Aaj ki Taaza Khabar: 'AQI 400 पार, कहां गई मोदी सरकार'; दिल्ली-NCR में प्रदूषण को लेकर इंडिया गेट पर फिर विरोध प्रदर्शन- पढ़ें 23 नवंबर की बड़ी खबरें

( Image Source:  ANI )
By :  सागर द्विवेदी
Updated On : 23 Nov 2025 8:22 PM IST

Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. रविवार 23 नवंबर 2025 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्‍या-क्‍या खास रहा, साथ ही हर बड़ी खबर को जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.

Live Updates
2025-11-23 14:26 GMT

शमा मोहम्मद का आरोप- “BLO पर दबाव क्यों? राहुल गांधी हमेशा सही, SIR एक्सरसाइज में देरी क्यों हुई?

कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने कहा, “राहुल गांधी हमेशा सही होते हैं… आखिर BLOs पर दबाव क्यों बनाया जा रहा है? मध्य प्रदेश, केरल और पश्चिम बंगाल में BLO आत्महत्या कर रहे हैं… SIR एक्सरसाइज इतनी देर से क्यों शुरू की? जबकि उन्हें लंबे समय से पता था कि अगले साल पश्चिम बंगाल में चुनाव होने वाले हैं, और इसी साल केरल में भी चुनाव थे। फिर भी उन्होंने SIR प्रक्रिया देर से शुरू की और ऊपर से असम में इसे लागू ही नहीं किया…”

2025-11-23 13:53 GMT

'चुनाव में वादे तो होते ही हैं…' बिहार चुनाव पर बोला महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का बड़ा बयान

मालेगांव में अपने बयान पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार कहते हैं कि हाल ही में बिहार में चुनाव हुए. वहां विपक्ष ने क्या कहा था? ‘हमारी सरकार बनाइए, हम आपको नौकरी देंगे’—उन्होंने यही कहा था, है ना? कई चुनावों के दौरान लोग ऐसे बयान देते हैं, लेकिन ये बातें सिर्फ चुनाव के समय ही कही जाती हैं."

2025-11-23 13:26 GMT

दिल्ली प्रदूषण पर इंडिया गेट पर प्रदर्शन, पुलिस ने हटाया प्रदर्शनकारियों को

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर एक समूह ने इंडिया गेट पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने राजधानी की खराब होती हवा पर सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश की. कुछ देर बाद पुलिस कर्मियों ने मौके से सभी प्रदर्शनकारियों को हटा दिया और इलाके में सामान्य स्थिति बहाल की. साथ ही इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर लोगों ने नारा लगाया कि AQI 400 पार, कहां गई मोदी सरकार,

2025-11-23 12:13 GMT

दिल्ली में 328 किलो मेथ बरामद: अमित शाह बोले-'ड्रग माफिया की कमर तोड़ रही है सरकार'

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, “हमारी सरकार ड्रग कार्टेल्स को अभूतपूर्व गति से ध्वस्त कर रही है. ड्रग की जांच में ऊपर से नीचे और नीचे से ऊपर—दोनों तरह की रणनीति पर काम करते हुए बड़ी सफलता मिली है. नई दिल्ली में 328 किलो मेथामफेटामाइन, जिसकी कीमत ₹262 करोड़ है, जब्त की गई और दो लोगों की गिरफ्तारी हुई. यह ऑपरेशन कई एजेंसियों की बेहतरीन तालमेल का उदाहरण है, जो पीएम मोदी जी के ड्रग-फ्री इंडिया के विज़न को आगे बढ़ाता है. एनसीबी और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम को बधाई.”

2025-11-23 10:42 GMT

'SIR का मतलब मतदाता सूची का शुद्धिकरण…' पूर्व सांसद ब्रजभूषण का तंज

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने SIR को लेकर चल रही राजनीतिक बहस पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि, “SIR का मतलब है—मतदाता सूची का शुद्धिकरण. देश का बच्चा भी SIR समझता है, लेकिन राहुल गांधी को SIR समझ नहीं आता. ब्रजभूषण ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा, “अपने मुद्दे बदलो… देश में असल मुद्दों की कमी नहीं है.आगामी लोकसभा चुनाव पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने साफ कहा, “मैं 2029 का चुनाव लड़ूंगा, जो चाहे मुझे लड़ा ले. ब्रजभूषण के इन बयानों ने राजनीतिक माहौल और गरमा दिया है.

