हैदराबाद में शादी के लिए पैसे जुटाने के इरादे से चोरी करने वाले एक कपल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोप है कि दोनों ने मंदिर में सफाई कर रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मदद करने के बहाने पकड़ लिया और उसके गले से करीब 30 ग्राम वजनी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों का पता लगाया और घटना के तीन दिन बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं और करीब डेढ़ साल से रिश्ते में थे. वे नौकरी की तलाश में लगभग एक महीने पहले हैदराबाद आए थे. नौकरी नहीं मिलने और पैसों की तंगी के कारण उन्होंने अपनी शादी के खर्च का इंतजाम करने के लिए चेन छीनने की योजना बनाई.

किस मंदिर में छीनी चैन?

यह घटना 18 अक्टूबर को सुबह करीब 6:04 बजे हैदराबाद के मलकाजगिरी क्षेत्र में स्थित वनस्थलीपुरम के वेंकट रमना कॉलोनी स्थित राज राजेश्वरी मंदिर में हुई. पीड़िता अंदुगुला रामुलम्मा मंदिर में सफाई कर रही थीं. पुलिस के अनुसार, उस समय वहां दूसरे श्रद्धालु मौजूद नहीं थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया. आरोप है कि 24 वर्षीय तेनका वरलक्ष्मी ने बुजुर्ग महिला को पकड़कर उनका मुंह बंद कर दिया, जबकि 23 वर्षीय अन्नापु रेड्डी दुर्गा रमना रेड्डी ने उनके गले से करीब 30 ग्राम वजनी सोने की चेन जबरन खींच ली. इसके बाद दोनों एक्टिवा से मौके से भाग गए.

जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसके अलावा, अलग-अलग स्थानों पर संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया गया. जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची. पुलिस ने बुधवार सुबह वनस्थलीपुरम के कमला नगर में एक ज्वैलर की दुकान के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के पास से छीना गया सोने का गहना और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए.

क्यों चुना चोरी का रास्ता?

पुलिस के अनुसार, अन्नापु रेड्डी दुर्गा रमना रेड्डी और तेनका वरलक्ष्मी आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं. दोनों करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध में थे और हैदराबाद के गुर्रमगुडा इलाके में साथ रह रहे थे. पुलिस का कहना है कि दोनों नौकरी की तलाश में शहर आए थे, लेकिन उन्हें काम नहीं मिला. आर्थिक परेशानी के बीच वे शादी करना चाहते थे. आरोप है कि शादी के लिए पैसे जुटाने के मकसद से उन्होंने बुजुर्ग महिला की सोने की चेन छीनने का फैसला किया.

क्या पहले भी दर्ज है कोई मामला?

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पहली बार किसी आपराधिक वारदात में शामिल पाए गए हैं और उनके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था. फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.