मजे-मजे में करते हैं डांस तो इन छिपे फायदों को भी जान लीजिए
डांस वैसे तो एक आर्ट फॉर्म है, लेकिन इसे आप फिट रहने के लिए बेहतरीन एक्सरसाइज की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं।;
डांस आज के समय में कई लोगों का पैशन है, तो कई लोगों का पेशा। कुछ लोग कुछ खास डांस फॉर्म में निपुण होते हैं, तो कुछ यूं ही अपने मनोरंजन के लिए डांस करते हैं। डांस वैसे तो एक आर्ट फॉर्म है, लेकिन इसे आप फिट रहने के लिए बेहतरीन एक्सरसाइज की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आप पतले होने और खुश रहने का एक मजेदार तरीका ढूंढ रहे हैं, तो रोज कुछ समय डांस करने के लिए निकालें। आइए, जानते हैं, इसके फायदों के बारे में।
मांसपेशियों की ताकत
कई तरह के डांस फॉर्म करते वक्त आपकी मांसपेशियां भी सक्रीय रूप से इस्तेमाल होती हैं, जो उन्हें मजबूत बनाने में मदद करते हैं। बैले डांस पैरों और पेट को मजबूत करता है, जबकि साल्सा व बॉलरूम डांस पैरों, कूल्हों और ऊपरी शरीर को मजबूत करते हैं। जो लोग नियमित रूप से डांस करते हैं, उनका इम्यून सिस्टम भी मजबूत रहता है।
कैलोरी
नाचने से आप अपने शरीर की कैलोरी भी कम कर सकते हैं। जली हुई कैलोरी की संख्या लोगों में डांस के प्रकार, वजन और नाचने की तीव्रता जैसे कारकों के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।
वजन
डांस भी एक तरह की शारीरिक गतिविधि व एक्सरसाइज है, क्योंकि इसके जरिए शरीर से पसीना निकलता है। पसीना निकलने के कारण शरीर में जमा फैट धीरे-धीरे कम होने लगता है। रोजाना कुछ घंटे नाचने से कैलोरी जलाने और मेटाबॉलिज्म को बढ़ाकर वजन घटाने में मदद मिल सकती है। डांस करने के साथ खान-पान में स्वस्थ चीजों को शामिल करने से आपका वजन नियंत्रित रहता है।
फ्लेक्सिबिलिटी और बैलेंस
डांस करने से शरीर के लचीलेपन और संतुलन में सुधार किया जा सकता है। अगर आप रोजाना 1 से 2 घंटे डांस करेंगे तो आप समय के साथ अपने जोड़ों और मांसपेशियों में लचीलापन महसूस करेंगे। रोजाना डांस करना चोट लगने के खतरे को कम करता है और समग्र गतिशीलता को बढ़ता है। इस अभ्यास को नियमित रूप से दिनचर्या का हिस्सा बनाने से आप आसानी से अपने शरीर के अंगों को नाचते वक्त मोड़ सकेंगे। जो लोग लंबे समय से डांस करते आ रहे हैं, उनका शरीर अधिक फ्लेक्सिबल होता है।