दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा तापमान, 4 मार्च के बाद इन जिलों में पड़ेगी ज्यादा गर्मी; हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड में बारिश की संभावना
उत्तर भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है. तीन राज्यों में बारिश-बर्फबारी और कई जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी है, जबकि मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने लगा है.
उत्तर भारत में मौसम अब तेजी से बदल रहा है. जहां कुछ जगहों पर गर्मी बहुत तेज हो गई है और लोग पसीना बहा रहे हैं, वहीं कुछ इलाकों में बारिश और कोहरा परेशानी बढ़ा रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कुछ राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और पहाड़ों पर बर्फबारी होने वाली है. इससे सुबह के समय काफी ठंडक महसूस होगी साथ ही, मैदानी इलाकों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने वाला है. उत्तर भारत के तीन राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट. मौसम विभाग ने बताया है कि 24 घंटे बाद से उत्तर भारत के तीन राज्यों- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश होने की संभावना है. साथ ही पहाड़ी इलाकों में बर्फ भी गिर सकती है.
जम्मू-कश्मीर में 26 और 27 फरवरी को छिटपुट बारिश और बर्फबारी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 और 28 फरवरी को हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की चेतावनी है. दक्षिण भारत में भी कुछ जगहों पर बारिश होगी. 26 फरवरी को उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 26 फरवरी को काफी व्यापक स्तर पर हल्की-मध्यम बारिश, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट है.
उत्तर भारत के 19 जिलों में घना कोहरा
ठंड भले ही कम हो गई हो, लेकिन सुबह के समय कोहरा अभी भी बहुत परेशान कर रहा है. खासकर उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कई जिलों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी है. इससे विजिबिलिटी कम हो सकती है और यात्रा में मुश्किल आ सकती है. उत्तर प्रदेश के जिलों में:
- कुशीनगर, देवरिया, प्रयागराज, अयोध्या, महाराजगंज
- हिमाचल प्रदेश के जिलों में: बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, सिरमौर, सोलन, ऊना
- पंजाब के जिलों में: अमृतसर, बठिंडा, गुरदासपुर, फिरोजपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में कल बारिश बिल्कुल नहीं होगी. आसमान साफ रहेगा. दिन में तापमान 2-3 डिग्री बढ़ सकता है, जिससे दोपहर में गर्मी अच्छी-खासी महसूस होगी. सुबह हल्की हवा 5-10 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी, जो प्रदूषण को थोड़ा कम करेगी और एक्यूआई में सुधार होगा.
उत्तर प्रदेश में कल का मौसम
यूपी में कल बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. मौसम ज्यादातर साफ रहेगा, लेकिन कई जिलों में तापमान काफी बढ़ेगा और गर्मी महसूस होगी. खासकर कानपुर, मेरठ, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, इटावा, मैनपुरी, मथुरा, अमेठी, आजमगढ़, अमरोहा, बागपत, बहराइच, बलिया, बलरामपुर जैसे जिलों में गर्मी ज्यादा रहेगी.
बिहार में कल का मौसम
बिहार में कल मौसम पूरी तरह साफ रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है. लेकिन अब गर्मी का असर दिखना शुरू हो जाएगा. भागलपुर, मुंगेर, पूर्णिया, खगड़िया, बेगूसराय, भोजपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, जमुई, जहानाबाद जैसे जिलों में तापमान चढ़ेगा.
उत्तराखंड में कल का मौसम
उत्तराखंड में 26 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 27 फरवरी से मौसम बिगड़ने लगेगा. IMD ने 27 फरवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया है. देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्र प्रयाग, टिहरी, पिथौरागढ़ जैसे जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. अगले 7 दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 2-3 डिग्री बढ़ सकता है. 4 मार्च के बाद यूपी, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में तापमान 35 डिग्री से ऊपर चला जाएगा। यानी गर्मी अब असली रूप दिखाने वाली है