कौन थे Rahul Arunoday Banerjee? शूटिंग खत्म होने के बाद समुद्र में उतरे, अचानक आई तेज लहर ने छीनी जिंदगी

बंगाली एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी की ओडिशा के तलसारी बीच पर डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। शूटिंग के बाद समुद्र में गए राहुल को तेज लहर बहा ले गई, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

Bengali actor Rahul Arunoday Banerjee passes away at the age of 43(Image Source:  X: @manik199 )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 30 March 2026 6:10 AM IST

लोकप्रिय बंगाली एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी (Rahul Arunoday Banerjee) का रविवार को एक दुखद हादसे में निधन हो गया. उनकी उम्र मात्र 43 साल थी. यह घटना ओडिशा के तलसारी बीच पर हुई, जो पश्चिम बंगाल के दीघा के पास स्थित है. वह वहां एक टीवी सीरियल की शूटिंग कर रहे थे. सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम को शूटिंग खत्म होने के बाद राहुल अकेले समुद्र के पानी में उतर गए. उनकी को-एक्टर श्वेता मिश्रा भी वहां मौजूद थीं, लेकिन वे किनारे पर ही रहीं तभी अचानक एक बड़ी लहर आई और राहुल को अपनी चपेट में ले ली.

ऐसा लगता है कि उनके पैर रेत में फंस गए थे, जिससे वे लहर का जोरदार बल सहन नहीं कर पाए और डूबने लगे. को-एक्टर श्वेता ने तुरंत खतरा भांपकर जोर-जोर से चिल्लाकर सबको आगाह किया. प्रोडक्शन टीम के सदस्य और तकनीशियन भी चिल्लाते हुए दौड़ पड़े. उन्होंने किसी तरह राहुल को समुद्र से बाहर निकाला उस समय वे अभी जीवित थे. 

अननेचुरल डेथ का केस दर्ज

उन्हें तुरंत एक गाड़ी में बिठाकर तलसारी बीच से करीब 10-12 किलोमीटर दूर दीघा उपमंडल अस्पताल ले जाया गया.  लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रोडक्शन मैनेजर चंद्रशेखर चक्रवर्ती ने बताया कि शाम के करीब 5 से 5:30 बजे के बीच यह हादसा हुआ. शूटिंग खत्म हो चुकी थी और कुछ कलाकारों की गाड़ियां पहले ही निकल चुकी थीं. पुलिस ने इस मामले में अननेचुरल डेथ का केस दर्ज कर लिया है. पश्चिम बंगाल पुलिस ने ओडिशा पुलिस से संपर्क किया है और प्रोडक्शन टीम के सदस्यों तथा अन्य चश्दीद से पूछताछ कर रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौत का कारण डूबना ही है. 

राहुल अरुणोदय बनर्जी कौन थे?

राहुल अरुणोदय बनर्जी बंगाली फिल्म और टेलीविजन जगत के एक बहुत लोकप्रिय चेहरे थे. उन्हें सबसे ज्यादा प्रसिद्धि अपनी पहली बड़ी फिल्म 'चिरोदिनी तुमी जे अमर' से मिली, जिसमें उन्होंने प्रियंका सरकार के साथ मुख्य भूमिका निभाई थी. इस फिल्म ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया. उन्होंने कई सफल फिल्मों में काम किया, जैसे: ‘तुमी आसबे बोले’ (2024), 'जुल्फिकार' (2016), 'ब्योमकेश गोत्रो' (2018), 'बिदाय ब्योमकेश' (2018), 'द एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स' (2025). टीवी पर भी उन्होंने 'हरगौरी पाइस होटल', 'मोहन्ना' और हाल ही में 'भोले बाबा पार करेगा' जैसे सीरियलों में काम किया. एक्टिव के अलावा राहुल अपनी बौद्धिक गहराई के लिए भी जाने जाते थे. उनका पॉडकास्ट शो 'सोहोज कोठा' काफी पॉपुलर था, जिसमें वे गंभीर विषयों पर बात करते थे. 

परिवार और निजी जीवन

राहुल की शादी एक्ट्रेस प्रियंका सरकार से हुई थी. दोनों ने 2010 में शादी की और 2013 में उनके एक बेटे सोहोज का जन्म हुआ. सात साल बाद 2017 में उन्होंने तलाक के लिए अर्जी दी थी, लेकिन बाद में वे फिर से साथ हो गए. उनके निजी जीवन की कहानी अक्सर सुर्खियों में रहती थी. वे अपनी पत्नी और बेटे को बहुत प्यार करते थे. 

बंगाली मनोरंजन जगत में सदमा

राहुल की अचानक मौत की खबर से बंगाली फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री (टॉलीवुड) में गहरा सदमा फैल गया है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा,यह जानकर मैं स्तब्ध, बेहद दुखी और हैरान हूं कि युवा, प्रतिभाशाली और लोकप्रिय अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी अचानक हमारे बीच से चले गए. मुझे समझ नहीं आ रहा कि यह कैसे हो गया. वे एक अच्छे अभिनेता और इंसान थे, जिन्हें मैं बहुत पसंद करती थी. उनके परिवार, रिश्तेदारों और लाखों प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. राहुल का जाना बंगाल के अभिनय जगत के लिए बहुत बड़ी और अपूरणीय क्षति है.'

एक्टर-पॉलिटिशियन रुद्रनील घोष ने कहा, 'राहुल मेरे भाई जैसे थे. मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि वे अब हमारे बीच नहीं रहे.' टीएमसी विधायक और फिल्म निर्देशक राज चक्रवर्ती, जिन्होंने राहुल को अपनी पहली फिल्म में निर्देशित किया था, ने कहा, 'राहुल एक बेहतरीन एक्टर थे. उनमें बहुत बड़ी संभावनाएं थीं. यह खबर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अविश्वसनीय है.' राहुल की मौत से पूरा बंगाली मनोरंजन जगत स्तब्ध है. उनके फैंस और को-स्टार्स सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी याद में पोस्ट कर रहे हैं. 

Similar News