शादी का सीजन शुरू होते ही लड़कियों के सामने सबसे बड़ी उलझन यही रहती है कि आखिर ऐसा क्या पहना जाए, जो सबसे अलग भी दिखे और पहनने में कंफर्टेबल भी हो. हर बार लहंगा, साड़ी और शरारा पहनने का मन नहीं करता. ऐसे में इस बार आप कुछ मॉडर्न और ट्रेडिशनल का मेल ट्राई कर सकती हैं. बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे का लेटेस्ट लुक इसका अच्छा उदाहरण है. उन्होंने डिजाइनर अर्पिता मेहता के आउटफिट में सिल्वर और रॉयल ब्लू का ऐसा मेल चुना, जिसने सबका ध्यान खींच लिया.

अनन्या ने लंबा, फिटेड सिल्वर मिरर वर्क कुर्ता पहना था, जिसमें दोनों तरफ ऊंचे साइड स्लिट दिए गए थे. इसके साथ उन्होंने गहरे नीले रंग का लहंगा और बाजुओं पर हल्के अंदाज में रखा दुपट्टा कैरी किया. अगर आप भी ऐसा कुर्ता बनवाने का सोच रही हैं, तो आपको स्लिट की लंबाई से लेकर फैब्रिक का खास ध्यान रखना होगा.

स्लिट की लंबाई का रखें ध्यान

साइड स्लिट इस कुर्ते की सबसे खास बात होती है. लेकिन इसे बनवाते समय जल्दबाजी न करें. स्लिट की ऊंचाई इतनी रखें कि चलते, बैठते या डांस करते समय आपको परेशानी न हो. अपनी लंबाई और आराम के हिसाब से इसकी सही जगह तय करवाएं.

कैसी होनी चाहिए साइड स्लिट कुर्ते की फिटिंग?

अनन्या का कुर्ता शरीर से फिटेड था, लेकिन ऐसा डिजाइन बनवाते समय कपड़े की फिटिंग पर खास ध्यान देना चाहिए. कुर्ता कमर पर अच्छी तरह फिट हो, लेकिन हिप्स और जांघों के पास बहुत टाइट न हो. इससे आपका लुक भी अच्छा रहेगा और आप आसानी से चल-फिर सकेंगी.

कैसा होना चाहिए कुर्ते का कपड़ा?

अगर आप अनन्या जैसा मिरर वर्क चाहती हैं, तो जॉर्जेट, क्रेप या दूसरे मजबूत बेस वाले कपड़े चुन सकती हैं. ध्यान रखें कि कढ़ाई का वजन ज्यादा होने पर कपड़ा अपनी शेप न खोए. अंदर अच्छी लाइनिंग जरूर लगवाएं, ताकि पहनने में आराम रहे. 

किस बॉडी टाइप पर जचेगा यह डिजाइन?

साइड स्लिट कुर्ता अलग-अलग बॉडी टाइप पर अच्छा लग सकता है, बस उसकी फिटिंग सही होनी चाहिए. अगर आपका फिगर ऑवरग्लास शेप का है, तो कमर पर फिटिंग वाला डिजाइन खूबसूरत लगेगा. पियर शेप वाली लड़कियां ऐसा कुर्ता चुन सकती हैं, जिसमें कमर के नीचे थोड़ा फ्लो हो. अगर आपका शरीर एप्पल शेप का है, तो बहुत ज्यादा टाइट कुर्ते के बजाय हल्की फ्लेयर वाला डिजाइन चुनें. वहीं, छोटी हाइट वाली लड़कियां बहुत ज्यादा लंबा कुर्ता न बनवाएं. सही लंबाई और ऊंचे स्लिट से पैर लंबे नजर आ सकते हैं.

कैसे करें स्टाइल?

साइड स्लिट कुर्ते के साथ लहंगा सबसे खूबसूरत लगता है. सिल्वर कुर्ते के साथ रॉयल ब्लू, पर्पल या मरून रंग का लहंगा चुन सकती हैं. इसके साथ बड़े झुमके, कंगन और हल्का मेकअप आपके लुक को पूरा कर सकता है. दुपट्टे को अनन्या की तरह बाजुओं पर भी कैरी कर सकती हैं. तो इस वेडिंग सीजन में अगर आप भीड़ से कुछ अलग दिखना चाहती हैं, तो साइड स्लिट कुर्ते को अपने वॉर्डरोब में जगह दे सकती हैं. बस डिजाइन के साथ आराम का भी ध्यान रखें.