दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम, यूपी में ऑरेंज अलर्ट; बिहार में बढ़ रहा तापमान

उत्तर भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है, कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का खतरा बढ़ गया है. IMD ने दिल्ली, यूपी, राजस्थान समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की चेतावनी दी है.

4 April Weather Update(Image Source:  ANI )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

उत्तर भारत में मौसम इन दिनों बहुत तेजी से बदल रहा है. कभी धूप निकलती है, तो कभी अचानक तेज हवाएं, बारिश, गरज-चमक और ओले गिरने लगते हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि पूरे अप्रैल महीने में देश के कई हिस्सों में तूफानी बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है. पिछले 24 घंटों में भी कई जगहों पर मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला. अरुणाचल प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई.

पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में ओले गिरे. इसके अलावा पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, कोंकण-गोवा, मराठवाड़ा, गुजरात, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे कई राज्यों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ जोरदार आंधी और तूफान चला. 

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में मौसम एक बार फिर से बदलने वाला है. 4 अप्रैल को तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और तूफान आने की पूरी संभावना है. हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. इसलिए लोग सावधानी बरतें, बाहर निकलते समय छाता और जरूरी सामान साथ रखें. 5 अप्रैल को भी मौसम ऐसा ही रहेगा. दिन में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और रात में न्यूनतम 18 डिग्री के आसपास रहेगा. गरज-चमक के साथ बारिश होती रहेगी. 6 अप्रैल को थोड़ी राहत मिल सकती है. आसमान में हल्के-हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन कोई भारी बारिश या तूफान की चेतावनी नहीं है. 

उत्तर प्रदेश का मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम अब पूरी तरह से बदलने वाला है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए पूरे राज्य में अचानक बदलाव का अलर्ट जारी किया है. 4 अप्रैल को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं और बड़े-बड़े ओले गिरने की संभावना है. खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड इलाके में मौसम बहुत खराब रह सकता है. ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में. इन इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि से तापमान अचानक गिर सकता है। किसान और आम लोग सतर्क रहें. 

बिहार का मौसम

बिहार में अभी गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही है, लेकिन मौसम में बार-बार बदलाव हो रहा है. पिछले दिनों कुछ जगहों पर बारिश और आंधी हुई थी. 5 अप्रैल के बाद मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है. हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 6 और 7 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं और ज्यादा हो सकती है. इससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी और तापमान नीचे आएगा. 

राजस्थान में ओलावृष्टि की चेतावनी

राजस्थान में भी मौसम खराब रहने वाला है. मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जगहों पर ओले गिरने, बारिश और तेज आंधी की चेतावनी दी है. 4 अप्रैल को उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है. 5 और 6 अप्रैल को इन गतिविधियों में थोड़ी कमी आएगी. लेकिन 7 अप्रैल को फिर से नया मजबूत विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे राज्य के कुछ हिस्सों में दोबारा तेज बारिश और आंधी आ सकती है. 

पंजाब और हरियाणा में मौसम

पंजाब और हरियाणा में इस पूरे हफ्ते मौसम अस्थिर रहेगा. 4 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलेंगी. ओले भी गिर सकते हैं। 7 और 8 अप्रैल को भी बारिश और आंधी की संभावना बनी रहेगी. लोगों को सावधानी से बाहर निकलने की सलाह दी गई है. 

पहाड़ी इलाकों में मौसम

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में इस हफ्ते मौसम काफी सक्रिय रहेगा. 4, 7, 8 और 9 अप्रैल को इन इलाकों में बर्फबारी और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलेंगी. 4 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर में ओले गिरने और कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है. पहाड़ी क्षेत्रों में आंधी-तूफान से जनजीवन प्रभावित हो सकता है, इसलिए स्थानीय लोगों को खास सतर्क रहने की जरूरत है. 

Similar News