क्या है C-Form, जिसे भरने से हिचकिचाए Diljit Dosanjh, क्यों जरूरी है ये फॉर्म और किसे-कब भरना पड़ता है?
हाल ही में सिंगर दिलजीत दोसांझ अगरा में ताजमहल देखने पहुंचे थे, लेकिन वहां एक होटल में C-Form न भरने को लेकर सिंगर विवादों में आ गए. जिसके बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर ये C-Form होता क्या है और किसको भरना पड़ता है?
diljit dosanjh
(Image Source: X/ @diljitdosanjh )पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ शुक्रवार 30 अक्टूबर को आगरा पहुंचे और दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल का दीदार किया. उन्होंने अपने व्यस्त ऑरा इंडिया टूर 2026 से समय निकालकर ऐतिहासिक स्मारक की सैर की और वहां की कुछ झलकियां सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा कीं. हालांकि, दिलजीत का आगरा दौरा सिर्फ ताजमहल घूमने तक सीमित नहीं रहा.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, आगरा के एक फाइव स्टार होटल में ठहरने के दौरान उन्हें विदेशी नागरिकों के लिए जरूरी C-Form भरने को कहा गया. शुरुआत में उन्होंने फॉर्म भरने में हिचकिचाहट दिखाई, लेकिन बाद में फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के अधिकारियों के संज्ञान के बाद यह प्रक्रिया पूरी की गई.
आगरा के होटल में C-Form को लेकर क्या हुआ?
रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि आगरा के एक पांच सितारा होटल में ठहरने के दौरान दिलजीत से C-Form भरने के लिए कहा गया था. सूत्रों का दावा है कि होटल के कर्मचारियों ने पाया कि सिंगर ने यह फॉर्म जमा नहीं किया है. भारत में विदेशी नागरिकों के ठहरने पर होटल और अन्य आवासीय जगहों के लिए C-Form भरना जरूरी होता है. बताया गया कि दिलजीत ने शुरुआत में इसे भरने में हिचकिचाहट दिखाई. इसके बाद होटल मैनेजमेंट ने फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) को इसकी जानकारी दी.
मामले की सूचना मिलने पर लखनऊ FRRO की एक टीम ने संज्ञान लिया और दिलजीत से जरूरी कागजाती कार्रवाई पूरी कराईं. रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने उन्हें बताया कि नियमों का पालन करना अनिवार्य है और ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है.
क्या होटल पर भी हो सकती थी कार्रवाई?
सूत्रों के मुताबिक, दिलजीत ने भारत में होटल में ठहरने के दौरान पहले कभी C-Form नहीं भरा था. हालांकि, अधिकारियों ने इस बार उन्हें स्पष्ट किया कि विदेशी नागरिकों के लिए यह प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है. इस मामले में होटल की जिम्मेदारी भी अहम थी. नियमों के तहत विदेशी नागरिकों को ठहराने वाले होटल और अन्य संस्थानों को उनकी जानकारी तय समय के भीतर जमा करनी होती है. ऐसा नहीं करने पर होटल मैनजमेंट को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.
क्या होता है C-Form और क्यों है जरूरी?
C-Form एक डिजिटल फॉर्म है, जिसके जरिए भारत में ठहरने वाले विदेशी नागरिकों की जानकारी दर्ज की जाती है. होटल, गेस्टहाउस, होमस्टे और विदेशी नागरिकों को रहने की सुविधा देने वाले अन्य संस्थानों को यह फॉर्म भरना होता है. FRRO के नियमों के मुताबिक, किसी विदेशी नागरिक के ठहरने की जगह पर पहुंचने के 24 घंटे के भीतर संबंधित संस्थान को तय ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उसकी जानकारी जमा करनी होती है.
इस व्यवस्था का उद्देश्य भारत में आने और रहने वाले विदेशी नागरिकों का रिकॉर्ड रखना है. इसकी जिम्मेदारी होटल और अन्य आवासीय संस्थानों की होती है कि वे जरूरी जानकारी समय पर जुटाकर संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएं.