वास्तु शास्त्र में घर बनाने या खरीदने से पहले जमीन की दिशा और आसपास की स्थिति का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई है. कई बार आपने देखा होगा कि कोई मकान टी-पॉइंट पर बना हुआ होता है. टी-पॉइंट पर बना मकान भी वास्तु की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है. जब कोई सड़क सीधे आकर किसी मकान के सामने खत्म होती है और दूसरी सड़क उसके सामने से होकर दोनों तरफ जाती है, तो इसे टी-पॉइंट कहा जाता है.

वास्तु शास्त्र में ऐसी स्थिति को वीथी शूल या रोड प्रहार दोष से जोड़कर देखा जाता है. हालांकि, हर टी-पॉइंट वाला मकान एक जैसा नहीं माना जाता. वास्तु मान्यताओं के अनुसार सड़क किस दिशा से आ रही है और मकान के किस हिस्से पर उसका प्रभाव पड़ रहा है, इसका भी महत्व होता है.

टी-पॉइंट पर मकान क्यों माना जाता है अशुभ?

वास्तु शास्त्र के अनुसार टी-पॉइंट पर स्थित घर की ओर सड़क से आने वाली ऊर्जा सीधे प्रवेश करती है. इसे घर की सकारात्मक ऊर्जा के संतुलन में बाधा डालने वाला माना जाता है. सड़क पर वाहनों की लगातार आवाजाही और सीधे घर की ओर आने वाला मार्ग भी इस स्थिति को वास्तु की दृष्टि से संवेदनशील बनाता है. मान्यताओं के अनुसार, ऐसे मकान में रहने वाले लोगों को मानसिक तनाव, बेचैनी और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. परिवार में मतभेद, आर्थिक अस्थिरता और कामकाज में रुकावट जैसी स्थितियों को भी इससे जोड़कर देखा जाता है.

किन दिशाओं में टी-पॉइंट को अनुकूल माना जाता है?

वास्तु की कुछ मान्यताओं में हर टी-पॉइंट को अशुभ नहीं माना गया है. सड़क का मुंह और उसका घर पर पड़ने वाला प्रभाव दिशा के अनुसार अलग माना जाता है. उत्तर, उत्तर-पूर्व और पूर्व दिशा से संबंधित टी-पॉइंट को अपेक्षाकृत अनुकूल माना जाता है. वास्तु मान्यताओं के अनुसार ऐसी स्थिति धन, समृद्धि और कार्यक्षेत्र में नए अवसरों से जुड़ी हो सकती है. हालांकि, इसके लिए घर का मुख्य द्वार, कमरों की स्थिति और जमीन की पूरी वास्तु संरचना को भी महत्वपूर्ण माना जाता है.

किन दिशाओं का टी-पॉइंट माना जाता है अशुभ?

वास्तु शास्त्र की मान्यताओं के अनुसार दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम दिशा से आने वाला टी-पॉइंट अपेक्षाकृत प्रतिकूल माना जाता है. ऐसी स्थिति को घर में तनाव, आर्थिक अस्थिरता और पारिवारिक विवाद जैसी समस्याओं से जोड़कर देखा जाता है.कुछ वास्तु मान्यताओं में दक्षिण-पश्चिम दिशा के टी-पॉइंट को विशेष रूप से संवेदनशील माना गया है. इसे परिवार की स्थिरता और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव से भी जोड़ा जाता है.