T-20 वर्ल्ड कप से लेकर भारत रंग महोत्सव तक, फरवरी में दिल्ली में होंगे ये इवेंट्स
फरवरी में दिल्ली सिर्फ मौसम से नहीं, माहौल से भी खुशगवार हो जाती है. इस महीने राजधानी में ऐसे इवेंट्स की लाइन लगी है, जहां आप अपने दोस्तों और फैमिली के साथ एन्जॉय कर सकते हैं.;
February events
(Image Source: AI SORA )फरवरी आते ही दिल्ली का मौसम ही नहीं, मूड भी बदल जाता है. हल्की धूप, ठंडी हवा और शहर में एक के बाद एक ऐसे इवेंट, जो घर से बाहर निकलने की ठोस वजह दे दें. अगर आप सोच रहे हैं कि इस महीने वीकेंड कैसे प्लान करें, तो समझ लीजिए दिल्ली ने आपके लिए पूरा कैलेंडर तैयार कर रखा है.
एक तरफ स्टेडियम में T-20 वर्ल्ड कप का रोमांच गूंजेगा, तो दूसरी ओर मंडी हाउस के आसपास रंगमंच की दुनिया जीवंत नजर आएगी. खेल, आर्ट, कल्चर और मनोरंजन सब कुछ एक ही महीने में देखने को मिल रहा है.
अमृत उद्यान
राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान आम जनता के लिए खुल गया है. इसे पहले मुगल गार्डन कहा जाता था. यहां तरह-तरह के फूलों की बहार देखने लायक होती है. रंग, खुशबू और सलीके से सजे बाग आपको शहर की भागदौड़ से दूर ले जाते हैं. सोमवार को यह बंद रहता है, बाकी दिन यहां घूमना किसी पिकनिक से कम नहीं. 3 फरवरी से यह शुरू हो चुका है और 31 फरवरी को गार्डन बंद हो जाएगा. खास बात यह है कि यहां जाने के लिए टिकट फ्री है, लेकिन आपको पहले से ही ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी. इसके अलावा, आप वहां जाकर भी बूथ से टिकट ले सकते हैं.
इंडिया आर्ट फेयर
ओखला NSIC ग्राउंड में लगने वाला इंडिया आर्ट फेयर आधुनिक और समकालीन कला का बड़ा मंच है. पेंटिंग, इंस्टॉलेशन, मूर्तियां और क्रिएटिव एक्सप्रेशन- यहां हर चीज देखने को मिलती है. अगर आपको कला में जरा भी दिलचस्पी है, तो यह जगह आपको घंटों बांधे रखेगी. 5–8 फरवरी के बीच यह आर्ट फेयर लगेगा. यह जगह गोविंदपुरी मेट्रो स्टेशन से पास है.
सूरजकुंड मेला
दिल्ली से सटे फरीदाबाद में चल रहा सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला अपने आप में एक एक्सपीरियंस है. यहां देश-विदेश के कारीगर अपना हुनर दिखाते हैं. हाथ से बनी चीजें, लोक संगीत, पारंपरिक डांस और लजीज खाना, यह मेला आपको भारत की विविधता से रूबरू कराता है. यह 31 जनवरी से 15 फरवरी तक चलेगा.
T20 का रोमांच
क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी फरवरी किसी त्योहार से कम नहीं. अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले T20 मुकाबले शहर का माहौल पूरी तरह बदल देंगे. स्टेडियम की भीड़, शोर और रोमांच लाइव देखने का अपना अलग ही मजा है. 10, 12, 13, 16, 18 फरवरी को यहां मैच देख सकते हैं.
भारत रंग महोत्सव
भारत रंग महोत्सव थिएटर फेस्टिवल को नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा होस्ट करता है. यह इवेंट देश के अलग-अलग शहरों में होते हैं और इस बार पहली बार कुछ आयोजन श्रीलंका में भी रखे गए हैं. हालांकि, सबसे ज्यादा इवेंट दिल्ली में ही होते हैं. दिल्ली में ज्यादातर नाटक मंडी हाउस के आसपास के थिएटरों में आयोजित किए जाते हैं.