IND vs PAK : भारतीय हॉकी टीम ने एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर फाइनल में एंट्री कर ली. इसके साथ ही, भारतीय टीम ने एक मेडल पक्का कर लिया. हालांकि, भारत के लिए यह जीत आसान नहीं रही. मैच खत्म होने के 45 सेकंड पहले पूरा गेम पलट गया.

दरअसल, भारत और पाकिस्तान दोनों 3-3 की बराबरी पर थे. मैच खत्म होने से ठीक 45 सेकंड पहले भारतीय टीम की ओर से अभिषेक ने गोल करके मुकाबला 4-4 से अपने नाम कर लिया. भारतीय टीम अब गोल्ड मेडल के लिए खेलेगी, जबकि पाकिस्तान ब्रॉन्ज मेडल के लिए खेलेगी.


फाइनल में किससे भिड़ेगी भारतीय टीम?

फाइनल में भारत का मुकाबला मलेशिया और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा, जबकि पाकिस्तान का मुकाबला इस मैच को हारने वाली टीम से होगा.


भारत ने शुरुआत से ही पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा. भारत शुरुआती चार पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में नाकाम रहा. पांचवें मिनट में टीम की ओर से पहला गोल किया गया. कप्तान हरमनप्रीत ने पेनल्टी लेते हुए पाकिस्तानी गोलकीपर को अली रजा को चकमा देते हुए गोल दाग दिया. हरमनप्रीत ने इसके बाद 13वें मिनट में भी गोल कर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी.

दबाव में आया पाकिस्तान

पाकिस्तान पर काफी दबाव आ गया. सुखजीत ने 23वें मिनट में गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया. तब ऐसा लगा कि भारत आसानी से फाइनल में पहुंच जाएगा... लेकिन तभी पाकिस्तान ने जबरदस्त कमबैक किया. हाफ टाइम से ठीक पहले अबू महमूद ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल दागकर अंतर 1-3 कर दिया. इसके बाद हन्नान शाहिद ने अली गजनफर के पास पर 45वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-3 कर दिया.


फिर बढ़ गया पाकिस्तान का कॉन्फिडेंस

पाकिस्तान का इससे कॉन्फिडेंस बढ़ गया. उसने भारत पर दबाव बनाना शुरू कर दिया. 43वें मिनट में दिलप्रीत को ग्रीन कार्ड दिखाए जाने के बाद भारत को कुछ समय के लिए 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा. पाकिस्तान ने इसका फायदा उठाया और 49वें मिनट में हन्नान के पास पर वहीद राणा ने गोल करके मुकाबला 3-3 से बराबरी पर ला दिया.


खेल के अंतिम पलों में पाकिस्तान ने आक्रामक खेल दिखाया, जबकि भारत डिफेंसिव हो गया. जब मैच खत्म होने में 45 सेकंड बाकी रह गया, तभी अभिषेक ने पाकिस्तानी गोलकीपर को चकमा देते हुए गोल कर भारत को एशियन गेम्स के फाइनल में पहुंचा दिया.