शाहरुख खान की एक समझदारी ने फिल्म 'दिल से' के सेट पर बड़ा हादसा होने से रोक दिया था. अभिनेत्री मीता वशिष्ठ ने खुलासा किया है कि शूटिंग के दौरान वह पहाड़ी से गिरने वाली थीं, लेकिन शाहरुख ने समय रहते उन्हें पकड़ लिया. मीता के मुताबिक, उस दिन अगर शाहरुख ने तेजी नहीं दिखाई होती तो उनकी जान भी जा सकती थी.

मीता ने बताया कि यह घटना डलहौजी में फिल्म के एक सीन की शूटिंग के दौरान हुई थी. वह हाथ में बंदूक लेकर पीछे की तरफ चल रही थीं और अचानक पहाड़ी के किनारे पहुंच गईं. तभी शाहरुख ने उनकी जैकेट पकड़कर उन्हें खींच लिया। अब सालों बाद मीता ने उस दिन का पूरा किस्सा सुनाया है.

क्यों शाहरुख ने बचाई मीता की जान?

स्क्रीन को दिए इंटरव्यू में मीता वशिष्ठ ने बताया कि फिल्म 'दिल से' की शूटिंग डलहौजी में हो रही थी. एक सीन में उन्हें हाथ में AK-47 लेकर शाहरुख खान को आंखों पर पट्टी बांधकर रास्ता पार करवाना था. उस समय वहां काफी ठंड थी और कलाकारों को ऐसे जूते दिए गए थे, जिनके सोल प्लास्टिक के थे. इस वजह से जमीन का सही अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा था. मीता ने बताया कि निर्देशक मणिरत्नम उन्हें लगातार पीछे चलने के लिए कह रहे थे. वह धीरे-धीरे कदम पीछे बढ़ा रही थीं, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया. उन्हें पता ही नहीं चला कि वह पहाड़ी के किनारे तक पहुंच चुकी हैं. वह नीचे गिरने ही वाली थीं कि शाहरुख ने तुरंत उनकी जैकेट पकड़कर उन्हें अपनी तरफ खींच लिया. मीता ने कहा कि हाथ में भारी बंदूक और सामने गहरी ढलान होने के कारण गिरने पर उनकी जान भी जा सकती थी. उन्होंने माना कि उस दिन शाहरुख की तेजी ने उनकी जान बचाई.

क्यों शाहरुख रखते थे मीता का खास ख्याल?

मीता ने शूटिंग से जुड़ा एक और किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि फिल्म में एक फाइट सीन था, जिसमें शाहरुख को उन्हें पत्थर की दीवार की तरफ धकेलना था. लेकिन हर बार ऐसा करते समय शाहरुख अपना हाथ उनके सिर के पीछे रख लेते थे, ताकि उनका सिर दीवार से न टकराए. इसी सीन के दौरान एक बार मीता के हाथ से छोटा पत्थर छूटकर शाहरुख के सिर पर लग गया था. इससे उन्हें चोट भी आई, लेकिन उन्होंने मीता के साथ बिल्कुल अच्छा व्यवहार किया. मीता ने शाहरुख को शानदार सह-कलाकार बताते हुए उनकी तारीफ की.

कौन सी फिल्म में काम कर चुके है दोनों ?

मीता वशिष्ठ और शाहरुख खान इससे पहले फिल्म 'द इडियट' में साथ नजर आए थे. इसके बाद दोनों ने मणिरत्नम की फिल्म 'दिल से' में काम किया. मीता के मुताबिक, शाहरुख सेट पर सिर्फ अपने काम पर ध्यान नहीं देते थे, बल्कि अपने साथ काम करने वाले लोगों की सुरक्षा का भी पूरा ख्याल रखते थे.