Captain से Astrologer तक, Ashok Kharat ने कैसे खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य? अमीर क्लाइंट से एक विजिट के लिए लेता था 50 लाख

नासिक के ज्योतिषी अशोक खरात पर रेप के आरोप के बाद उनके ₹100 करोड़ के साम्राज्य का खुलासा हुआ है. वे अमीर क्लाइंट्स से एक विजिट के ₹50 लाख तक लेते थे. पुलिस को 58 आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं और SIT जांच जारी है.

अशोक खरात का 100 करोड़ का साम्राज्य  

(Image Source:  x.com/andharesushama/@VijayKumbhar62/X@govindprataps12 )
Edited By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 20 March 2026 11:50 PM IST

Ashok Kharat Case, How Ex-Sailor Built ₹100 Crore Astrologer Empire: महाराष्ट्र के नासिक में गिरफ्तार हुए स्वयंभू ज्योतिषी अशोक खरात का मामला अब सिर्फ एक आपराधिक केस नहीं रहा, बल्कि एक बड़े नेटवर्क और करोड़ों के साम्राज्य की कहानी बनकर सामने आया है. 67 वर्षीय खरात, जिसे लोग 'कैप्टन' के नाम से जानते थे, कभी मर्चेंट नेवी में काम करता था. करीब 22 साल समुद्र में नौकरी करने के बाद जब वह अपने गांव लौटा, तो उसने धीरे-धीरे ज्योतिष और अंकशास्त्र के जरिए अपनी पहचान बनानी शुरू की.

शुरुआत में अशोक खरात लोगों से उनकी जन्मतिथि और नाम पूछकर साधारण सलाह देता था, लेकिन उनकी बातचीत का तरीका, विदेशी अनुभव और भाषाओं पर पकड़ ने उन्हें बाकी ज्योतिषियों से अलग बना दिया. देखते ही देखते उनका दायरा बढ़ता गया और आम लोगों से निकलकर बड़े बिजनेसमैन, बिल्डर और राजनेता उनके क्लाइंट बन गए.

अब तक की जांच में क्या-क्या सामने आया?

  • अब तक की जांच में सामने आया है कि खरात की फीस आम लोगों के लिए अलग और अमीर क्लाइंट्स के लिए बेहद ज्यादा थी. खास विजिट या निजी अनुष्ठान के लिए वह ₹50 लाख तक चार्ज करते थे. इसी मॉडल के जरिए उन्होंने करीब ₹100 करोड़ से ज्यादा का साम्राज्य खड़ा कर लिया.
  • खरात की संपत्तियों में नासिक के अलग-अलग इलाकों- सिन्नर, पाथर्डी, ओझर और शिर्डी, में जमीन और प्रॉपर्टी शामिल हैं. पुलिस को शक है कि उसकी संपत्ति इससे भी ज्यादा हो सकती है, जिसकी जांच जारी है, लेकिन यह पूरा साम्राज्य तब हिल गया, जब एक 27 वर्षीय महिला ने उसके खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाया.
  • शिकायत के मुताबिक, महिला 2022 में वैवाहिक समस्याओं के समाधान के लिए उनके पास गई थी, जहां डर और अंधविश्वास का सहारा लेकर खरात ने उसका कई साल तक शोषण किया.
  • एफआईआर में यह भी आरोप है कि खरात ने महिला को नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया और अपनी ‘भविष्यवाणी’ के जरिए उसे मानसिक दबाव में रखा.
  • पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया है. साथ ही, काला जादू और अघोरी प्रथाओं से जुड़े कानून भी लगाए गए हैं.
  • जांच के दौरान पुलिस को एक पेन ड्राइव से 58 आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जिससे केस और गंभीर हो गया है. इन वीडियो में कथित तौर पर महिलाओं के साथ किए गए कृत्य और अनुष्ठान रिकॉर्ड हैं.

रूपाली चाकणकर क्यों सुर्खियों में आईं?

इस मामले ने राजनीतिक तूफान भी खड़ा कर दिया है. एकनाथ शिंदे के 2022 में खरात के आश्रम दौरे की तस्वीरें फिर से चर्चा में आ गई हैं. वहीं, शरद पवार जैसे नेताओं ने पहले ही ज्योतिष और ऐसे दावों पर सवाल उठाए थे. महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर के साथ खरात की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद उनके इस्तीफे की मांग भी तेज हो गई है.

अब इस पूरे मामले की जांच के लिए SIT बनाई गई है, जो खरात के नेटवर्क, संपत्ति और संभावित सहयोगियों की गहराई से जांच कर रही है. यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उस सिस्टम का आईना बन गया है, जहां अंधविश्वास, पैसा और सत्ता मिलकर एक खतरनाक गठजोड़ बना लेते हैं.

Full View

Similar News