका देने के लिए उनको ऐसा करना पड़ा. हालांकि फैंस उनके रिटायरमेंट के लिए तैयार नहीं थे.

9. अभिषेक शर्मा जैसा प्लेयर

आज हर किसी जुबान पर अभिषेक शर्मा का नाम है और हो भी क्यों ना उन्होंने जिस तरह से टी20 क्रिकेट खेलने का तरीका बदला है हर कोई उनका मुरीद हो गया है. एक समय भारतीय टीम टी20 में भी थोड़ा संभलकर खेलती थी और पहली गेंद से शायद ही कभी कोई बड़ा शॉट खेलने की सोचता था, लेकिन आज अभिषेक चाहे गेंदबाज कोई हो, टीम कोई हो, मैदान कोई हो, पिच भारत की हो या बाहर की पहली गेंद पर बड़ा शॉट लगाना है.

लगभग टी20 में 8 बार पहली गेंद पर अभिषेक बाउंड्री लगा चुके हैं. इसके अलावा अभी तक 150 छक्के उनके बल्ले से देखने को मिले हैं. इसके अलावा 70 मैचों के बाद भी उनका स्ट्राइक रेट लगभग 200 का ही है और वे 4 शतक अब तक टी20 इंटरनेशनल में लगा चुके हैं.

10. साल 2024 के बाद खेला गया क्रिकेट

टी20 वर्ल्ड कप 2024 में टीम इंडिया ने जीत हासिल की थी और उसके बाद फिर टीम इंडिया में कई बदलाव देखने को मिले थे. रोहित, विराट और जडेजा ने संन्यास लिया और युवा खिलाड़ियों को मौका मिला. इसके बाद से टीम इंडिया के खेलने का तरीका ही पूरा तरह से बदल गया. साल 2024 से टीम इंडिया ने टी20 में 200 रन बनाने का सिलसिला शुरू किया. सबसे पहले अक्टूबर 2024 में टीम इंडिया ने बांग्लादेश के खिलाफ 297 रन बनाए थे. इसके बाद इसी साल नवंबर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 283 रन बनाए थे.

जितने भी टीम इंडिया ने 200 या उससे ज्यादा के स्कोर बनाए हैं वो सब साल 2024 के बाद ही बनाए हैं. पहली गेंद से बड़ा शॉट खेलने का तरीका भी साल 2024 के बाद से देखने को मिला. पावरप्ले में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने का सिलसिला भी 2024 के बाद से शुरू हुआ. यानी साल 2024 के बाद से टीम इंडिया ने टी20 क्रिकेट को ही बदलकर रख दिया.