क्या नहाने के दौरान जा सकती है जान, जानें कारण से लेकर बचाव तक

क्या आपने कभी सोचा है कि रोज़ का एक नॉर्मल काम, जैसे नहाना भी खतरनाक साबित हो सकता है? कई बार बाथरूम में होने वाली छोटी-छोटी लापरवाहियां बड़े हादसे में बदल जाती हैं, जिनके बारे में लोग पहले से सोच भी नहीं पाते.

( Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 17 March 2026 5:33 PM IST

नहाना हमारी रोज़मर्रा के रूटीन का हिस्सा है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ कंडीशन में नहाते समय जान का खतरा भी हो सकता है? यह सुनने में भले ही चौंकाने वाला लगे, लेकिन कई मामलों में बाथरूम में होने वाली दुर्घटनाएं या अचानक तबीयत बिगड़ने से गंभीर परिणाम सामने आते हैं. खासकर बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए यह जोखिम थोड़ा ज्यादा होता है.

हालांकि घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सही जानकारी और सावधानी अपनाकर इस खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है. चलिए जानते हैं नहाते वक्त किन कारणों से हो सकती है मौत.

नहाते समय जान जाने के कारण

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के मुताबिक,बहुत गर्म पानी से भी नहीं नहाना चाहिए. यह भी जानलेवा हो सकता है. दरअसल बहुत गर्म पानी में अचानक जाने से शरीर पर दबाव बढ़ जाता है. इससे ब्लड प्रेशर तेजी से ऊपर-नीचे हो सकता है, जिससे हार्ट अटैक या स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है.

क्या ज्यादा गर्म पानी से हो सकती है मौत?

अगर पानी बहुत ज्यादा गर्म हो (लगभग 41°C या उससे ऊपर), तो शरीर का तापमान बढ़ने लगता है. इससे चक्कर, कमजोरी और बेहोशी हो सकती है, जो कई मामलों में जानलेवा होता है. 

अचानक चक्कर आने से क्या होता है?

गर्म पानी में कुछ मिनट रहने के बाद ब्लड प्रेशर अचानक गिर सकता है, जिससे व्यक्ति बेहोश हो सकता है और डूबने का खतरा बढ़ जाता है. इसके अलावा, शराब पीने या नींद की दवाइयों के बाद नहाने से सुस्ती आ सकती है. ऐसे में व्यक्ति बाथटब में ही बेहोश होकर गिर सकता है. 

फिसलकर गिरना भी है कारण

गीला फर्श होने की वजह से बाथरूम में फिसलने का खतरा रहता है. सिर पर चोट लगने से स्थिति गंभीर हो सकती है. कभी-कभी खराब इलेक्ट्रिक डिवाइस (जैसे हीटर या शेवर) पानी में गिर जाएं, तो करंट लगने का खतरा भी होता है.

किन लोगों को ज्यादा खतरा होता है?

  • उम्र बढ़ने के साथ शरीर की गर्मी सहने की क्षमता कम हो जाती है, जिससे जोखिम बढ़ जाता है. इसलिए बुजुर्ग लोगों को ज्यादा खतरा रहता है. 
  • पहले से बीमार यानी जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या दिल की बीमारी है, उन्हें ज्यादा सावधान रहने की जरूरत होती है.
  • सर्दियों में ठंडे बाथरूम और बहुत गर्म पानी के बीच का अंतर शरीर पर ज्यादा असर डालता है.

नहाते समय किन बातों का रखें ध्यान?

  • बहुत ज्यादा गर्म पानी से बचें और 10 मिनट से ज्यादा देर तक नहाने से बचें.
  • सर्दियों में नहाने से पहले बाथरूम को थोड़ा गर्म कर लें, ताकि शरीर को झटका न लगे.
  • सीधे सिर पर पानी डालने के बजाय पहले हाथ-पैरों पर पानी डालें, ताकि शरीर धीरे-धीरे एडजस्ट कर सके.
  • बाथरूम में एंटी-स्लिप मैट और पकड़ने के लिए रॉड लगाएं. बुजुर्ग या कमजोर लोग बाथ चेयर या स्टूल का इस्तेमाल कर सकते हैं.

Similar News