M.K. Stalin vs E. Palaniswami: किसमें कितना है दम - कौन बनेगा राजनीति का बड़ा खिलाड़ी? समझिए सोशल से सियासी तक का Equation

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 का ऐलान होते ही सियासी मुकाबला तेज हो गया है. M. K. Stalin की अगुवाई वाली डीएमके सरकार विकास और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर फिर सत्ता में लौटने की कोशिश में है, जबकि Edappadi K. Palaniswami के नेतृत्व में एआईडीएमके सरकार को कड़ी चुनौती देने की तैयारी में है. ऐसे में सवाल है कि इस बार तमिलनाडु की सियासी जंग में किसका पलड़ा भारी रहेगा.

( Image Source:  ANI and Facebook )
By :  धीरेंद्र कुमार मिश्रा
Updated On : 15 March 2026 5:42 PM IST

केंद्रीय चुनाव आयोग ने तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव का ऐलान रविवार को कर दिया. इसी के साथ प्रदेश की राजनीति में चुनावी बिगुल भी बज गया. 2026 के विधानसभा चुनाव के कार्यक्रमों की घोषणा के साथ ही सत्तारूढ़ द्र​विड़ मुनेत्र कड़गम और मुख्य विपक्षी अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के बीच सियासी मुकाबला तेज हो गया. इस बार चुनावी समीकरण के केंद्र में दो बड़े चेहरे हैं. इनमें मौजूदा मुख्यमंत्री M. K. Stalin और पूर्व मुख्यमंत्री Edappadi K. Palaniswami. एक तरफ स्टालिन सरकार अपने विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर फिर से सत्ता में लौटने की कोशिश कर रही है, तो दूसरी ओर पलानीस्वामी विपक्ष के मजबूत चेहरे के रूप में सरकार को चुनौती देने में जुटे हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि तमिलनाडु की इस सियासी जंग में आखिर किसका पलड़ा भारी है. अनुभव और सत्ता का फायदा या विपक्ष की रणनीति और नए राजनीतिक समीकरण?

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 क्यों है अहम?

तमिलनाडु की राजनीति लंबे समय से वहां के दो प्रमुख दलों डीएमके और एआईएमडीएमके के इर्द-गिर्द घूमती रही है. साल 2026 का चुनाव इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि इसमें नेतृत्व, गठबंधन और नए राजनीतिक चेहरों की परीक्षा होगी.

स्टालिन या पलानीस्वामी : सीएम फेस के रूप में मजबूत चेहरा कौन?

तमिलनाडु की राजनीति में मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरों की बात करें तो सत्तारूढ़ दल की ओर से M. K. Stalin सबसे मजबूत दावेदार माने जाते हैं. वे वर्तमान में राज्य के मुख्यमंत्री हैं और उनकी सरकार सामाजिक कल्याण योजनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और प्रशासनिक सुधारों को अपनी बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश करती रही है. DMK संगठन पर उनकी मजबूत पकड़ है. यही कारण है कि 2026 विधानसभा चुनाव में भी उन्हें सत्तापक्ष का सबसे मजबूत सीएम चेहरा माना जा रहा है.

वहीं, विपक्ष की ओर से Edappadi K. Palaniswami को प्रमुख मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में देखा जाता है. वे पहले भी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और  अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं. पलानीस्वामी को संगठन को एकजुट रखने और पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक को संभालने वाला नेता माना जाता है. विपक्ष की राजनीति में वे DMK सरकार पर लगातार हमलावर रहते हैं और 2026 चुनाव में AIADMK उन्हें ही सबसे बड़े सीएम चेहरे के रूप में पेश कर सकती है.

क्या उदयनिधि स्टालिन को मिल सकती है बड़ी भूमिका?

डीएमके में नई पीढ़ी के नेता के रूप में उदयनिधि स्टालिन का नाम तेजी से उभरा है. हालांकि, 2026 में मुख्यमंत्री पद का चेहरा एमके स्टालिन ही रहने की संभावना अधिक मानी जाती है, लेकिन उदयनिधि पार्टी की रणनीति और प्रचार में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

सोशल मीडिया पर ज्यादा पॉपुलर कौन?

