पितरों के तर्पण में कुशा और काले तिल का क्यों होता है इस्तेमाल? जानें श्राद्ध कर्म में इनका महत्व
पितृ तर्पण में कुशा और काले तिल का खास महत्व माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कुशा को बेहद पवित्र माना गया है और इसकी उत्पत्ति भगवान विष्णु के वराह अवतार से जुड़ी बताई जाती है.
पितृ पक्ष में पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान जैसे कर्म किए जाते हैं. इन धार्मिक अनुष्ठानों में कई तरह की सामग्री का प्रयोग होता है, लेकिन कुशा और काले तिल का विशेष महत्व बताया गया है. तर्पण के दौरान कुशा से बनी पवित्री धारण करने और जल में काले तिल मिलाकर अर्पित करने की परंपरा है.
धार्मिक मान्यता है कि इन सामग्रियों के प्रयोग से पितृ कर्म की प्रक्रिया विधिपूर्वक पूरी होती है. आइए जानते हैं तर्पण में कुशा और काले तिल का महत्व.
तर्पण में कुशा का महत्व क्या?
पितृ कर्म में कुशा को बेहद पवित्र माना गया है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, कुशा की उत्पत्ति भगवान विष्णु के वराह अवतार से जुड़ी हुई है. इसी वजह से इसे धार्मिक अनुष्ठानों में विशेष स्थान मिला है. तर्पण करते समय कुशा की पवित्री यानी अंगूठी धारण करने की परंपरा है. मान्यता है कि इससे तर्पण की प्रक्रिया में शुद्धता बनी रहती है. श्राद्ध और पिंडदान जैसे कर्मों में भी कुशा का प्रयोग किया जाता है.
काले तिल का क्या है महत्व?
सनातन परंपरा में काले तिल को भी पवित्र माना गया है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, काले तिल का संबंध भगवान विष्णु से बताया गया है. यही कारण है कि श्राद्ध, तर्पण और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में तिल का इस्तेमाल किया जाता है. पितरों को तर्पण देते समय जल में काले तिल मिलाकर अर्पित करने की परंपरा है. मान्यता है कि इससे पितरों की तृप्ति होती है और उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है.
नकारात्मक प्रभाव से बचाव की मान्यता
धार्मिक मान्यताओं में काले तिल को नकारात्मक प्रभावों से बचाने वाला भी माना गया है. पितृ पक्ष में तर्पण के दौरान जल में काले तिल मिलाकर अर्पित करने से पितृ कर्म में आने वाली बाधाएं दूर होने की मान्यता है. इसी वजह से श्राद्ध और तर्पण में काले तिल का प्रयोग महत्वपूर्ण माना जाता है.
शनि और राहु-केतु से भी संबंध
ज्योतिषीय मान्यताओं में काले तिल का संबंध शनि के साथ राहु और केतु से भी जोड़ा जाता है. मान्यता है कि काले तिल का दान करने और धार्मिक अनुष्ठानों में इसका प्रयोग करने से इन ग्रहों के अशुभ प्रभावों को कम करने में मदद मिल सकती है.
तर्पण में काले तिल कैसे अर्पित करें?
पितरों के तर्पण के दौरान जल में काले तिल मिलाकर उन्हें अर्पित किया जाता है. इसके अलावा पितृ कर्म से जुड़े हवन में काले तिल की आहुति देने की भी परंपरा है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, श्रद्धा और विधि-विधान से किया गया पितृ कर्म पूर्वजों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है.