अब हर घूंट पड़ेगा भारी! ईरान वॉर से चिल्ड Beer का मजा होगा महंगा, जानें कैसे

ईरान वॉर और वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब बीयर की कीमतों पर दिखने लगा है. गैस की कमी, महंगी पैकेजिंग और बढ़ते ट्रांसपोर्ट खर्च के चलते आने वाले समय में चिल्ड बीयर का मजा महंगा पड़ सकता है.

( Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 26 March 2026 1:10 PM IST

पहले जो चिल्ड बीयर गर्मियों में राहत देती थी, अब वही आपकी जेब पर बोझ बन सकती है. वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े हालात ने सप्लाई चेन को हिला दिया है. असर इतना गहरा है कि बीयर बनाने से लेकर उसे बोतल में भरने और दुकान तक पहुंचाने की लागत तेजी से बढ़ रही है. सवाल ये है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि हर घूंट महंगा पड़ने वाला है?

दरअसल, गैस सप्लाई में रुकावट, कांच की बोतलों और एल्यूमिनियम कैन की कमी, और ट्रांसपोर्ट खर्च में उछाल, ये सब मिलकर बीयर इंडस्ट्री पर दबाव बना रहे हैं. कंपनियां अब कीमत बढ़ाने की तैयारी में हैं, जिससे आने वाले दिनों में बार और दुकानों पर बीयर के दाम बढ़ सकते हैं. यानी आने वाला वक्त बीयर लवर्स के लिए थोड़ा कड़वा साबित हो सकता है.

गैस संकट से बढ़ी पैकेजिंग लागत

भारत अपनी प्राकृतिक गैस का बड़ा हिस्सा कतर से आयात करता है. लेकिन क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण सप्लाई प्रभावित हो रही है. इसका सीधा असर कांच की बोतलों और अन्य पैकेजिंग सामग्री पर पड़ा है.

  • कांच की बोतलों की कीमत करीब 20% तक बढ़ गई है.
  • कार्टन (डिब्बों) की कीमत लगभग दोगुनी हो गई है.
  • लेबल और टेप जैसी छोटी चीजें भी महंगी हो गई हैं.
  • इन सब कारणों से बीयर कंपनियों की लागत तेजी से बढ़ रही है.

बीयर कंपनियां कीमत बढ़ाने की तैयारी में

ब्रूअर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने संकेत दिया है कि बीयर की कीमतों में 12–15% तक बढ़ोतरी हो सकती है. कंपनियों को अलग-अलग राज्यों में जाकर कीमत बढ़ाने की मंजूरी लेनी होगी.

  • विशेषज्ञों के अनुसार, बीयर इंडस्ट्री पर तेल और गैस की कीमतों का सबसे ज्यादा असर पड़ता है.
  • उत्पादन में ज्यादा ऊर्जा खर्च होती है.
  • स्टोरेज और ठंडा रखने की लागत बढ़ती है.
  • ट्रांसपोर्ट महंगा हो जाता है.
  • इन सभी कारणों से कीमतों में बढ़ोतरी जल्दी देखने को मिल सकती है.

IMFL और अन्य शराब भी हो सकती है महंगी

केवल बीयर ही नहीं, बल्कि इंडियन मेड फॉरेन लिकर (IMFL) पर भी असर पड़ रहा है. उद्योग संगठनों ने राज्य सरकारों से कीमत बढ़ाने की मांग की है, क्योंकि कच्चे माल और लॉजिस्टिक्स दोनों महंगे हो गए हैं.

बोतलबंद पानी भी हुआ महंगा

युद्ध का असर सिर्फ अल्कोहल इंडस्ट्री तक सीमित नहीं है. बोतलबंद पानी की कीमतों में भी लगभग 11% की बढ़ोतरी देखी गई है. इसके पीछे मुख्य कारण हैं:

  • प्लास्टिक बोतल और ढक्कन बनाने में बढ़ी लागत.
  • कच्चे तेल की कीमतों में तेजी.
  • सप्लाई चेन में रुकावट.
  • Bisleri और Coca-Cola जैसी कंपनियों ने भी बढ़ती लागत के कारण अपने दाम बढ़ा दिए हैं.

आगे क्या होगा?

विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर वेस्ट एशिया में हालात जल्दी नहीं सुधरे, तो आने वाले समय में और भी चीजें महंगी हो सकती हैं. खासकर वे चीजें जिनमें पैकेजिंग, एनर्जी और ट्रांसपोर्ट का खर्च ज्यादा होता है. कुल मिलाकर, इंटरनेशनल लेवल पर चल रहे संघर्ष का असर अब भारत के रोजमर्रा के खर्च पर दिखने लगा है. बीयर से लेकर पानी तक, कई चीजों के दाम बढ़ सकते हैं, जिससे आम लोगों को ज्यादा बोझ उठाना पड़ सकता है.

Similar News