सनोज मिश्रा ने केरल को बताया आतंकवादियों का घर, डायरेक्टर का दावा Monalisa को ब्रेनवॉश कर कराई शादी
महाकुंभ 2025 में वायरल हुईं मोनालिसा भोंसले ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ केरल के अरुमनूर मंदिर में हिंदू परंपराओं से शादी की. शादी के बाद फिल्म ‘डायरी ऑफ मणिपुर’ के निर्देशक सनोज मिश्रा ने इस मामले पर गंभीर आरोप लगाते हुए वीडियो जारी किया.
प्रयागराज के महाकुंभ मेले (2025) में रातों-रात मशहूर हुईं 18 वर्षीय मोनालिसा भोंसले (Monalisa Bhosle) ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर ली है. यह शादी केरल के तिरुवनंतपुरम के पास अरुमनूर मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों से संपन्न हुई. मोनालिसा मध्य प्रदेश के महेश्वर की रहने वाली हैं. महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए उनकी नीली-काजल वाली आंखों और सादगी भरी मुस्कान की वजह से उनके वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे, जिसके चलते उन्हें 'महाकुंभ गर्ल' का नाम मिला.
वायरल होने के बाद उन्हें फिल्मों में काम के ऑफर मिले. उन्होंने निर्देशक सनोज मिश्रा की फिल्म 'डायरी ऑफ मणिपुर' में लीड रोल निभाया, जो धर्मांतरण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर आधारित है. शादी की खबर वायरल होने के बाद निर्देशक सनोज मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर भारी मन से अपना बयान दिया. उन्होंने कहा कि वे बहुत दुखी और डिप्रेस्ड हैं. उनका कहना था कि कल दोपहर से ही मोनालिसा की शादी की खबर फैल गई, जिससे वे खुद को तैयार नहीं कर पाए. लोगों, मीडिया और जानकारों से लगातार कॉल आ रहे हैं कि क्या हुआ और कैसे हुआ. सब हैरान हैं. कुछ कट्टर सोच वाले लोग खुश हैं और बधाई दे रहे हैं, जबकि कई उन्हें धमकी दे रहे हैं कि आवाज दबा लें.
क्या है सनोज मिश्रा का आरोप?
सनोज ने आगे कहा कि अगर उन्हें चुप रहना होता तो वे 'डायरी ऑफ मणिपुर' फिल्म नहीं बनाते, जिसमें उन्होंने मोनालिसा को हीरोइन चुना था. कल तक उन्हें पूरा विश्वास था कि इस लड़की को फिल्मों में लाकर हीरोइन बनाने का फैसला सही था. लेकिन बीच में फिल्म रोकने वालों ने साजिश रचकर उन्हें जेल भिजवाया. जेल का दर्द नहीं हुआ क्योंकि केस झूठा था और वे बाहर आ गए. फिल्म पूरी हुई, लेकिन पार्टनर और निवेशक छोड़ गए. उन्होंने ब्याज पर लोन लिया, क्योंकि फिल्म पर नेगेटिव असर पड़ने से उनकी जिंदगी बर्बाद हो सकती थी. उन्होंने इसे एक एजेंडे और साजिश बताया, जिसका मकसद सनातन धर्म को बदनाम करना और महाकुंभ की इमेज खराब करना था.
क्या मोनालिसा को किया गया है ब्रेनवॉश?
सनोज का कहना है कि मोनालिसा बहुत मासूम और भोली-भाली थी, उसे दुनिया की जानकारी नहीं थी. उनका दावा है कि PFI जैसे बैन संगठनों के लोग शामिल थे, जिन्होंने ब्रेनवॉश करके उसे फंसाया. उन्होंने सवाल उठाए कि अगर लव अफेयर था तो परिवार को शक क्यों नहीं हुआ? प्यार उज्जैन, इंदौर या मुंबई में नहीं, बल्कि केरल में हुआ जो उनके अनुसार 'आतंकवादियों' और 'वैंपायरों' का घर है. सनोज ने बताया कि मोनालिसा के पिता जय सिंह उन्हें केरल फिल्म ऑफर के बहाने ले गए, जहां उन्होंने मना किया लेकिन नहीं माने. बाद में पुलिस स्टेशन के बाहर खड़े पाए गए और मोनालिसा को पीछे से ले जाया गया. अचानक मंत्री और लोग जमा हो गए क्योंकि यह सनातन का मामला था.
ऐसा दोबारा नहीं करेंगे
सनोज ने इसे 'टेरराइज्ड' और 'जिहादियों द्वारा ब्रेनवॉश' बताया. फिल्म का भविष्य खतरे में है, 10 करोड़ का कर्ज है. वे कहते हैं कि यह फैसला गलत था, दोबारा कभी ऐसा नहीं करेंगे. वे राष्ट्रवादी हैं, सच दिखाते हैं, इसलिए मदद नहीं मिलती. वे बहुत उदास हैं और ज्यादा नहीं बोल पा रहे. दूसरी ओर, फरमान खान एक्टर हैं. दोनों की मुलाकात डेढ़ साल पहले फेसबुक पर हुई थी. वे दोनों कलाकार हैं और साथ काम भी करते रहे. मोनालिसा ने कहा कि उन्होंने ही फरमान को शादी के लिए राजी किया, क्योंकि फरमान शुरू में तैयार नहीं थे। दोनों ने स्पष्ट किया कि यह लव जिहाद नहीं है. मोनालिसा ने इस्लाम कबूल नहीं किया और फरमान ने अपना धर्म नहीं बदला.
क्या था मोनालिसा का बयान?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में माथे पर सिंदूर लगाकर मोनालिसा ने कहा, 'हमने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की है. हम एक-दूसरे के धर्म का सम्मान करते हैं. प्यार में धर्म बदलना जरूरी नहीं सभी धर्म बराबर हैं. मैं बस खुश रहना चाहती हूं.' बुधवार को मोनालिसा ने फरमान के साथ तिरुवनंतपुरम पुलिस स्टेशन जाकर सुरक्षा मांगी. उनका आरोप था कि पिता उन्हें जबरन गांव ले जाना चाहते हैं और बुआ के बेटे से शादी करवाना चाहते हैं. मोनालिसा ने कहा, 'मैं अपने भाई से शादी नहीं कर सकती. पिता केरल आए थे लेकिन खुश नहीं हैं.' पुलिस ने दोनों को बालिग मानकर सुरक्षा दी. शादी के बाद मोनालिसा ने कहा कि अब उनकी पहली प्राथमिकता उनका नया परिवार है.