कितने साल में बदल देना चाहिए पुराना AC? इन 4 साइन से आसान होगा फैसला

गर्मियों में एयर कंडीशनर सिर्फ एक लग्ज़री नहीं बल्कि जरूरत बन चुका है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपका एसी कब तक सही तरीके से काम करेगा? कई लोग सालों तक पुराने AC को चलाते रहते हैं, जबकि वह धीरे-धीरे कमज़ोर और महंगा साबित होने लगता है.

( Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 18 March 2026 4:57 PM IST

मार्च का महीना अभी शुरू ही हुआ और गर्मी ने मई-जून जैसा हाल कर दिया है. ऐसे में बिना एयर कंडीशनर के रहना लगभग नामुमकिन हो जाता है. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि एसी चलाने के बावजूद ठंडी हवा नहीं मिलती, जिससे राहत की जगह परेशानी बढ़ जाती है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सिर्फ सर्विस से काम चल जाएगा या अब एसी बदलने का समय आ गया है?

दरअसल हर एसी की एक तय उम्र होती है, जिसके बाद उसकी परफॉर्मेंस धीरे-धीरे कम होने लगती है. अगर आपका एसी बार-बार खराब हो रहा है, बिजली ज्यादा खा रहा है या ठीक से कूलिंग नहीं कर रहा, तो ये साइन हो सकते हैं कि उसे बदलने का समय आ गया है. कुछ आसान तरीकों से आप जान सकते हैं कि आपका पुराना एसी अब रिप्लेस करना चाहिए या नहीं.

कब खरीदना चाहिए नया एसी?

अगर आपका एसी 10 साल या उससे ज्यादा पुराना हो चुका है, तो अब आपको सावधान हो जाना चाहिए. आमतौर पर एक एसी की लाइफ 10 से 15 साल के बीच होती है, लेकिन यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि आपने उसकी मेंटेनेंस कितनी अच्छी तरह की है. पुराने एसी में समय के साथ पार्ट्स घिसने लगते हैं और उनकी अवेलेबिलिटी भी कम हो जाती है. ऐसे में अगर कोई बड़ा पार्ट खराब हो जाए, तो उसे बदलना मुश्किल या महंगा हो सकता है. इसलिए अगर आपका एसी एक दशक पार कर चुका है, तो नए एसी के लिए प्लानिंग शुरू कर देना समझदारी है.

बार-बार खराब होने का मतलब क्या?

अगर आपका एसी हर सीजन में खराब हो रहा है या बार-बार सर्विस की जरूरत पड़ रही है, तो यह एक बड़ा साइन है. नॉर्मल कंडीशन में रेगुलर सर्विसिंग कराने पर एसी को बार-बार खराब नहीं होना चाहिए. लगातार खराब होने का मतलब है कि मशीन अपनी उम्र पूरी कर चुकी है. साथ ही, हर बार रिपेयरिंग पर खर्च करना लंबे समय में महंगा पड़ता है. कई बार ऐसा होता है कि रिपेयरिंग का खर्च नए एसी की कीमत के करीब पहुंच जाता है. ऐसे में पुराने एसी पर पैसा खर्च करने की बजाय नया एसी लेना ज्यादा फायदेमंद होता है.

कब बढ़ता है एसी से बिजली का बिल?

अगर आपका बिजली बिल अचानक से बढ़ने लगा है और आपने अपनी आदतों में कोई बदलाव नहीं किया है, तो इसका कारण आपका एसी हो सकता है. जैसे-जैसे एसी पुराना होता है, उसकी कूलिंग कैपेसिटी और एनर्जी एफिशिएंसी कम होती जाती है. इसका मतलब है कि वही ठंडक पाने के लिए एसी को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बिजली की खपत बढ़ जाती है. अगर आपको लगातार ज्यादा बिजली बिल मिल रहा है, तो यह साइन है कि आपका एसी अब पहले जैसा असरदार नहीं रहा और उसे बदलना बेहतर रहेगा.

पुराना रेफ्रिजरेंट (R-22 Freon) इस्तेमाल होना

अगर आपका एसी काफी पुराना है, तो वह R-22 फ्रीऑन गैस का इस्तेमाल करता होगा. यह गैस अब एनवायरमेंट के लिए हानिकारक मानी जाती है और कई देशों में इसका प्रोडक्शन बंद किया जा चुका है. इसका सबसे बड़ा नुकसान यह है कि अगर आपका एसी खराब हो जाए और उसमें गैस भरवानी पड़े, तो आपको R-22 आसानी से नहीं मिलेगा या बहुत महंगा मिलेगा. ऐसे में एसी को ठीक कराने के बजाय नया एसी खरीदना ही बेहतर ऑप्शन बन जाता है.



Similar News