Andhra Pradesh Firecracker Blast: 21 की मौत, कई घायल; कई KM तक गूंजी धमाकों की आवाज- देखिए VIDEO
Andhra Pradesh Firecracker Blast: आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में शनिवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए भीषण विस्फोट में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. राज्य के मंत्री कंडुला दुर्गेश ने घटना की पुष्टि की है.
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के वेटलापलेम गांव में शनिवार दोपहर एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई.
हादसे के समय यूनिट में लगभग 20 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे. धमाके के बाद चारों ओर आग और धुएं का गुबार छा गया. स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
हादसा कहां और कैसे हुआ?
यह विस्फोट वेटलापलेम गांव, सामर्लकोटा मंडल, काकीनाडा जिले में स्थित ‘सूर्या फायर वर्क्स’ नामक पटाखा निर्माण इकाई में हुआ. दोपहर करीब 2 बजे अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद फैक्ट्री परिसर में आग लग गई.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, धमाका इतना भीषण था कि कुछ शव पास के धान के खेतों में जा गिरे. आसपास के खेतों में भयावह दृश्य देखने को मिला, जहां ग्रामीण खाद की बोरियों से बनी चादरों (बाराकालू) में शवों को ले जाते नजर आए.
कितनी हुई मौतें और कितने घायल?
काकीनाडा के पुलिस अधीक्षक जी बिंदु माधव ने समाचार एजेंसी को बताया, “हमें जानकारी मिली है कि इस घटना में 20 लोगों की मौत हुई है.” काकीनाडा गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल के अधीक्षक के अनुसार, सात मरीजों को 90 से 100 प्रतिशत तक झुलसी हालत में भर्ती किया गया है और उनका इलाज जारी है. कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है.
मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया. मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 'मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने काकीनाडा में हुए हादसे को लेकर अधिकारियों से बातचीत की. मुख्यमंत्री ने काकीनाडा जिले के सामर्लकोटा मंडल के वेटलापलेम स्थित पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट की समीक्षा की. उन्होंने दुर्घटना के कारणों और घटनास्थल पर चल रहे बचाव व राहत कार्यों की जानकारी ली.
अधिकारियों ने बताया कि जिस 'सूर्या फायर वर्क्स' में हादसा हुआ, वहां करीब 20 लोग काम कर रहे थे. बड़ी संख्या में पटाखा मजदूरों की मौत पर मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को दुर्घटनास्थल का दौरा करने के निर्देश दिए.'
नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर भी लिखा कि 'काकीनाडा जिले के वेटलापलेम गांव में पटाखा निर्माण इकाई में हुआ विस्फोट मुझे गहराई से आहत कर गया है. इस दुर्घटना में कई लोगों की जान जाना बेहद दुखद है.' उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए और राहत कार्यों की निगरानी लगातार की जाए.
क्या जांच शुरू हो गई है?
पुलिस ने बताया कि विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. धमाके के प्रभाव से आसपास के खेतों में बिखरे शरीर के हिस्सों की तलाश के लिए ड्रोन तैनात किए गए हैं. प्रशासन का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और लाइसेंस संबंधी पहलुओं की भी जांच की जाएगी.
आगे क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
राज्य सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों को घटनास्थल का दौरा करने के निर्देश दिए हैं. राहत और बचाव दल लगातार मलबा हटाने और संभावित फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी.