2 लाख सैलरी और 14 लाख इंवेस्टमेंट.. फिर भी खुद को गरीब मानता है 26 साल का युवक, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

क्या कोई व्यक्ति हर महीने ₹2 लाख कमाने के बाद भी खुद को गरीब महसूस कर सकता है. बेंगलुरु के 26 साल के शख्स का कहना है कि उसे एक सपने को पूरा करने के लिए दूसरे को टालना पड़ता है. इसलिए उसे लगता है कि वह गरीब है.

2 लाख सैलरी के बाद भी खुद को क्यों गरीब मानता है 26 साल का युवक

(Image Source:  chatgpt )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 27 July 2026 11:01 AM IST

हर महीने ₹2 लाख की सैलरी, करीब ₹14 लाख की बचत और इवेंस्टमेंट, कोई कर्ज नहीं, माता-पिता को समय से पहले रिटायर करा दिया और उनके लिए घर से लेकर हेल्थ इंश्योरेंस तक का इंतजाम कर दिया. इतना सब होने के बावजूद बेंगलुरु का 26 साल शख्स खुद को अमीर नहीं, बल्कि गरीब महसूस करता है. उसकी यह कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

इस शख्स का कहना है कि बचपन की गरीबी ने उसके मन में पैसों को लेकर ऐसा डर बैठा दिया है कि आज भी खर्च करने से पहले कई बार सोचता है. वह हर महीने म्यूचुअल फंड, FD और गोल्ड में निवेश करता है, लेकिन शादी, घर, जमीन और दूसरी जरूरतों के खर्च को देखकर उसे लगता है कि वह एक साथ अपने सारे सपने पूरे नहीं कर पाएगा. यही वजह है कि अच्छी कमाई और लाखों की बचत होने के बाद भी उसे हमेशा आर्थिक असुरक्षा महसूस होती है.

कब शुरू की नौकरी?

शख्स ने बताया कि उसका बचपन बेहद साधारण परिस्थितियों में बीता. परिवार महीने में सिर्फ 6-7 हजार ही कमा पाता था. पूरा परिवार एक छोटे से 10×10 के कमरे में रहता था. ऐसे माहौल में बड़े होने के कारण उसने बचपन से ही तय कर लिया था कि नौकरी मिलने के बाद सबसे पहले अपने परिवार की फाइनेंशियल कंडीशन बदलेगा. साल 2021 में 21 साल की उम्र में उसे पहली नौकरी मिली. इसके बाद उसकी जिंदगी बदलनी शुरू हुई. उसने सबसे पहले अपने माता-पिता को काम से छुट्टी दिलाई ताकि उन्हें अब मेहनत-मजदूरी न करनी पड़े.

कितनी है सैलरी?

आज यह युवक बेंगलुरु में नौकरी करता है और उसकी महीने की सैलरी लगभग ₹2 लाख है. सबसे खास बात यह है कि उस पर किसी तरह का कर्ज नहीं है. न कोई पर्सनल लोन और न ही किसी दूसरी तरह की आर्थिक देनदारी. उसने अपने माता-पिता को अपने अपने शहर में एक 2BHK घर में रहने के लिए फ्लैट खरीदा है, जबकि वह खुद बेंगलुरु में किराये के 2BHK फ्लैट में रहता है.

कितनी है महीने भर की इवेंस्टमेंट?

युवक ने बताया कि वह सिर्फ कमाई ही नहीं करता, बल्कि भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए रेगुलर इंवेस्टमेंट भी करता है. वह हर महीने ₹30,000 म्यूचुअल फंड में निवेश करता है. इसके अलावा 10 हजार फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) या रिकरिंग डिपॉजिट (RD) में 10 हजार गोल्ड इवेंस्टमेंट करता है. इसके अलावा, 15,से 20 हजार रुपये हर महीने माता-पिता को भेजता है. वहीं, करीब 25 हजार किराया और रोजमर्रा के खर्चों पर खर्च होता है. 

अब तक कितनी बचत कर चुका है?

साल 2021 से नौकरी शुरू करने के बाद शख्स ने अच्छी-खासी संपत्ति भी बनाई है. जहां 4 लाख शेयर बाजार में जमा किए हैं. वहीं, 2 लाख FD में रखे हैं. करीब 2 से 2.5 लाख का सोना खरीदा है. इसके अलावा, करीब ₹6 लाख उसके सैलरी अकाउंट में नकद पड़े हैं. यानी कुल मिलाकर उसके पास लाखों रुपये की बचत और निवेश मौजूद है, फिर भी उसे लगता है कि वह आर्थिक रूप से पूरी तरह सुरक्षित नहीं है.

छोटी-सी खरीदारी भी कर देती है परेशान

युवक ने यह भी माना कि वह आज भी ₹750 से ज्यादा कीमत की शर्ट खरीदने से पहले कई बार सोचता है. हालांकि वह दोस्तों के साथ घूमता है, बाहर खाना खाता है और कभी-कभी ट्रैवल भी करता है, लेकिन खर्च करते समय उसके मन में हमेशा चिंता बनी रहती है. उसने बताया कि उसके कई दोस्त कम कमाई के बावजूद बाइक लोन पर खरीद लेते हैं, खुलकर खर्च करते हैं और जिंदगी का आनंद लेते हैं. वहीं उसने हमेशा कर्ज से बचने की कोशिश की, लेकिन अब उसे लगता है कि शायद इसी वजह से वह खुद को पीछे महसूस करता है.

शख्स को क्यों महसूस होती है गरीबी?

इतनी अच्छी कमाई और बचत के बावजूद युवक का कहना है कि उसे कभी यह महसूस नहीं हुआ कि वह अमीर है. उसकी शादी इसी साल होने वाली है, जिस पर कम से कम ₹10 लाख खर्च होने का अनुमान है. वह अपने घर में एक जमीन खरीदना चाहता है, एक सेकेंड हैंड कार लेने का प्लान भी बना रहा है और अब मोटरसाइकिल खरीदने का भी सोच रहा है. यही वजह है कि उसे लगता है कि एक सपना पूरा करने के लिए दूसरे सपने को टालना पड़ता है. उसे महसूस होता है कि वह एक साथ अपनी सभी इच्छाएं पूरी नहीं कर सकता.

यूजर्स ने क्या सलाह दी?

युवक की पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर तेजी से वायरल हो गई. बड़ी संख्या में लोगों ने कहा कि उसकी समस्या पैसों की नहीं, बल्कि बचपन की आर्थिक तंगी के कारण बनी मानसिकता की है. कई यूजर्स ने उसे सलाह दी कि वह अपनी उपलब्धियों पर गर्व करे और हर समय भविष्य की चिंता करने के बजाय वर्तमान का भी आनंद लेना सीखे. कुछ लोगों ने कहा कि उसने बहुत कम उम्र में अपने परिवार की जिंदगी बदल दी, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. वहीं कुछ लोगों ने समझाया कि संपत्ति (Assets) बनाने में समय लगता है. अगर वह इसी तरह समझदारी से निवेश करता रहा और अपने करियर पर ध्यान देता रहा, तो आने वाले 8 से 10 वर्षों में उसकी आर्थिक स्थिति और भी मजबूत हो सकती है.

Similar News