2025-11-23 10:26 GMT

हरिद्वार में ‘आर्य राष्ट्रीय निर्माण यात्रा’: स्वामी दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती पर बाबा रामदेव ने कहा-“भारत फिर सनातन के मार्ग पर चलेगा”

स्वामी दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती और आर्य समाज के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘आर्य राष्ट्रीय निर्माण यात्रा’ में योग गुरु बाबा रामदेव ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. उन्होंने कहा, "महर्षि दयानंद की 200वीं जयंती और आर्य समाज के 150 साल पूरे हो चुके हैं… देश हर तरह की परेशानियों से घिरा है. इन सब से बचाने के लिए महर्षि ने वेदों का मार्ग दिखाया है… हम सब एक ही ईश्वर की संतान हैं… इस देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई है. हमें विश्वास है कि भारत एक बार फिर सनातन के मार्ग पर चलेगा…"

2025-11-23 09:57 GMT

महिला ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप 2025: भारत ने नेपाल को 7 विकेट से हराकर खिताब जीता, कप्तान दीपिका टीसी बोलीं-'हमसे खेलने से टीमें डरती हैं'

भारत ने महिला ब्लाइंड टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में नेपाल को 7 विकेट से हराते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। जीत के बाद कप्तान दीपिका टीसी ने कहा, "हमें इस जीत पर बहुत गर्व है… हमारी पूरी टीम ने बहुत मेहनत की है… हमारी टीम बहुत मजबूत है और बाकी टीमें हमसे खेलने से डरती हैं। हम तो पुरुष टीम के साथ खेलने के लिए भी तैयार हैं…"

2025-11-23 09:53 GMT

'अक्रमण के दिन चले गए… अब राम मंदिर पर झंडा फहराने वाले हैं': RSS प्रमुख मोहन भागवत का बड़ा बयान

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, "हमारा देश पूरे विश्व का विश्वगुरु था… भारत दुनिया के लिए एक बड़ी ताकत और सहारा था.हजार साल तक हमलावरों ने देश को रौंदा.हमें गुलामी में जीना पड़ा.धार्मिक स्थानों को तोड़ा गया.जबरन धर्मांतरण शुरू हुए.यह सब हुआ.तब भी यह भारतवर्ष था.उन दिनों की महिमा अब नहीं है.'वो आक्रमण के दिन चले गए.अब राम मंदिर पर झंडा फहराने वाले हैं।' तब भी यह भारत था और आज भी भारत है…"

2025-11-23 08:07 GMT

Ind vs SA Score: दूसरे सेशन में भारत को सिर्फ एक सफलता, साउथ अफ्रीका मजबूत स्थिति में

कोलकाता टेस्ट के दूसरे सेशन का खेल खत्म हो गया है. भारतीय गेंदबाज़ों को इस सेशन में सिर्फ एक विकेट मिल सका, जबकि साउथ अफ्रीका ने अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है. टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 428 रन बना लिए हैं. सेन्युरन मुथुसामी शानदार 107 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं, वहीं मार्को यानसन 51 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं. भारतीय टीम को मैच में वापसी के लिए तेजी से विकेट निकालने होंगे.

2025-11-23 07:23 GMT

G-20 समिट: पीएम मोदी और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामाफोसा की द्विपक्षीय बैठक

जोहान्सबर्ग में आयोजित G-20 समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ द्विपक्षीय बैठक की. दोनों नेताओं के बीच व्यापार, रक्षा सहयोग, कौशल विकास, खनन क्षेत्र और वैश्विक दक्षिण से जुड़े मुद्दों पर प्रमुख रूप से चर्चा हुई. बैठक का उद्देश्य भारत-दक्षिण अफ्रीका के रणनीतिक संबंधों को और मजबूत बनाना और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आपसी सहयोग को आगे बढ़ाना रहा.

Similar News