इस गांव में 100 से अधिक लोगों को गोलियों से भूना, कई जिंदा जला दिए गए, समझें पूरा मामला

नाइजीरिया के बेनुए राज्य के येलेवाटा गांव में हथियारबंद हमलावरों ने 100 से अधिक लोगों की हत्या कर दी. कई परिवारों को उनके घरों में बंद कर जिंदा जला दिया गया. ये हमला चरवाहा-किसान संघर्ष की पृष्ठभूमि में हुआ है, जिसने अब तक 500 से अधिक जानें ली हैं और 22 लाख लोगों को बेघर किया है.;

By :  सागर द्विवेदी
Updated On : 15 Jun 2025 7:14 AM IST

नाइजीरिया के मध्य हिस्से में स्थित बेनुए राज्य के येलेवाटा गांव में शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक हुई भीषण गोलीबारी में कम से कम 100 लोगों की जान चली गई। यह जानकारी एमनेस्टी इंटरनेशनल नाइजीरिया ने शनिवार को दी. एमनेस्टी के मुताबिक, “कई लोग अब भी लापता हैं, दर्जनों घायल हैं और उन्हें पर्याप्त इलाज भी नहीं मिल पा रहा. कई परिवारों को उनके घरों में बंद कर जिंदा जला दिया गया.'

संस्था ने आगे कहा कि वह बेनुए राज्य में हमलों की बढ़ती घटनाओं की निगरानी कर रही है, जहां सशस्त्र हमलावरों ने एक के बाद एक नरसंहार किए हैं और उन्हें रोकने में प्रशासन पूरी तरह विफल रहा है. इन हमलों की वजह से हजारों लोग विस्थापित हो चुके हैं और कृषि प्रधान इस इलाके में खाद्य सुरक्षा पर भी गंभीर संकट मंडरा रहा है, क्योंकि पीड़ितों में अधिकांश किसान हैं.

धार्मिक-जातीय संघर्ष की जड़ में ज़मीन का विवाद

बेनुए राज्य नाइजीरिया के मिडल बेल्ट में स्थित है, जो उत्तर के मुस्लिम बहुल और दक्षिण के ईसाई बहुल इलाकों के बीच का सीमांत क्षेत्र है. इस इलाके में अक्सर चरवाहों और किसानों के बीच चरागाह और खेती की ज़मीन को लेकर हिंसक झड़पें होती रहती हैं. इन विवादों में धार्मिक और जातीय तनाव आग में घी का काम करते हैं.

पिछले महीने भी इसी राज्य के ग्वेर वेस्ट जिले में संभावित चरवाहों द्वारा किए गए हमलों में 42 लोगों की जान गई थी.एक रिपोर्ट के अनुसार, 2019 से अब तक ऐसे संघर्षों में 500 से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं और करीब 22 लाख लोग विस्थापित हो चुके हैं.

Similar News