Nandigram का योद्धा : 'ग्रासरूट फाइटर' Suvendhu Adhikari की असली ताकत क्या? ममता के Giant Killer कैसे
सुवेंदु अधिकारी बंगाल की राजनीति के सबसे मजबूत जमीनी नेताओं में गिने जाते हैं. ममता बनर्जी को हराने के बाद उनकी सियासी ताकत और भूमिका दोनों बढ़ी हैं.
पश्चिम बंगाल की सियासत में पिछले कुछ वर्षों में जिस एक नाम ने सबसे ज्यादा हलचल मचाई है, वह हैं सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari). कभी ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के सबसे भरोसेमंद सहयोगी रहे सुवेंदु आज उनके सबसे बड़े राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बन चुके हैं. नंदीग्राम की ऐतिहासिक लड़ाई ने उन्हें “जायंट किलर” की पहचान दी और बीजेपी के सबसे मजबूत चेहरों में शामिल कर दिया. ऐसे में यह समझना जरूरी है कि आखिर सुवेंदु अधिकारी की असली ताकत क्या है, किन इलाकों में उनका प्रभाव सबसे ज्यादा है और वे ममता बनर्जी के लिए इतनी बड़ी चुनौती क्यों बन गए हैं. जबकि मुकुल रॉय जैसे ममता के खासमखास यह काम नहीं कर पाए.
कौन हैं सुवेंदु अधिकारी और क्या है उनका बैकग्राउंड?
सुवेंदु अधिकारी का जन्म पश्चिम बंगाल के एक राजनीतिक परिवार में हुआ. उनके पिता सिसिर अधिकारी (Sisir Adhikari) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद रह चुके हैं. यानी राजनीति उनके लिए नई नहीं थी, बल्कि विरासत में मिली जमीन थी. हालांकि, सुवेंदु ने अपनी पहचान सिर्फ परिवार के दम पर नहीं बनाई, बल्कि जमीनी राजनीति और संगठन क्षमता से खुद को स्थापित किया.
किन क्षेत्रों में है उनकी सबसे मजबूत पकड़?
सुवेंदु अधिकारी की सबसे ज्यादा पकड़ पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर (East Midnapore, West Midnapore), नंदीग्राम, कांथी (Contai) और आसपास के इलाकों में मानी जाती है. इन क्षेत्रों में उनका कैडर नेटवर्क बेहद मजबूत है, जो चुनाव के समय निर्णायक साबित होता है. ग्रामीण बंगाल में उनकी पकड़ उन्हें बीजेपी के लिए सबसे बड़ा जमीनी नेता यानी ग्राउंड लीडर बनाती है.
सुर्खियों में कैसे आए?
सुवेंदु अधिकारी पहली बार बड़े स्तर पर तब चर्चा में आए, जब उन्होंने नंदीग्राम आंदोलन (2007) में अहम भूमिका निभाई. यह आंदोलन भूमि अधिग्रहण के खिलाफ था और इसी आंदोलन ने Mamata Banerjee को सत्ता तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई. यहीं से सुवेंदु “ग्रासरूट फाइटर” के तौर पर उभरे.
बीजेपी के अहम सिपाही कैसे बने?
लंबे समय तक तृणमूल कांग्रेस में रहने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने 2020 में पार्टी छोड़ दी और भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया. उनका बीजेपी में आना पार्टी के लिए गेम चेंजर साबित हुआ, क्योंकि वे TMC के अंदरूनी समीकरण जानते थे. उनके पास मजबूत कैडर नेटवर्क था. वे ममता बनर्जी के खिलाफ सीधी लड़ाई लड़ सकते थे.
नंदीग्राम में ममता को चुनौती क्यों और कैसे दी?
साल 2021 के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम से ही ममता बनर्जी को चुनौती दी. यह लड़ाई सिर्फ एक सीट की नहीं, बल्कि “प्रतिष्ठा की लड़ाई” बन गई थी. इस चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हरा दिया, जिससे उनकी छवि जायंट किलर (Giant Killer) की बन गई.
ममता बनर्जी से 36 का आंकड़ा क्यों?
सुवेंदु और ममता के रिश्ते कभी बेहद करीबी थे, लेकिन समय के साथ दूरी बढ़ती गई. इसके पीछे मुख्य कारण — पार्टी के भीतर महत्व को लेकर मतभेद, निर्णय लेने में असहमति और नेतृत्व शैली को लेकर टकराव अहम हैं. इसी के बाद उन्होंने TMC छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया और अब दोनों के बीच सीधी राजनीतिक लड़ाई है.
उनकी सियासी ताकत आखिर क्या है?
पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी की ताकत कई स्तरों पर नजर आती है. न केवल ममता के करीबी से धुर विरोधी बल्कि बीजेपी के लिए राजनीतिक रूप से मुफीद सौदा भी. पर कैसे :
मजबूत ग्राउंड कनेक्शन – सुवेंद्र अधिकारी को पश्चिम बंगाल में जमीनी नेता माना जाता है, जिनका सीधा संपर्क कार्यकर्ताओं से है.
संगठन क्षमता – सुवेंदु की बूथ स्तर तक मजबूत नेटवर्क है. वह अपने कार्यकर्ता को नाम से जानते हैं. भीड़ में उसे दूर से ही पहचान लेते हैं.
आक्रामक राजनीतिक स्टाइल – सीधे मुद्दों पर बोलना और हमला करना. उनकी इस शैली ने ममता को बंगाल में काफी नुकसान पहुंचाया.
रणनीतिक समझ – बीजेपी नेता सुवेंद्र टीएमसी की कमजोरी को जानते हैं. उसी पर चोट कर रहे हैं.
आम जीवन में कैसे हैं सुवेंदु अधिकारी?
सुवेंदु अधिकारी को एक सादगीपूर्ण लेकिन सख्त नेता माना जाता है. वे आमतौर पर अनुशासित, कम बोलने वाले और काम पर फोकस रखने वाले नेता के तौर पर जाने जाते हैं. उनकी छवि एक ऐसे नेता की है जो “ग्राउंड पर काम करने” में विश्वास रखता है, न कि सिर्फ बयानबाजी में.
क्या 2026 में भी रहेंगे बीजेपी के ट्रंप कार्ड?
पश्चिम बंगाल की राजनीति में बीजेपी के लिए सुवेंदु अधिकारी आज भी सबसे बड़े चेहरों में से एक हैं. अगर पार्टी को 2026 में मजबूत प्रदर्शन करना है, तो सुवेंदु की भूमिका बेहद अहम होगी. उनकी सबसे बड़ी ताकत यही है कि वे सीधे ममता बनर्जी को चुनौती देने की क्षमता रखते हैं.
सुवेंदु अधिकारी सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि बंगाल की राजनीति का एक बड़ा “पावर सेंटर” बन चुके हैं. नंदीग्राम की जीत ने उन्हें नई पहचान दी, लेकिन असली परीक्षा अभी बाकी है. अब सबकी नजर 2026 के चुनाव पर है, जहां तय होगा कि “नंदीग्राम का योद्धा” आगे भी अपनी सियासी ताकत कायम रख पाता है या नहीं. बीजेपी को इस ग्रासरूट फाइटर से बड़ी उम्मीदें हैं.