15 मिनट में बनाएं रेस्टोरेंट जैसा Garlic Chilli Noodles, थकान मिटाने वाली सुपर-टेस्टी रेसिपी
सिर्फ 15 मिनट में तैयार होने वाली ये लहसुन-मिर्च नूडल्स रेसिपी स्वाद और सुविधा दोनों का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है. कम मेहनत में रेस्टोरेंट जैसा टेस्ट पाने के लिए यह रेसिपी हर फूडी के लिए परफेक्ट है.
Garlic Chilli Noodles Recipe: अगर आप ऑफिस के बाद देर रात घर पहुंचते हैं, या वीकेंड में बाहर घूमकर थके-हारे क्लब से लौटते हैं और मन करता है कि कुछ जल्दी-जल्दी, लेकिन बहुत स्वादिष्ट और पेट भरने वाला खाना खाऊं, तो गरमागरम गार्लिक-चिल्ली नूडल्स आपका सबसे अच्छा दोस्त बन सकते हैं. यह रेसिपी इतनी आसान है कि सिर्फ़ 15 मिनट से भी कम समय में एक बर्तन में बन जाती है. स्वाद इतना ज़बरदस्त होता है कि लगता है किसी अच्छे चाइनीज रेस्टोरेंट से ऑर्डर करके लाए हों. इसमें लहसुन, तीखी मिर्च और तिल की खुशबू का ऐसा कमाल का तड़का लगता है कि पहला कौर खाते ही मन खुश हो जाता है.
गरम तेल डालकर मसालों को भूनने की जो ट्रिक है, वो सारे स्वादों को जगा देती है. हल्का सोया सॉस, राइस सिरका और वेज ऑयस्टर सॉस मिलाकर बनाया गया सॉस नूडल्स को एकदम लज़ीज़ स्वाद देता है. ये नूडल्स खाने के बाद मन को भी सुकून मिलता है और पेट भी अच्छे से भर जाता है. खास बात ये है कि आप इसे जितना चाहें उतना कम या ज़्यादा मात्रा में आसानी से बना सकते हैं. अकेले खाने हैं तो थोड़ा, दो-तीन लोगों के लिए हैं तो थोड़ा ज़्यादा. यह आसान और स्वादिष्ट रेसिपी कंटेंट क्रिएटर ब्रेंडन पैंग (@brendan_pang) ने इंस्टाग्राम पर शेयर की है.
गरमागरम लहसुन-मिर्च नूडल्स रेसिपी (15 मिनट में)
सामग्री (2 लोगों के लिए):
- 2 हरी प्याज (स्कैलियन), बारीक कटी हुई
- 4 लहसुन की कलियां, बहुत बारीक कटी हुई
- 2-3 लाल मिर्च, बारीक कटी हुई (आप अपनी तीखी पसंद के हिसाब से कम या ज़्यादा ले सकते हैं)
- ½ छोटा चम्मच कोरियन मिर्च फ्लेक्स (गोचुगारू) – ये वैकल्पिक है लेकिन स्वाद बहुत बढ़ा देता है
- 3 बड़े चम्मच चावल की भूसी का तेल (Rice Bran Oil) या कोई भी हाई हीट वाला तेल
- 2 बड़े चम्मच शाकाहारी ऑयस्टर सॉस
- 1.5 बड़े चम्मच हल्का सोया सॉस
- 1 बड़ा चम्मच चावल का सिरका (Rice Vinegar)
- 1 छोटा चम्मच चीनी
- ½ बड़ा चम्मच तिल का तेल (Sesame Oil)
- सजाने के लिए ताज़ा हरा धनिया, बारीक कटा हुआ
बनाने की आसान विधि:
1. एक बड़े बर्तन में पानी डालकर नमक डालें और अच्छे से उबाल लें. पैकेट पर लिखे तरीके से नूडल्स को पका लें (ज्यादातर नूडल्स 4-6 मिनट में पक जाते हैं). जब नूडल्स अच्छे से नरम हो जाएं तो पानी छान लें। फिर ठंडे पानी से एक बार हल्का धो लें ताकि नूडल्स आगे पकना बंद हो जाएं और आपस में चिपकें नहीं. छलनी में रखकर अलग साइड पर रख दें.
2. एक मध्यम आकार के कटोरे में कटी हुई हरी प्याज, बारीक कटा लहसुन, कटी लाल मिर्च और कोरियन मिर्च फ्लेक्स डाल दें. अभी कुछ न मिलाएं, बस रख दें.
3. एक छोटे पैन में चावल की भूसी का तेल डालकर मध्यम आंच पर गरम करें. तेल को इतना गरम करें कि हल्का-हल्का धुआं निकलने लगे, लेकिन ज़्यादा न जलाएं जब तेल अच्छे से गरम हो जाए तो सावधानी से इसे कटोरे में रखी लहसुन-मिर्च वाली सामग्री पर डाल दें. आपको 'चिचिचिचि' की तेज़ आवाज़ आएगी और एकदम ज़बरदस्त लहसुन-मिर्च की खुशबू पूरे किचन में फैल जाएगी. एक चम्मच से हल्का मिला लें। गरम तेल की वजह से लहसुन और मिर्च धीरे-धीरे नरम हो जाएंगी लेकिन उनका स्वाद बिल्कुल जला नहीं होगा.
4.अब इसी कटोरे में वेग ऑयस्टर सॉस, हल्का सोया सॉस, सिरका और आयल डाल दें. अच्छे से मिलाए. अब चखकर देखें अगर आपको ज़्यादा तीखा पसंद है तो थोड़ी और मिर्च डाल सकते हैं. अगर नमकीन स्वाद चाहिए तो थोड़ा और सोया सॉस डाल लें. सॉस को 1-2 मिनट ठंडा होने दें।
5. पके और ठंडे किए हुए नूडल्स को सॉस वाले कटोरे में डालें. अच्छे से मिलाए ताकि हर एक नूडल पर सॉस अच्छी तरह चढ़ जाए. नूडल्स चमकदार, लहसुन वाले और हल्के मसालेदार बन जाएगे. अब इन्हें सर्विंग बाउल में निकालें. ऊपर से ताज़ा कटा हुआ हरा धनिया छिड़क दें.
6. ये नूडल्स गरम-गरम और ताज़ा ही सबसे ज़्यादा स्वादिष्ट लगते हैं. देर रात घर आकर जब आप इन चटपटे, लहसुन-मिर्च वाले नूडल्स को खाएगे तो सारी थकान एकदम गायब हो जाएगी. कम बर्तन, कम मेहनत और भरपूर स्वाद यही इस रेसिपी का सबसे बड़ा फायदा है.
टिप: अगर आप ज़्यादा तीखा खाना पसंद करते हैं तो लाल मिर्च की मात्रा बढ़ा सकते हैं और अगर बच्चों के लिए बना रहे हैं तो मिर्च कम रखें.