सोशल मीडिया प्रभाव की बात करें तो तमिलनाडु की राजनीति में M. K. Stalin इस मामले में Edappadi K. Palaniswami से आगे माने जाते हैं. स्टालिन लंबे समय से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहे हैं और उनकी टीम फेसबुक, एक्स (Twitter) और इंस्टाग्राम पर सरकार की योजनाओं, राजनीतिक बयान और जनसंपर्क से जुड़ी सामग्री नियमित रूप से साझा करती है. इसी वजह से उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर फॉलोअर्स की संख्या कई मिलियन में है और उनकी पोस्ट अक्सर राज्य की राजनीति में चर्चा का विषय बनती हैं. एमके स्टालिन के फेसबुक फॉलोअर्स 3.3 मिलियन, एक्स पर चार मिलियन और इंस्टाग्राम पर 1.9 जमिलियन फॉलोअर्स हैं.

वहीं, एडप्पाडी के. पलानीस्वामी भी सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और विपक्ष की भूमिका में सरकार पर सवाल उठाते रहते हैं, लेकिन फॉलोअर्स और डिजिटल एंगेजमेंट के मामले में उनका दायरा स्टालिन की तुलना में थोड़ा सीमित माना जाता है. हालांकि AIADMK का अपना मजबूत समर्थक आधार है, फिर भी सोशल मीडिया लोकप्रियता और डिजिटल पहुंच के लिहाज से फिलहाल स्टालिन को बढ़त मिलती दिखाई देती है. Edappadi K. Palaniswami का फेसबुक पर फॉलोअर्स 2 लाख से ज्यादा, एक्स पर 6.7 लाख और इंस्टा पर 1.7 लाख फॉलोआर्स हैं.

तमिलनाडु चुनाव में किन मुद्दों पर होगी सियासी लड़ाई?

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 चुनाव में जिन मुद्दों पर राजनीतिक मुकाबला तेज हो सकता है, उनमें शामिल हैं, रोजगार और उद्योग विकास, सामाजिक कल्याण योजनाएं, केंद्र-राज्य संबंध, भाषा और क्षेत्रीय पहचान और बुनियादी ढांचा और निवेश है.

क्या 2026 में बदल सकता है राजनीतिक समीकरण?

DMK फिलहाल मजबूत स्थिति में दिखाई देती है, लेकिन विपक्ष गठबंधन और नए राजनीतिक समीकरण चुनाव को दिलचस्प बना सकते हैं. AIADMK और BJP दोनों ही सत्तापक्ष को चुनौती देने के लिए रणनीति बना रही हैं. बीजेपी इस पूरी ताकत से तमिलनाडु में चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है.

किसका पलड़ा भारी?

भाषा, जाति, धर्म और मतदाताओं के रुझान को देखें तो वर्तमान समय में DMK का राजनीतिक आधार अपेक्षाकृत मजबूत दिखाई देता है. मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व में पार्टी शहरी मतदाताओं, अल्पसंख्यक समुदायों और द्रविड़ विचारधारा से जुड़े समर्थकों के बीच मजबूत पकड़ बनाए हुए है. हालांकि, AIADMK भी राज्य की प्रमुख राजनीतिक ताकत बनी हुई है और कई क्षेत्रों में उसका प्रभाव अभी भी मजबूत है. पार्टी के पास पारंपरिक वोट बैंक और क्षेत्रीय समर्थन मौजूद है, जो चुनावी मुकाबले को हमेशा दिलचस्प बनाए रखता है.

तमिलनाडु की राजनीति का इतिहास बताता है कि यहां सत्ता अक्सर बदलती रहती है. इसलिए आने वाले चुनावों में नेतृत्व, गठबंधन और स्थानीय मुद्दे ही तय करेंगे कि राज्य की सत्ता किसके हाथ में जाएगी. बता दें कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल मतदान होगा और मतगणना 4 मई को होगी.

Similar News