John Campbell Century against West Indies: वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज जॉन कैम्पबेल ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में शतक लगाकर इतिहास रच दिया. कैम्पबेल ने 65 गेंद में सेंचुरी जड़कर रिकार्डो पॉवेल का सिंगापुर में 1999 में भारत के खिलाफ बनाए गए सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया. पॉवेल ने 72 गेंद में शतक जड़ा था, जबकि कैम्पबेल ने महज 65 गेंद में यह कारनामा किया. वे अब भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.

कैम्पबेल 68 गेंद में 101 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें गुरनूर बरार ने नमन धीर के हाथों कैच आउट कराया. कैम्बपेल ने अपनी पारी में 5 छक्के और 9 चौके लगाए.


भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज़ वनडे शतक (गेंदों के आधार पर)

  • 65- जॉन कैम्पबेल, गुवाहाटी, 2026
  • 72- रिकार्डो पॉवेल, सिंगापुर, 1999
  • 73- मार्लन सैमुअल्स, विजयवाड़ा, 2002
  • 74- शिमरन हेटमायर गुवाहाटी, 2018
  • 85- शिमरन हेटमायर, चेन्नई, 2019


WI के लिए सबसे तेज़ ODI शतक (गेंदों के हिसाब से)

  • 45- ब्रायन लारा बनाम बांग्लादेश, ढाका 1999
  • 55- क्रिस गेल बनाम इंग्लैंड, सेंट जॉर्ज 2019
  • 61- एविन लुईस बनाम श्रीलंका, पल्लेकेले 2024
  • 63- निकोलस पूरन बनाम नीदरलैंड, हरारे 2023
  • 65- जॉन कैंपबेल, गुवाहाटी 2026
  • 66- शाई होप बनाम न्यूज़ीलैंड, नेपियर 2025

कैम्पबेल ने दूसरे विकेट के लिए होप के साथ की 110 रन की साझेदारी

कैम्पबेल ने दूसरे विकेट के लिए शाई होप के साथ 79 गेंद में 110 रन की तूफानी साझेदारी की. होप खबर लिखे जाने के समय अर्धशतक बनाकर खेल रहे हैं. वेस्टइंडीज का स्कोर 200 के करीब पहुंच गया है.

मेहमान टीम को पहला झटका कीस कार्टी के रूप में लगा. वे जस्टिन ग्रीव्स के न खेलने की वजह से ओपनिंग करने उतरे थे, लेकिन 9 रन बनाकर आउट हो गए. उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने नमन धीर के हाथों कैच आउट कराया. वेस्टइंडीज को पहला झटका 37 रन पर, जबकि दूसरा झटका 147 रन के स्कोर पर लगा.

कौन हैं जॉन कैम्पबेल?

जॉन कैम्पबेल बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज हैं. उनका जन्म 21 सितंबर 1993 को जमैका में हुआ. उन्होंने 2013 में जमैका के लिए डेब्यू किया था. अक्टूबर 2025 में भारत के खिलाफ टेस्ट में उन्होंने ऐतिहासिक शतक लगाया था. वे लंबे समय बाद भारत में भारत के खिलाफ टेस्ट शतक लगाने वाले वेस्टइंडीज के बल्लेबाज बने थे.


कैम्पबेल ने इस मैच के पहले तक 14 वनडे मैच की 13 पारियों में 32.38 की औसत से 421 रन बनाए थे. इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 1 अर्धशतक जड़ा था. भारत के खिलाफ पिछले मैच में भी उन्होंने 60 गेंद में 62 रन की शानदार पारी खेली थी.

6 साल बाद जड़ा वनडे शतक

जॉन कैम्पबेल ने वनडे में अपना पिछला शतक डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ 5 मई 2019 को बनाया था. उस मैच में उन्होंने 137 गेंद में 179 रन की तूफानी पारी खेली थी.

कैम्पबेल ने वनडे में कब किया डेब्यू?

कैम्पबेल ने वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ 20 फरवरी 2019 को डेब्यू किया था. उस मैच में उन्होंने 28 गेंद में 30 रन बनाए थे.