बंगाल में स्टिंग वीडियो से मचा सियासी भूचाल! AIMIM ने हुमायूं कबीर की पार्टी से तोड़ा नाता, क्या बोले अमित शाह? TOP UPDATES

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बड़ा सियासी भूचाल आ गया है. एक कथित स्टिंग वीडियो के सामने आने से ओवैसी की पार्टी AIMIM ने हुमायूं कबीर की पार्टी से गठबंधन तोड़ लिया है.

बंगाल चुनाव से पहले 1000 करोड़ के स्टिंग वीडियो से सियासी भूचाल, AIMIM ने तोड़ा गठबंधन

(Image Source:  x.com/AITCofficial/ANI )
Edited By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 10 April 2026 11:36 PM IST

Humayun Kabir Sting Video, West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा हाई हो गया है. कथित स्टिंग वीडियो सामने आने के बाद हुमायूं कबीर की पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) को बड़ा झटका लगा है. असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने हुमायूं कबीर की पार्टी से अपना गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया है. यह विवाद तब शुरू हुआ, जब तृणमूल कांग्रेस ने एक कथित स्टिंग वीडियो जारी किया. वीडियो में दावा किया गया कि हुमायूं कबीर बीजेपी के संपर्क में थे और उन्होंने कथित तौर पर 1000 करोड़ रुपये की चुनावी रणनीति का जिक्र किया.

वीडियो में यह भी आरोप लगाया गया कि मुस्लिम वोटों को तृणमूल से दूर कर बीजेपी को फायदा पहुंचाने की योजना बनाई जा रही थी. इतना ही नहीं, कथित तौर पर 200 करोड़ रुपये एडवांस मिलने की बात भी कही गई. तृणमूल कांग्रेस ने इस पूरे मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED से जांच कराने की मांग कर दी है. स्टेट मिरर हिंदी वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.



हुमायूं कबीर ने वायरल वीडियो पर क्या कहा?

हालांकि, हुमायूं कबीर ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि यह वीडियो AI की मदद से तैयार किया गया है. इसका मकसद उनकी छवि को खराब करना है. कबीर ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और तृणमूल के अन्य नेताओं ने मिलकर यह फर्जी स्टिंग तैयार कराया है. कबीर ने कहा कि अगर बीजेपी से उनके संपर्क का कोई सबूत है तो सार्वजनिक किया जाए. उन्होंने यहां तक कहा कि वह मानहानि का केस भी दायर करेंगे.

AIMIM ने तुरंत तोड़ा गठबंधन

विवाद बढ़ने के बाद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गठबंधन खत्म करने का ऐलान किया. AIMIM ने कहा कि वह ऐसे किसी नेता के साथ नहीं रह सकती जिनके बयान से मुस्लिम समुदाय की छवि पर सवाल उठते हों. पार्टी ने यह भी घोषणा की कि अब वह बंगाल चुनाव अकेले लड़ेगी.


अमित शाह ने वायरल वीडियो पर क्या कहा?

इस पूरे विवाद में अमित शाह ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बीजेपी और हुमायूं कबीर का कोई संबंध नहीं है. शाह ने कहा कि बीजेपी 20 साल विपक्ष में बैठना पसंद करेगी, लेकिन ऐसे लोगों के साथ नहीं जाएगी जो बंगाल में बाबरी मस्जिद जैसी संरचना बनाने की बात करते हैं. वहीं, बीजेपी नेता दिलीप घोष ने भी कबीर के दावों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें 100 करोड़ भी कोई नहीं देगा, 1000 करोड़ तो बहुत दूर की बात है.


चुनाव में क्या होगा असर? 

यह पूरा विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब पश्चिम बंगाल में 294 सीटों पर विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी.इस स्टिंग विवाद ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है और मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

Similar News