MTS और टैक्स असिस्टेंट की आई वैकेंसी, आयकर विभाग की इस भर्ती में क्यों जरूरी है स्पोर्ट्स कोटा?
Income Tax Vacancy 2026 के तहत गुजरात आयकर विभाग में टैक्स असिस्टेंट और MTS के 46 पदों पर भर्ती निकली है. आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 21 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं.;
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. Income Tax Department में नौकरी पाने का सुनहरा मौका आया है. गुजरात आयकर विभाग ने टैक्स असिस्टेंट और मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के पदों पर भर्ती निकाली है. खास बात यह है कि इसमें अच्छी सैलरी के साथ सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी.
आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं. अगर आप भी आयकर विभाग में नौकरी करने का सपना देख रहे हैं, तो यह भर्ती आपके लिए बेहद काम की है. चलिए, आसान भाषा में सवाल-जवाब के जरिए पूरी भर्ती को विस्तार से समझते हैं.
आयकर विभाग की इस भर्ती में कौन-कौन से पद हैं?
गुजरात इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कुल 46 पदों पर भर्ती निकाली है. इसमें दो पद शामिल हैं- टैक्स असिस्टेंट (Tax Assistant) और मल्टी टास्किंग स्टाफ यानी MTS. दोनों ही पद केंद्र सरकार के हैं, इसलिए नौकरी स्थायी और सुरक्षित मानी जाती है.
आवेदन कब से कब तक किए जा सकते हैं?
इस भर्ती के लिए आवेदन 31 जनवरी 2026 से शुरू हो चुके हैं. उम्मीदवार 21 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं. आखिरी तारीख के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए समय रहते अप्लाई करना जरूरी है.
उम्र और सैलरी कितनी होगी?
टैक्स असिस्टेंट पद के लिए उम्र सीमा 18 से 27 साल तय की गई है, जबकि MTS के लिए 18 से 25 साल तक के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. आरक्षित वर्ग को नियमों के मुताबिक उम्र में छूट मिलेगी. सैलरी की बात करें तो टैक्स असिस्टेंट को पे लेवल-04 के तहत ₹25,500 से ₹81,100 तक वेतन मिलेगा, वहीं MTS को पे लेवल-01 में ₹18,000 से ₹56,900 तक सैलरी दी जाएगी.
इन पदों के लिए योग्यता क्या चाहिए?
टैक्स असिस्टेंट के लिए किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन जरूरी है और साथ ही 8,000 की डिप्रेशंस प्रति घंटा की डाटा एंट्री स्पीड होनी चाहिए. MTS पद के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है. इसके अलावा सबसे अहम शर्त यह है कि उम्मीदवार का स्पोर्ट्स बैकग्राउंड होना चाहिए.
स्पोर्ट्स कोटा में किन खेलों को शामिल किया गया है?
इस भर्ती में 17 खेलों को शामिल किया गया है. इनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, क्रिकेट, कबड्डी, शूटिंग, टेनिस, योगासन, स्विमिंग जैसे खेल शामिल हैं. उम्मीदवार ने इंटरनेशनल, नेशनल, इंटर-यूनिवर्सिटी, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी या नेशनल गेम्स में हिस्सा लिया हो और उसके सर्टिफिकेट भी आवेदन के साथ लगाने होंगे.
इनकम टैक्स भर्ती में आवेदन कैसे करें?
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को incometaxgujarat.gov.in वेबसाइट पर जाना होगा. वहां भर्ती से जुड़ा लिंक मिलेगा. लिंक पर क्लिक करके पद चुनें, अपनी पर्सनल डिटेल्स, स्पोर्ट्स जानकारी भरें और आधार कार्ड, फोटो, सिग्नेचर जैसे डॉक्यूमेंट अपलोड करें. अंत में डेक्लेयरेशन भरकर फॉर्म सब्मिट कर दें.
भर्ती से जुड़ी और जानकारी कहां मिलेगी?
अगर आपको इस भर्ती से जुड़ी किसी भी तरह की और जानकारी चाहिए, तो आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें. वहीं पर चयन प्रक्रिया, नियम और शर्तों से जुड़ी पूरी डिटेल दी गई है. कुल मिलाकर, खेल प्रतिभा वाले युवाओं के लिए आयकर विभाग में सरकारी नौकरी पाने का यह बेहतरीन मौका है.