MRI-Biopsy का झंझट खत्म! अब सिर्फ ब्लड टेस्ट से मिनटों में पकड़ में आएगा Brain Tumors- जानिए कैसे काम करती है ये नई तकनीक
ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी का समय पर पता लगाना अब पहले से आसान हो सकता है. वैज्ञानिकों ने एक ऐसा नया ब्लड टेस्ट तैयार किया है, जो खून की जांच से ही ट्यूमर का पता लगा सकता है.
पहले ब्रेन ट्यूमर का पता लगाना आसान नहीं था. मरीजों को बार-बार MRI स्कैन कराना पड़ता था और कई मामलों में बायोप्सी जैसी मुश्किल और दर्दनाक प्रोसेस से भी गुजरना पड़ता था. जांच में समय भी लगता था और जोखिम भी कम नहीं होता था. ऐसे में समय पर बीमारी पकड़ पाना कई बार चुनौती बन जाता था.
लेकिन अब यह तस्वीर बदल सकती है. वैज्ञानिकों ने एक नया ब्लड टेस्ट डेवलेप किया है, जिससे सिर्फ खून की जांच के जरिए ही ब्रेन ट्यूमर का पता लगाया जा सकता है. हालांकि मैनचेस्टर विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं का कहना है ककि इस प्रक्रिया को काफ़ी हद तक सुव्यवस्थित किया जा सकता है. चलिए जानते हैं कैसे यह ब्लड टेस्ट बाकियों से अलग है.
कैसे काम करता है यह नया ब्लड टेस्ट?
इस टेस्ट का आधार खून में मौजूद खास तरह के प्रोटीन हैं. वैज्ञानिकों ने ऐसे दो प्रोटीन की पहचान की है, जो शरीर में ट्यूमर की मौजूदगी का साइन देते हैं. इन प्रोटीन को लिक्विड बायोप्सी का हिस्सा माना जाता है. जब शरीर में ट्यूमर बनता है, तो वह कुछ खास संकेत छोड़ता है, जिन्हें ये प्रोटीन पकड़ लेते हैं. डॉक्टर इन साइन को देखकर समझ सकते हैं कि ट्यूमर है या नहीं और इलाज का असर कैसा हो रहा है. सबसे बड़ी बात यह है कि इसके लिए दिमाग के टिश्यू तक पहुंचने या सर्जरी करने की जरूरत नहीं पड़ती.
यह टेस्ट बाकी जांच से कैसे अलग है?
अभी तक ब्रेन ट्यूमर का पता लगाने के लिए MRI स्कैन और बायोप्सी का सहारा लिया जाता है. ये दोनों तरीके महंगे, समय लेने वाले और कई बार मरीज के लिए कठिन होते हैं. लेकिन यह नया ब्लड टेस्ट पूरी तरह से आसान और कम जोखिम वाला है. इसमें सिर्फ एक सामान्य ब्लड सैंपल की जरूरत होती है.
इसके फायदे इस तरह हैं:
- बिना सर्जरी के ट्यूमर का पता चल सकता है
- बार-बार स्कैन कराने की जरूरत कम होगी
- बीमारी को जल्दी पकड़ा जा सकता है
- इलाज के दौरान ट्यूमर की स्थिति पर नजर रखना आसान होगा
मरीजों के लिए क्यों है यह फायदेमंद?
यह टेस्ट खासकर उन लोगों के लिए बहुत मददगार हो सकता है, जहां अच्छी मेडिकल सुविधाएं या बड़े स्कैनिंग सेंटर उपलब्ध नहीं हैं. एक साधारण ब्लड टेस्ट से ही जांच हो जाने से ज्यादा लोगों तक यह सुविधा पहुंच सकती है. साथ ही, जल्दी पहचान होने से इलाज भी समय पर शुरू किया जा सकता है, जिससे मरीज के ठीक होने की संभावना बढ़ जाती है.
कैंसर के इलाज पर क्या पड़ेगा असर?
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर बड़े स्तर पर यह टेस्ट सफल साबित होता है, तो कैंसर के इलाज में बड़ा बदलाव आ सकता है. इससे डॉक्टर:
- ट्यूमर का प्रकार जल्दी पहचान सकेंगे
- हर मरीज के अनुसार अलग इलाज तय कर पाएंगे
- इलाज का असर लगातार जांच सकेंगे
- यह तरीका “पर्सनलाइज्ड ट्रीटमेंट” यानी मरीज के हिसाब से इलाज की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
यह नया ब्लड टेस्ट ब्रेन ट्यूमर की पहचान को आसान, सस्ता और तेज बना सकता है. अगर आगे के परीक्षणों में भी यह सफल रहता है, तो आने वाले समय में साधारण ब्लड टेस्ट के जरिए ही कई गंभीर बीमारियों का पता लगाया जा सकेगा. यह मेडिकल क्षेत्र में एक बड़ी उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है.