Twinkle Khanna की रसोई में ट्रंप! मोदी की कूटनीति 'ग्लोबल गरबा'; वायरल हुआ एक्ट्रेस का पोस्ट

ट्विंकल खन्ना का इंस्टाग्राम पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने ट्रंप की कूटनीति पर कटाक्ष किया है. वहीं, भारत के प्रधानमंत्री की डिप्लोमेसी की तारीफ करते हुए उसे ‘ग्लोबल गरबा’ का नाम दिया है.

Twinkle Khanna Viral Post(Image Source:  Instagram: twinklerkhanna )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

ट्विंकल खन्ना (Twinkle Khanna) आजकल सोशल मीडिया पर अपनी बेबाक राय के लिए काफी चर्चा में रहती हैं.  हाल ही में एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा और मजेदार पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री की कूटनीति दोनों पर अपनी टिप्पणी की है. इस पोस्ट की वजह से वे एक बार फिर से सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आ गई हैं.  

ट्विंकल खन्ना ने रविवार, 29 मार्च को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट डाला. पोस्ट की शुरुआत उन्होंने एक मजेदार लाइन से की, 'डोनाल्ड ट्रंप हमारी रसोई में घुस आए हैं.' इसके साथ उन्होंने अपनी एक तस्वीर और कुछ लिखे हुए टेक्स्ट की तस्वीरें भी शेयर कीं. पोस्ट में उन्होंने पर्ल हार्बर का भी जिक्र किया. ट्विंकल आगे लिखती हैं कि ट्रंप ने डिप्लोमेसी को पूरी तरह से देश से बाहर निकाल दिया लगता है. वे कहती हैं कि ट्रंप अब जापान के प्रधानमंत्री के सामने बैठकर पर्ल हार्बर पर मजाक कर रहे हैं, जो काफी संवेदनशील मुद्दा है. 

प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए 'ग्लोबल गरबा'

ट्विंकल ने अपने प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्हें उनकी डिप्लोमेसी की तारीफ करनी ही पड़ेगी. उन्होंने कहा, 'वह पुतिन की पीठ थपथपा रहे हैं, ईरान के प्रति सहानुभूति जता रहे हैं, इजरायल के साथ सहमति में सिर हिला रहे हैं, ट्रंप को गले लगा रहे हैं और फोन पर बातचीत के जरिए खाड़ी देशों के साथ दूरियां मिटा रहे है.' ट्विंकल ने इस पूरी कूटनीति को बहुत ही मजेदार नाम दिया है, 'ग्लोबल गरबा.'

यह सिर्फ गुजराती ही जानते है 

वे आगे लिखती हैं, 'इसे ही 'ग्लोबल गरबा' कहते हैं. सिर्फ गुजराती ही जानते हैं कि किसी के पैर पर पैर रखे बिना, एक समूह में गोल-गोल कैसे घूमा जाता है और नाचा जाता है.' यानी वे कह रही हैं कि प्रधानमंत्री अलग-अलग देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखते हुए किसी को भी नाराज नहीं कर रहे हैं. वे सबके साथ बैलेंस बनाकर चल रहे हैं, ठीक वैसे जैसे गरबा में लोग गोल घूमते हुए किसी के पैर पर पैर नहीं रखते. 

ट्रंप की डाइट और एनर्जी पर मजाक

पोस्ट में ट्विंकल ने ट्रंप की उम्र और उनकी एनर्जी पर भी मजेदार टिप्पणी की. उन्होंने लिखा, 'मैं सलाद और ग्रिल्ड पनीर वाला अपना बोरिंग लंच खाते हुए सोच रही थी कि खबरों के अनुसार ट्रंप सिर्फ डाइट कोक और फ्राइड चिकन खाकर जिंदा रहते हैं. वे शायद ही कभी एक्सरसाइज करते हैं. फिर भी 79 साल की उम्र में उनमें एक जवान ओरंगुटान जैसी ताकत और एनर्जी है. वे मिलिट्री कैंपेन चलाते हैं, जापानियों को नाराज करते हैं और पूरी ग्लोबल मार्केट को हिला देते हैं. फिर वे हंसते हुए कहती हैं, 'साफ है कि मैं लंबी उम्र और अच्छी सेहत के लिए गलत एक्सपर्ट्स को फॉलो कर रही हूं.' 

कैप्शन में भी यही बात

पोस्ट के कैप्शन में ट्विंकल ने फिर से लिखा कि इस हफ्ते सब कुछ 'ग्लोबल गरबा' के बारे में ही है. उन्होंने कहा कि पहले कूटनीति बहुत एक्टिव और बैलेंस्ड होती थी, लेकिन अब लगता है जैसे ट्रंप ने उसे पूरी तरह से बाहर निकाल दिया हो. अंत में उन्होंने अपने फॉलोअर्स से सवाल भी पूछा क्या आप अपने दोस्तों के ग्रुप में वो व्यक्ति हैं जो किसी को नाराज नहीं करते यानी किसी के पैर पर पैर नहीं रखते? या आप वो व्यक्ति हैं जो अपनी बात सीधे-सीधे साफ-साफ कह देते हैं? कमेंट्स में जरूर बताएं.' ट्विंकल खन्ना का यह पोस्ट काफी वायरल हो रहा है.

Similar News